कोच्चि: केंद्र सरकार ने शनिवार को भारतीय तीर्थयात्रियों, विशेष रूप से पेशेवरों के लिए इस साल एक छोटा हज पैकेज शुरू करने की घोषणा की। इसका उद्देश्य सभी ज़रूरी रस्मों को निभाते हुए तीर्थयात्रा की अवधि को कम करना है। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन के दफ्तर की ओर जारी एक बयान में कहा कि यह पहल उन तीर्थयात्रियों के अनुरोध पर शुरू की गई है जो व्यापार और पेशेवर क्षेत्रों में काम करते हैं और जिनके लिए काम से 40 से 45 दिन दूर रहना मुश्किल होता है।
10 हजार तीर्थयात्री करेंगे यात्रा
नई व्यवस्था के तहत तीर्थयात्री सामान्य लंबी अवधि के प्रवास के बजाय करीब 20 दिनों के भीतर हज की रस्में पूरी करके लौट सकेंगे। इस विशेष योजना के तहत लगभग 10,000 तीर्थयात्री यात्रा करेंगे। तीर्थयात्रियों, विशेष रूप से कामकाजी पेशेवरों और व्यापारियों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर जो हज की मुख्य रस्में पूरी होने पर जल्दी लौटने का विकल्प चाहते थे हज 2026 के लिए पहली बार एक छोटा हज पैकेज शुरू किया गया है।
हज की सामान्य अवधि कितने दिनों की?
बयान में कहा गया कि इस श्रेणी के तहत, 10,000 तीर्थयात्री सऊदी अरब (KSA) में लगभग 20 दिनों की कम अवधि के साथ हज करेंगे, जबकि सामान्य हज की अवधि 40-45 दिन होती है। मंत्री के कार्यालय ने बताया कि पहली उड़ान 17 मई को कोच्चि से रवाना होने वाली है, जबकि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद सहित अन्य प्रमुख शहरों से भी उड़ानें निर्धारित हैं।
कब तक चलेगा छोटा हज पैकेट?
छोटा हज पैकेज 17 मई से 5 जून तक चलेगा, जिससे तीर्थयात्री नियमित तीर्थयात्रा कार्यक्रम की तुलना में कम समय सीमा के भीतर अपनी यात्रा पूरी करके लौट सकेंगे। मंत्री के कार्यालय ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य कामकाजी पेशेवरों के लिए तीर्थयात्रा को अधिक सुलभ और प्रबंधनीय बनाना है, साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि सभी धार्मिक दायित्व पूरे हों। कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली उड़ान को कुरियन 17 मई को दोपहर 12.30 बजे हरी झंडी दिखाएंगे।
Latest India News