1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 2 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, क्या सोनम वांगचुक करेंगे समर्थन? सामने आया बयान

2 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, क्या सोनम वांगचुक करेंगे समर्थन? सामने आया बयान

सोनम वांगचुक इसके पहले पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के साथ जुड़े हुए थे। वहीं, अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग लेकर वांगचुक ने सीजेपी के साथ का अपना रुख साफ कर दिया है।

Climate activist Sonam Wangchuk- India TV Hindi
Image Source : PTI जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अब कॉकरोच जनता पार्टी बड़ा आंदोलन करने वाली है। ये आंदोलन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देशभर में किया जाएगा। इस आंदोलन को लेकर जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का बड़ा बयान दिया है। वांगचुक ने रविवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के 2 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन का समर्थन किया है। वांगचुक ने कहा कि देश में जवाबदेही और चुनावी प्रक्रिया में सुधार के प्रयासों का समर्थन किया जाना चाहिए। सीजेपी के प्रस्तावित आंदोलन को समर्थन देते हुए वांगचुक ने कहा कि वह प्रदर्शन के दौरान संभवतः व्यक्तिगत रूप से मौजूद नहीं रहेंगे।

जवाबदेही बेहतर करने के लिए मैं हमेशा उनके साथ- वांगचुक

वांगचुक ने कहा, 'समर्थन निश्चित रूप से है। देश में जवाबदेही बेहतर करने के लिए जो भी प्रयास होंगे, मैं हमेशा उनके साथ हूं। मेरे लिए आंदोलनों का समर्थन करने का मकसद यही है कि ये आंदोलन अपने दम पर आगे बढ़ें। अब इस मुद्दे को लेकर कई लोग सामने आ गए हैं। यह देखकर मुझे खुशी है, इसलिए मैं उम्मीद करता हूं कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त से जुड़े इस मुद्दे पर मेरी जरूरत नहीं पड़ेगी।' 

चुनावी प्रक्रिया में सुधार की जरूरत

सोनम वांगचुक ने कहा कि लोकतांत्रिक देश के लिए चुनावी प्रक्रिया सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है। इसमें सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'अगर चुनावी प्रक्रिया ही प्रभावित हो जाए तो लोकतंत्र में फिर क्या बचता है?' 

वांगुचक ने लद्दाख को छठी अनुसूची का उठाया मुद्दा

उन्होंने यह भी कहा कि सरकारों द्वारा किए गए वादे पूरे किए जाने चाहिए। लद्दाख को छठी अनुसूची में शामिल किए जाने के सरकार के वादे का जिक्र करते हुए वांगचुक ने कहा, 'आपने जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया जाना चाहिए। उदाहरण के लिए, लद्दाख को छठी अनुसूची का वादा किया गया था।' 

2 अक्टूबर को CJP का प्रदर्शन

कॉकरोच जनता पार्टी ने निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर चलाए जा रहे अपने अभियान के तहत 2 अक्टूबर को दिल्ली, मुंबई समेत देशभर में विरोध-प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की है। विपक्षी दल भी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। 

(भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

CEC पर आरोप, SIR पर सवाल के बीच चुनाव आयोग की अहम बैठक, लिए गए कई बड़े फैसले, जानें डिटेल्स

Latest India News