1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर ठीक किए गए गड्ढे, फिर से शुरू हुआ यातायात; अधिकारियों के खिलाफ एक्शन

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर ठीक किए गए गड्ढे, फिर से शुरू हुआ यातायात; अधिकारियों के खिलाफ एक्शन

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे हुए गड्ढों को ठीक कर लिया गया है। एनएचएआई ने एक बयान में यह जानकारी दी। एनएचएआई ने मरम्मत के बाद की तस्वीर भी शेयर की। फिलहाल एक्सप्रेसवे को सामान्य यातायात के लिए खोल दिया गया है।

मरम्मत के बाद यातायात के लिए खोला गया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे।- India TV Hindi
Image Source : X/NHAI_OFFICIAL मरम्मत के बाद यातायात के लिए खोला गया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे।

बीते दिनों दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर बड़े-बड़े गड्ढे होने का वीडियो सामने आया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वहीं वीडियो सामने आने के बाद NHAI ने घटना का संज्ञान लिया और अब दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। NHAI ने बयान जारी कर बताया कि जहां पर सड़क धंसी थी, उसी ठीक कर लिया गया है और सड़क को सामान्य ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है। इस घटना के बाद कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है, जबकि कुछ को सस्पेंड कर दिया गया है। 

पानी जमा होने से धंस गई थी सड़क

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक बयान में कहा, "बारिश के बाद दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर एक जगह सड़क धंसने से NH पर यात्रा करने वालों को हुई परेशानी के लिए NHAI खेद जताता है। उस हिस्से को ठीक कर दिया गया है और सामान्य ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है। यह घटना एक जगह पानी जमा होने की वजह से हुई, क्योंकि स्थानीय लोगों के लगातार विरोध के कारण वहां परमानेंट क्रॉस-ड्रेनेज सिस्टम चालू नहीं किया जा सका। लोगों ने बैलेंसिंग कलवर्ट को जोड़ने की अनुमति नहीं दी और इसके बजाय कलवर्ट के रास्ते का इस्तेमाल गाड़ियों के आने-जाने के लिए करने लगे। इससे पानी की निकासी का जो सिस्टम बनाया जाना था, वह चालू नहीं हो सका।"

पानी निकलने के लिए बनाया गया अस्थायी नाला

NHAI ने आगे कहा, "कल की घटना के बाद, NHAI ने तुरंत मरम्मत का काम शुरू किया और बारिश के पानी की सुरक्षित निकासी के लिए एक अस्थायी समानांतर नाला बनाना शुरू कर दिया है, ताकि परमानेंट ड्रेनेज सिस्टम चालू होने तक पानी ठीक से निकल सके। प्रभावित जगह पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि ट्रैफिक सुरक्षित और बिना रुकावट के चलता रहे।" 

अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई

मामले की की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए एनएचएआई ने कहा, "इस घटना को गंभीरता से लेते हुए, संबंधित प्रोजेक्ट डायरेक्टर, अथॉरिटी इंजीनियर और EPC कॉन्ट्रैक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि अथॉरिटी इंजीनियर के टीम लीडर और कॉन्ट्रैक्टर के प्रोजेक्ट मैनेजर को सस्पेंड कर दिया गया है। NHAI मजबूत और भरोसेमंद नेशनल हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर सुनिश्चित करने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।"

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

बता दें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के दो महीने बाद ही इस पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। गड्ढे वाली सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता था कि सड़क के बीचो-बीच कई गड्ढे बने हुए थे। पास से ही तेज स्पीड में वाहन निकल रहे थे। ऐसे में बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ था। फिलहाल NHAI ने यात्रा करने वालों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया है। 

यह भी पढ़ें-

शख्स ने हथियार के साथ बनाई रंगबाजी वाली VIDEO, बाद में देने लगा सफाई; पुलिस ने किया गिरफ्तार

Latest India News