1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली-NCR, UP, हरियाणा समेत इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, जानिए अगले दो दिन के मौसम का हाल

दिल्ली-NCR, UP, हरियाणा समेत इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, जानिए अगले दो दिन के मौसम का हाल

देश के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। इसके चलते मौसम में खासा बदलाव आया है। तेज हवाओं के साथ आसमान में बादल छाए हुए हैं। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश हुई है। कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हुई है।

देश के कई राज्यों में हुई बारिश- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO PTI देश के कई राज्यों में हुई बारिश

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में गुरुवार को बारिश हुई है। शुक्रवार को भी कई राज्यों में बादल छाए रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों यानी 21 और 22 फरवरी (शुक्रवार और शनिवार) को मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इन क्षेत्रों में मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-NCR में आज भी हो सकती है बूंदाबांदी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह से ही बादल छाए रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शनिवार को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह के समय तापमान में थोड़ी गिरावट रहेगी। इसके चलते थोड़ी ठंड रहेगी।

पश्चिमी यूपी में चलेंगी तेज हवाएं, बारिश के भी आसार

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में अगले दो दिनों तक मौसम मिला-जुला रहने के आसार हैं। पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश और तेज हवाओं (20-30 किमी/घंटा) की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री और अधिकतम 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। तराई क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है।

हिरयाणा के इन जिलों में हल्की बूंदाबांदी के आसार

हरियाणा में मौसम विभाग ने 21 और 22 फरवरी (शुक्रवार और शनिवार) को हल्की बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। हिसार, सिरसा और भिवानी जैसे जिलों में ठंडी हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। तापमान में मामूली गिरावट के साथ न्यूनतम 11 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।

Image Source : File Phot PTIबारिश में भीगती लड़कियां

पंजाब के कई जिलों में बारिश का अनुमान

पंजाब में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। अमृतसर, लुधियाना और बठिंडा जैसे इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है, खासकर ग्रामीण इलाकों में।

मध्य प्रदेश में भी बिगड़ा मौसम

मध्य प्रदेश में मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा, लेकिन उत्तरी हिस्सों जैसे ग्वालियर और चंबल में हल्की बारिश की संभावना है। न्यूनतम तापमान 12-14 डिग्री और अधिकतम 27-29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दक्षिणी मध्य प्रदेश में मौसम साफ और गर्म बना रहेगा।

हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश का दौर

वहीं, पहाड़ी राज्यों यानी हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भी मौसम में खासा बदलाव आया है। हिमाचल और उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश हुई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी देखी गई है।

Latest India News