A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली से झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस को नुकसान पहुंचाने की कोशिश, लोहे के पाइप से हमले में 2 यात्री घायल

दिल्ली से झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस को नुकसान पहुंचाने की कोशिश, लोहे के पाइप से हमले में 2 यात्री घायल

दिल्ली से झांसी के बीच चलने वाली 12280 ताज एक्सप्रेस पर शुक्रवार को लोहे की पाइप से हमला किया गया। इस घटना में 2 यात्री घायल हो गए। पाइप मारने से ट्रेन का इमरजेंसी विंडो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

Delhi to jhanshi taj express attacked- India TV Hindi
Image Source : X (@GYAN_RAJAWAT01) ताज एक्सप्रेस पर लोहे की रॉड से हमला।

दिल्ली से झांसी जा रहे ताज एक्सप्रेस को नुकसान पहुंचाने की खतरनाक कोशिश की गई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 1 मई की तारीख को 12280 ताज एक्सप्रेस पर लोहे की पाइप से हमला किया गया है। इस हमले में ट्रेन का शीशा का टूट गया है और इसमें सवार यात्री घायल भी हो गए हैं। रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ये पूरी घटना 1 मई को सुबह 8:15 बजे की है। आइए जानते हैं कि इस हादसे को लेकर अब तक क्या पता लगा है।

क्या है पूरा मामला?

सामने आई जानकारी के मुताबिक, ये घटना दिल्ली-मथुरा रूट के बीच होडल और कोसीकलां स्टेशन के बीच घटित हुई है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाहर से लोहे की पाइप ताज एक्सप्रेस ट्रेन के कोच नंबर डी 6 में मारी। पाइप मारने से ट्रेन का इमरजेंसी विंडो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कांच के टुकड़े सीटों पर फैल गए। इस हमले में ट्रेन में सवाल 2 यात्री घायल हो गए हैं। इसके बाद दोनों यात्रियों को मथुरा स्टेशन पर रेलवे डॉक्टर ने फर्स्ट एड दिया। फिर दोनों यात्रियों ने आगे की यात्रा की।

अधिकारियों ने किया रूट का दौरा

जानकारी के अनुसार, ताज एक्सप्रेस पर लोहे की पाइप से हमले की घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ, कमर्शियल इंस्पेक्टर, पीडब्लूआई स्टेशन मास्टर ने रूट का दौरा किया है। रेलवे स्टाफ ने यह पता लगाने की कोशिश की कि आखिर इस घटना को किन लोगों ने अंजाम दिया है। इस घटना के कारण ट्रेन में बैठे लोग बुरी तरह से डर गए और उनके बीच अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

सख्त कार्रवाई की जाएगी- अधिकारी

इस पूरी घटना को लेकर उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया है कि मामला संज्ञान में आने के बाद तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई है। रेलवे स्टाफ ने रूट पर जाकर विजिट किया लेकिन यह पता नहीं चल सका कि घटना किन लोगों ने अंजाम दिया है। इस घटना को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने घटना को अंजाम दिया है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की पहली प्राथमिकता है।

ये भी पढ़ें- पुणे स्टेशन के पास डिरेल हुई वंदे भारत ट्रेन, गाड़ी का एक कोच पटरी से उतरा

गलत सिग्नल की वजह से एक ही ट्रैक पर आईं दो ट्रेनें, मची अफरा-तफरी; घटना के बाद स्टेशन मास्टर सस्पेंड

Latest India News