1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM मोदी के साथ सेल्फी लेकर खुश हो गए साइप्रस के राष्ट्रपति, VIDEO में देखें उनकी खुशी

PM मोदी के साथ सेल्फी लेकर खुश हो गए साइप्रस के राष्ट्रपति, VIDEO में देखें उनकी खुशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस की मुलाकात के दौरान सेल्फी मोमेंट चर्चा में रहा। दोनों देशों ने रिश्तों को ‘स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा दिया और व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा के साथ-साथ आतंकवाद विरोधी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

PM Modi Cyprus President selfie, Narendra Modi latest meeting, Cyprus President Nikos Christodoulide- India TV Hindi
Image Source : PMO साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के बीच शुक्रवार को हुई मुलाकात सिर्फ कूटनीतिक रिश्तों के लिए ही नहीं, बल्कि एक खास सेल्फी के लिए भी चर्चा में रही। क्रिस्टोडौलिडेस ने खुद मोबाइल से मोदी के साथ सेल्फी ली। उस दौरान पीएम मोदी सहज और शांत अंदाज में खड़े रहे। सेल्फी लेने के बाद दोनों नेताओं ने हंसते हुए हाथ मिलाया। इस दौरान साइप्रस के राष्ट्रपति काफी खुश नजर आए। बता दें कि सेल्फी से पहले गर्मजोशी भरे माहौल में भारत और साइप्रस ने अपने संबंधों को ‘स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ तक बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया।

हैदराबाद हाउस में हुई खास मीटिंग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के साथ हैदराबाद हाउस में व्यापक बातचीत की। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी सहयोग, पश्चिम एशिया संकट और यूक्रेन युद्ध समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में साइप्रस से भारत में होने वाला निवेश लगभग दोगुना हो चुका है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच विश्वास लगातार मजबूत हुआ है और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से नई संभावनाएं खुल रही हैं।

दोनों देशों ने कई मुद्दों पर जताई सहमति

पीएम मोदी ने कहा, 'हमारा लक्ष्य अगले 5 वर्षों में इस निवेश को फिर से दोगुना करने का है। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए आज हमने अपने भरोसेमंद रिश्ते को स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया है।' उन्होंने कहा कि भारत और साइप्रस की दोस्ती मजबूत होने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों के हिसाब से भी आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने भी भारत के साथ रिश्तों को नई ऊंचाई देने पर खुशी जताई।

संयुक्त टास्क फोर्स बनाने का हुआ फैसला

क्रिस्टोडौलिडेस ने कहा कि दोनों देशों ने इंफ्रास्ट्रक्चर, शिपिंग और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए एक संयुक्त टास्क फोर्स बनाने का फैसला किया है। बता दें कि राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस बुधवार से भारत के तीन दिवसीय दौरे पर थे और आज उनके दौरे का अखिरी दिन था। उनके इस दौरे को भारत और साइप्रस के रिश्तों में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है। वहीं, पीएम मोदी और क्रिस्टोडौलिडेस के सेल्फी मोमेंट ने यह संदेश दिया है कि आने वाला समय दोनों देशों के लिए गर्मजोशी भरा रहने वाला है।

Latest India News