Cyclone Montha LIVE: चक्रवाती तूफान 'मोन्था' से फसलें हुईं तबाह, कई पेड़ उखड़े, तमाम इलाकों में बिजली गुल
Cyclone Montha LIVE: चक्रवाती तूफान मोन्था को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से फोन पर बात की है। राज्य के कई जिलों में सोमवार से ही बारिश हो रही है।
Cyclone Montha LIVE: चक्रवाती तूफान 'मोन्था' ने आंध्र प्रदेश में दस्तक दे दी है। इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। ओडिशा, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आंध्र प्रदेश में भारतीय सेना और एनडीआरएफ की टीम अलर्ट पर है। ओडिशा, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भी तेज हवाएं चल रही हैं। इन राज्यों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को अलर्ट पर रखा गया है। इस चक्रवाती तूफान से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहे:
Live updates : Cyclone Montha LIVE:
- October 28, 2025 11:45 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
आंध्र प्रदेश में राहत और बचाव कार्य तेज
चक्रवाती तूफान मोन्था के आंध्र प्रदेश तट पर दस्तक देने के करीब पहुंचते ही, राज्य सरकार ने 22 जिलों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, 403 मंडलों के प्रभावित होने की संभावना है, 488 नियंत्रण कक्ष सक्रिय हैं, 76000 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है, और आपातकालीन सहायता प्रदान करने के लिए 219 चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं।
- October 28, 2025 11:14 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
चक्रवात मोन्था के कारण तटीय आंध्र में रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है क्योंकि चक्रवात मोन्था के कारण ऊंची ज्वारीय लहरें और खगोलीय ज्वार से लगभग एक मीटर ऊंची तूफानी लहरें उठ रही हैं, जिससे निचले इलाकों में जलमग्न होने का खतरा है। श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, अनकापल्ले, नेल्लोर, कोनासीमा और काकीनाडा जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। उप्पडा-काकीनाडा समुद्र तट सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है और यातायात के लिए बंद कर दी गई है।
- October 28, 2025 10:31 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
ओडिशा में 123 अग्निशमन टीमें तैनात की गईं
चक्रवात 'मोंथा' के मद्देनजर ओडिशा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी रमेश चंद्र माझी ने बताया कि 123 अग्निशमन टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा, 'टीमें चक्रवात से प्रभावित सड़कों को साफ कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि चक्रवात से कोई जनहानि न हो।'
- October 28, 2025 9:58 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
ओडिशा के सीएम ने की तैयारियों की समीक्षा
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने एसआरसी कंट्रोल रूम में चक्रवात मोन्था के प्रभाव और तैयारी की समीक्षा की।
- October 28, 2025 9:05 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
आंध्र प्रदेश में भारी मात्रा में फसलें हुईं तबाह
आंध्र प्रदेश में चक्रवात मोन्था ने भारी तबाही मचाई। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, 38,000 हेक्टेयर खड़ी फसलें और 1.38 लाख हेक्टेयर बागवानी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। भारी बारिश और तेज हवाओं से राज्य को बड़ा नुकसान हुआ है।
- October 28, 2025 9:03 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
मंगिनापुड़ी बीच पर तेज हवाओं ने मचाई तबाही
साइक्लोन मोन्था ने आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक दे दी है, और इसका पहला निशाना बना है मंगिनापुड़ी बीच। तेज हवाओं ने बीच के किनारे पर पेड़ों को जड़ से उखाड़ फेंका, जिससे सड़कें अवरुद्ध हो गईं। नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की टीमें अपने काम में जुटी हुई हैं।
- October 28, 2025 8:13 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
चक्रवात मोन्था ने काकीनाडा के पास दस्तक दी
आंध्र प्रदेश में मंगलवार रात चक्रवात मोन्था काकीनाडा के पास लैंडफॉल किया। इस दौरान 90-110 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। इलाके में सैकड़ों पेड़ उखड़ गए, बिजली गुल हो गई और तटीय इलाकों में नुकसान हुआ। कई जिलों में भारी बारिश जारी है।
- October 28, 2025 8:00 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
चक्रवात 'मोन्था' का लैंडफॉल शुरू
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि गंभीर चक्रवाती तूफान 'मोंथा' का लैंडफॉल प्रक्रिया आंध्र प्रदेश के तट के पास शुरू हो चुकी है। यह प्रक्रिया अगले 3-4 घंटे तक चलेगी। चक्रवात उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है। दोपहर 4:30 बजे यह बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में केंद्रित था, लगभग 15.8° उत्तरी अक्षांश और 82.4° पूर्वी देशांतर पर। यह मछलीपट्टनम के दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में करीब 50 किमी, काकीनाडा के दक्षिण में 130 किमी और विशाखापट्टनम के दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में 230 किमी दूर था। IMD के अनुसार, चक्रवात मछलीपट्टनम और कलिंगापट्टनम के बीच, काकिनाड़ा के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार करेगा। लैंडफॉल के दौरान हवाओं की रफ्तार 90-100 किमी प्रति घंटा रहेगी, जो 110 किमी प्रति घंटा तक झोंके मार सकती है।
- October 28, 2025 7:56 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
चक्रवात 'मोन्था' के कारण आंध्र के 7 जिलों में वाहनों की आवाजाही पर रोक
आंध्र प्रदेश सरकार ने चक्रवात 'मोंथा' के तट से टकराने से पहले सात तटीय जिलों में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। यह प्रतिबंध 28 अक्टूबर की रात 8:30 बजे से 29 अक्टूबर की सुबह 6:00 बजे तक लागू रहेगा।
प्रभावित जिले हैं:
- कृष्णा
- एलुरु
- पूर्व गोदावरी
- पश्चिम गोदावरी
- काकीनाडा
- डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोणसीमा
- अल्लूरी सीतारामा राजू (कुछ हिस्से)
केवल आपातकालीन सेवाओं (एम्बुलेंस, दमकल, पुलिस आदि) को छूट दी गई है। सरकार ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। भारी बारिश, तेज हवाओं और समुद्री लहरों का खतरा बना हुआ है। पुलिस और जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि राष्ट्रीय राजमार्गों सहित सभी सड़कों पर ट्रैफिक रोका जाए। कोई भी वाहन बिना अनुमति नहीं चल सकता।
- October 28, 2025 7:54 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पोडाम्पेटा गांव में कई संपत्तियां क्षतिग्रस्त
चक्रवात 'मोन्था' के कारण समुद्र में उफान और तेज हवाओं ने पोडाम्पेटा गांव के तट को काट दिया है। इससे गांव के किनारे पर बनी कई संपत्तियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। ANI की रिपोर्ट के अनुसार, ऊंची लहरें और तेज आंधी तटीय इलाकों से लगातार टकरा रही हैं।
- October 28, 2025 7:52 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
आंध्र प्रदेश में बनाए गए हैं 800 से ज्यादा राहत केंद्र
काकीनाडा सांसद उदय श्रीनिवास तांगेल्ला ने ANI से कहा, 'चक्रवात 'मोंथा' मंगलवार रात करीब 12 बजे तट से टकराने वाला है। इसके लिए आंध्र प्रदेश में 800 से ज्यादा राहत केंद्र बनाए गए हैं। गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में पहुंचाया गया है। काकीनाडा जिले में NDRF और SDRF की टीमें तैनात की गई हैं। आपात स्थिति के लिए 1,000 बिजली मिस्त्री और 140 तैराक नावों के साथ तैयार हैं।'
- October 28, 2025 6:53 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
चक्रवात ‘मोन्था’ से पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश होगी: IMD
IMD ने मंगलवार को कहा कि गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोन्था’ के कारण 31 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश होगी। IMD ने एक स्पेशल बुलेटिन में कहा कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य में स्थित मोन्था उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा उसके मंगलवार रात तक आंध्र प्रदेश में काकीनाडा के पास पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने मछुआरों को गुरुवार तक पश्चिम बंगाल तट के आसपास समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने बताया कि इस मौसम तंत्र के कारण मंगलवार से शुक्रवार के बीच दक्षिण बंगाल के उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरुलिया, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। (PTI)
- October 28, 2025 4:00 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
मोन्था के असर के चलते राजस्थान में बारिश
बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान मोन्था के असर से राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश हुई है। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई है, जिसमें बूंदी जिले के नैनवा में मंगलवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में सबसे ज़्यादा 130 मिमी बारिश दर्ज की गई। उदयपुर, कोटा और आसपास के जिलों में आज और भारी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अजमेर, जयपुर, भरतपुर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
- October 28, 2025 3:21 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
6 बजे के आसपास काकीनाडा तट से गुजरेगा मोन्था
बताया जा रहा है कि साइक्लोन मोन्था 6 बजे के आसपास आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट से गुजर सकता है।
- October 28, 2025 2:34 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
जानिए तूफान को लेकर क्या बोले काकीनाडा के सांसद?
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के सांसद उदय श्रीनिवास तंगेला ने कहा, चक्रवाती तूफान से निपटने के लिए हमारी सरकार पूरी तरह तैयार है। पिछले दो दिनों से सीएम और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। सांसद के रूप में मैं जमीन पर हूं और 800 से अधिक राहत केंद्रों की व्यवस्था की है, जहां हम सभी बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
- October 28, 2025 1:10 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
तूफान को लेकर जारी हुए हेल्पलाइन नंबर
चक्रवाती तूफान मोन्था के चलते खुर्दा रोड डिवीजन पर हेल्पलाइन नंबर पर जारी किए गए हैं। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि किसी भी शख्स को तूफान के चलते कोई भी दिक्कत रहती है, तो वह इन नंबरों पर संपर्क कर सकता है।
- भुवनेश्वर- 8114382371
- खुर्दा रोड-9668978727
- ब्रह्मपुर-9668978725
- पलासा-9668978724
- October 28, 2025 12:38 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
ओडिशा के सीएम ने की बैठक
चक्रवात मोन्था को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी की उपस्थिति में बैठक की। सीएम ने तूफान के कहर से बचने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं।
- October 28, 2025 12:05 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
खाली कराया जा रहा पुरी का समुद्री तट
चक्रवात मोन्था के चलते लाइफगार्ड और अग्निशमन विभाग के अधिकारी पुरी के समुद्री तटों से पर्यटकों को दूर रहने की सलाह दे रहे हैं। समुद्री तट पर तेज हवाएं चल रही हैं।
- October 28, 2025 11:25 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
गोपालपुर बंदरगाह में समुद्र से उठ रहीं ऊंची लहरें
ओडिशा के गंजम जिले में चक्रवात मोन्था के प्रभाव से गोपालपुर बंदरगाह में समुद्र की ऊंची लहरें उठ रही हैं। जिला प्रशासन ने लोगों के समुद्र तट पर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
- October 28, 2025 10:43 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
तमिलनाडु के कई जिलों में हो रही बारिश
चक्रवाती तूफान मोन्था को लेकर तमिलनाडु के थूथुकुडी समेत कई जिलों में गरज और बिजली के साथ बारिश हो रही है। - October 28, 2025 10:13 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
खाली कराए जा रहे गांव
आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान मोन्था के मद्देनजर एहतियात के तौर पर अधिकारियों ने कोठापट्टनम गांव को खाली कराए जाने की घोषणा की है। अधिकारियों ने लोगों से अपने घर खाली करने को कहा है। उप्पदा के 25 बस्तियों में एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं।
- October 28, 2025 9:33 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
भारी बारिश से 8 किलोमीटर रोड का हिस्सा क्षतिग्रस्त
आंध्र प्रदेश में चक्रवात मोन्था के आगे बढ़ने से काकीनाडा में समुद्र उफान पर है। काकीनाडा और उप्पदा के बीच जमकर बारिश हो रही है। रोड का लगभग 8 किलोमीटर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। अधिकारियों ने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए काकीनाडा और उप्पदा के बीच रोड को बंद कर दिया है।
- October 28, 2025 9:03 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
चेन्नई के कई इलाकों में सुबह से बारिश
तमिलनाडु में जैसे-जैसे मोन्था चक्रवात आगे बढ़ रहा है। चेन्नई के सभी हिस्सों में बारिश शुरू गो गई है। कूवम नदी उफान पर है।
- October 28, 2025 8:56 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
समुद्री तट को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू
चक्रवाती तूफान मोन्था के आने के बीच पुरी में समुद्री तट को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम लोगों को समुद्र तट से दूर रहने की सलाह दे रही है। मछुआरों को समुद्री तट पर न आने को कहा गया है।
- October 28, 2025 8:09 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकाला जा रहा
ओडिशा सरकार ने आठ दक्षिणी जिलों में खराब मौसम के कारण संवेदनशील स्थानों से लोगों को निकालने की तैयारी शुरू कर दी है, जहां 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है।
- October 28, 2025 7:04 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
तूफान को लेकर स्थानीय अधिकारी अलर्ट पर
चक्रवात मोन्था के आज शाम मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच पहुंचने की आशंका के बीच तटीय शहर में बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। चक्रवाती तूफान को लेकर स्थानीय अधिकारी अलर्ट पर हैं।
- October 28, 2025 6:49 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
केरल के कई जिलों में भारी बारिश, एक नाविक की मौत
केरल के कई जिलों में तेज हवाएं चलने के साथ भारी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया। अधिकारियों ने कहा कि अलप्पुझा जिले में तेज हवाओं के कारण अर्थुनकल तट के पास एक मछुआरे की नाव पलट जाने से मौत भी गई।
- October 28, 2025 6:42 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
सीएम नायडू ने अधिकारियों से लिया जायजा
चक्रवात मोन्था के पूर्वी तट के करीब पहुंचने के बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों से बात की है। सीएम नायडू ने तटीय क्षेत्रों में जान-माल की सुरक्षा और क्षति को कम करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है।
- October 28, 2025 6:40 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
काकीनाडा क्षेत्र के आसपास पहुंचेगा ये चक्रवाती तूफान
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, आईएमडी हैदराबाद के अधिकारी जीएनआरएस श्रीनिवास राव ने कहा, ' चक्रवात तूफान मंगलवार शाम या रात तक मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा क्षेत्र के आसपास आंध्र प्रदेश के तट तक पहुंचने की संभाना है। इस दौरान आंध्र प्रदेश के अधिकांश जिलों में भीषण भारी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी।'
- October 28, 2025 6:37 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
जानिए कहां टकराएगा ये तूफान?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भविष्यवाणी की है कि आज चक्रवात 'मोन्था' एक 'गंभीर' चक्रवात में बदलने की संभावना है। यह मंगलवार शाम तक आंध्र प्रदेश के तटीय तटों से टकराएगा। इस दौरान तटीय इलाकों में तेज हवाएं भी चल रही हैं।
