Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सड़क दुर्घटना में पांच युवकों की मौत हो गई तथा एक अन्य युवक घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि निजी बस और कार के बीच टक्कर हुई है।
NH-30 पर मेटावाड़ा गांव के करीब हुई दुर्घटना
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के NH-30 पर मेटावाड़ा गांव के करीब निजी बस और कार के बीच हुई टक्कर में कार सवार पांच युवकों दिनेश सेठिया, गौतम गाइन, सचिन सेठिया, अभिषेक सेठिया और शाकिब खान की मौत हो गई तथा एक अन्य युवक घायल हो गया। उन्होंने बताया कि प्राप्त सूचना के अनुसार, रायपुर से जगदलपुर शहर की ओर एक निजी बस रवाना हुई थी।
शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया
बस जब तड़के लगभग साढ़े 3 बजे मेटावाड़ा गांव के करीब पहुंची तब उसने एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में 6 युवक सवार थे। इस घटना में कार सवार 4 युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर घटनास्थल के लिए पुलिस टीम रवाना किया गया और शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
रास्ते में एक युवक की मौत
पुलिस ने बताया कि रास्ते में एक युवक की मौत हो गई और एक अन्य युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
एसपी ने दी जानकारी
सिटी एसपी ने कहा कि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने 5 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया। मृतकों की पहचान दिनेश सेठिया, गौतम गाइन (मारकेल), सचिन सेठिया (नगरनार), अभिषेक सेठिया (जगदलपुर), शाकिब खान (छिंदगढ़ जिला सुकमा) निवासी के तौर परकी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस के अनुसार बस में 35 की संख्या में यात्री सवार थे, जिन्हें कोई चोट नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Latest India News