केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज यूनियन बजट पेश किया। इस बजट पर कांग्रेस सांसद व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। राहुल गांधी ने मोदी सरकार के बजट पर सवाल खड़े किए हैं।
निवेशक निकाल रहे अपनी पूंजी- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में X पर कहा, 'युवाओं के पास नौकरी नहीं। मैन्युफैक्चरिंग गिर रही है। निवेशक पूंजी निकाल रहे हैं। घरों की बचत तेजी से घट रही है। किसान परेशान हैं। आने वाले ग्लोबल झटके, इन सबको नजरअंदाज किया गया। एक ऐसा बजट जो सुधार करने से इनकार करता है, भारत के असली संकटों से अनजान है।'
मोदी सरकार के पास कोई आइडिया नहीं- खरगे
राहुल गांधी के साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी यूनियन बजट को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के पास अब कोई आइडिया नहीं बचा है। बजट 2026 भारत की कई आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों का एक भी समाधान नहीं देता है।
कोई पॉलिसी विजन नहीं
खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, 'मिशन मोड अब चैलेंज रूट बन गया है। रिफॉर्म एक्सप्रेस शायद ही किसी रिफॉर्म जंक्शन पर रुकती है। नतीजा ये है कि कोई पॉलिसी विजन नहीं है, कोई राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं है। हमारे अन्नदाता किसान अभी भी सार्थक कल्याणकारी सहायता या आय सुरक्षा योजना का इंतजार कर रहे हैं।'
अल्पसंख्यक समुदायों को कोई सहायता नहीं दी गई
उन्होंने ने कहा, 'असमानता ब्रिटिश राज के समय के स्तर को पार कर गई है, लेकिन बजट में इसका जिक्र तक नहीं है और न ही SC, ST, OBC, EWS और अल्पसंख्यक समुदायों को कोई सहायता दी गई है। वित्त आयोग की सिफारिशों का और अध्ययन करना होगा, लेकिन ऐसा नहीं लगता कि वे गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रही राज्य सरकारों को कोई राहत देंगी।'
Latest India News