1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Delhi Hit and Run Case: साहिल धनेसरा को SUV से बेटे ने कुचल डाला, अब बाप कह रहा सॉरी, गलती हुई

Delhi Hit and Run Case: साहिल धनेसरा को SUV से बेटे ने कुचल डाला, अब बाप कह रहा सॉरी, गलती हुई

दिल्ली में बीते तीन फरवरी को एक एसयूवी चला रहे नाबालिग ने 23 साल के युवक को कुचल दिया था। अब उस किशोर के पिता ने कहा, यह दुखद दुर्घटना एक "गलती" थी और उनका परिवार इससे "बहुत-बहुत दुखी" है।

दिल्ली हिट एंड रन केस- India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली हिट एंड रन केस

 दिल्ली के द्वारका इलाके में एसयूवी कार चला रहे एक नाबालिग ने 23 वर्षीय बाइकर साहिल को कुचल डाला था, जब वह अपनी बाइक से ऑफिस के लिए निकले थे। कार से बाइकर को कुचलने वाले किशोर के पिता ने अब मीडिया को बताया कि यह दुखद दुर्घटना एक "गलती" थी और हमारा  परिवार बहुत ज्यादा दुखी है। उन्होंने कहा, मैं भी एक पिता हूं। यह एक गलती थी। मैं बहुत-बहुत दुखी हूं। आरोपी नाबालिग जिसने बाइकर को कुचला उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। जानकारी के मुताबिक वह रील बना रहा था और साथ में उसकी बहन भी थी। इसका वीडियो भी सामने आया है। आरोपी को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) के समक्ष पेश किया गया और फिर उसके बाद उसे एक निगरानी गृह भेज दिया गया है।

आरोपी नाबालिग के पिता ने मांगी माफी

पुलिस ने बताया कि कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाओं का हवाला देते हुए उसे अंतरिम जमानत दे दी गई है ताकि वह अपनी परीक्षा दे सके। आरोपी नाबालिग के पिता ने बेटे की वजह से हुई इस दुर्घटना को दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा,  मुझे जब पता चला कि बच्चे की कार से किसी का एक्सीडेंट हो गया है तो मैं डर गया। मुझे  मेरी पत्नी ने फोन कर दुर्घटना के बारे में बताया था। पुलिस स्टेशन में हमें धमकियां दी जा रही थीं। बच्चे से गलती हुई। उससे गलती हुई। यह गलत है।

साहिल की मां का दावा-रीलबाजी ने ले ली बेटे की जान

 

 

23 वर्षीय मृतक साहिल की मां, इन्ना माकन ने दावा किया है कि आरोपी किशोर वीडियो बनाने के लिए अपनी स्कॉर्पियो कार में निकला था, वीडियो में स्कॉर्पियो की रफ्तार साफ दिख रही है। वह विपरीत लेन में गाड़ी चला रहा था और बस के ठीक सामने आकर स्टंट किया। मेरे बेटे ने दाईं ओर देखा कि क्या जगह है, क्योंकि बस के बाईं ओर एक ई-रिक्शा खड़ी थी। स्कॉर्पियो मोटरसाइकिल से टकराई और सड़क किनारे खड़ी कार को भी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक ने ब्रेक नहीं लगाया। यह एक आपराधिक मानसिकता है, कोई ‘गलती’ नहीं। इसे महज़ एक दुर्घटना नहीं कहा जा सकता क्योंकि वे वीडियो के लिए स्टंट करने के इरादे से घर से निकले थे। उनकी रील की वजह से मेरे बच्चे की जान चली गई।

 

 

Latest India News