1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. टीचर मां के ट्रांसफर के लिए मुख्यमंत्री के सामने फूट-फूटकर रोई बेटी, घर के पास ही पोस्टिंग की लगाई गुहार; VIDEO

टीचर मां के ट्रांसफर के लिए मुख्यमंत्री के सामने फूट-फूटकर रोई बेटी, घर के पास ही पोस्टिंग की लगाई गुहार; VIDEO

हिमाचल प्रदेश के चंबा में एक बेटी ने अपनी मां के साथ रहने के लिए सीएम सुक्खू से गुहार लगाई। सीएम से मिलते समय बेटी भावुक भी हो गई और फूट-फूटकर रोने लगी।

Sukhvinder Singh Sukhu- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT टीचर मां के ट्रांसफर के लिए मुख्यमंत्री के सामने फूट-फूटकर रोई बेटी

चंबा: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू चंबा के दौरे पर एक बच्ची से मिले, जिसने रोते हुए अपनी टीचर मां के ट्रांसफर की गुहार उनसे लगाई। बच्ची का ये वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल बच्ची की मां 3 साल से नेरवा में तैनात हैं और परिवार 700 किलोमीटर दूर रहने के लिए मजबूर है। ऐसे में जब बच्ची ने रोते हुए सीएम सुक्खू को अपनी मां की समस्या बताई तो सीएम ने भी उचित मदद का भरोसा दे दिया।

क्या है पूरा मामला?

मां से तीन साल की दूरी का दर्द एक बेटी की आंखों से आंसू बनकर छलक पड़ा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सामने चौथी कक्षा तक मां के साथ रहने वाली वंशिका ठाकुर अपनी मां के तबादले की फरियाद करते हुए रो पड़ी। उसने मुख्यमंत्री से भावुक अपील की कि उसकी मां को घर के नजदीक किसी स्कूल में तैनाती दी जाए, ताकि वह उनके साथ रह सके।

मुख्यमंत्री ने परिवार को जल्द उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। चुराह क्षेत्र की जेबीटी अध्यापिका नारो पिछले करीब तीन वर्षों से शिमला जिले के नेरवा में सेवाएं दे रही हैं। घर से लगभग 700 किलोमीटर दूर तैनाती होने के कारण परिवार को अलग रहना पड़ रहा है। 

वंशिका ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह चौथी कक्षा तक मां के साथ रहती थी, लेकिन अब पांचवीं कक्षा में उसका दाखिला घर के नजदीक स्कूल में करवाना पड़ा है। वह नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा की तैयारी भी कर रही है। 

मां के दूर रहने से उसे कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान चंद्रू स्कूल में शिक्षकों की कमी का मामला भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया। बताया गया कि पिछले वर्ष स्कूल में पांच शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी, लेकिन किसी ने भी ज्वाइन नहीं किया। 

इससे स्कूल में शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। वंशिका की पीड़ा सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने उसे और उसकी मां को भरोसा दिलाया कि अध्यापिका नारो को उनके विधानसभा क्षेत्र में घर के नजदीक किसी स्कूल में तैनात करने के लिए जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री के आश्वासन से परिवार को उम्मीद बंधी है कि तीन वर्षों से चली आ रही दूरी जल्द खत्म होगी।

इससे पहले सीएम सुक्खू तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने बताया था कि हिमाचल में कर्मचारियों और पेंशनर्स को बकाया भुगतान कब करेगी सरकार? (रिपोर्ट- चंबा से सुभाष महाजन)

ये भी पढ़ें-

बीजेपी सांसद का हिमाचल सीएम सुक्खू पर पलटवार, बोले- 'गुरु गुरु होता है, चेला चेला होता है'

Latest India News