1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. क्या पैसों को लिए भारत आए थे अदनान सामी? 'आप की अदालत' में दिया ये जवाब

क्या पैसों को लिए भारत आए थे अदनान सामी? 'आप की अदालत' में दिया ये जवाब

रजत शर्मा ने जब पूछा कि उनपर ये इल्जाम है कि वे पैसा कमाने के लिए भारत आए हैं। इस पर उन्होंने कहा कि ऊपर वाले की कृपा से हमारी फैमिली के पास इतने पैसे रहे कि मुझे पैसे की लालच कभी पैदा नहीं हुई।

आप की अदालत में अदनान सामी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आप की अदालत में अदनान सामी

Aap Ki Adalat : जाने माने सिंगर अदनान सामी ने आप की अदालत में रजत शर्मा के सवालों का खुलकर जवाब दिया। रजत शर्मा ने जब पूछा कि उनपर ये इल्जाम है कि वे पैसा कमाने के लिए भारत आए हैं। इस पर उन्होंने कहा कि ऊपर वाले की कृपा से हमारी फैमिली के पास इतने पैसे रहे कि मुझे पैसे की लालच कभी पैदा नहीं हुई। मैंने पैसे की वजह से जिंदगी में कभी कोई फैसला नहीं लिया।

लंदन से कैसे पहुंचे मुंबई?

उन्होंने कहा कि एक आर्टिस्ट की खुराक ऑडियंस होती है। जो गाने मैंने 1998 में पाकिस्तान में रिलीज किए वो वहां नहीं चल सके लेकिन वही गाने जब भारत में रिलीज हुए तो पूरी दुनिया में मशहूर हो गए। उन्होंने भारत में आने की पूरी घटना बताई और कहा कि जब मेरे गाने पाकिस्तान में नहीं चले तो फिर मैंने आशा भोंसले जी से बात की और उनसे कहा कि मैं उनके साथ लंदन में गाना रिकॉर्ड करना चाहता हूं। इस पर उन्होंने कहा कि मुंबई आओ ये हिंदी म्यूजिक का कैपिटल है। फिर मैं बोरिया बिस्तर उठाकर मुंबई आ गया। आरडी बर्मन जी के घर में मुझे ठहराया। वो गाने जो वहां नहीं चले और मुंबई में रिलीज हुए तो फिर वह इतिहास बन गया। मैंने कभी नहीं सोचा था कि लोगों का इतना प्यार मिलेगा।

पासपोर्ट रिन्यू को लेकर सामी के पास क्यों नहीं आया जवाब?

अदनान सामी ने आप की अदालत में कहा, 'मेरा इंडियन वीजा रिन्यू होना था और उसके पहले मेरा पाकिस्तानी पासपोर्ट रिन्यू होना था। मैंने पासपोर्ट को रिन्यू करने के लिए रिक्वेस्ट भेजी लेकिन कोई जवाब नहीं आया। जब मैंने पाकिस्तान में इस बारे में बात की तो पता चला कि ये (पाकिस्तान की इस्टैब्लिशमेंट) मेरा पासपोर्ट रिन्यू नहीं करने वाले। पाकिस्तान से कुछ लोगों ने बताया कि वे चाहते हैं कि मुझे वीजा भी न मिले और मुझे पाकिस्तान वापस जाना पड़े।' सामी ने कहा कि पाकिस्तान में उनके शुभचिंतकों ने कहा कि पाकिस्तान वापसी के बाद उनके साथ क्या होगा उन्हें नहीं पता, और यह काफी डराने वाली बात थी।

मां के जनाजे में शामिल होने की नहीं मिली इजाजत

इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान की सरकार की तरफ से किए जानेवाले बर्ताव को लेकर भी कई चौंकानेवाला खुलासा किया। अदनान सामी ने बताया कि हाल ही में कुछ महीने पहले उनकी मां का इंतकाल हो गया। अदनान उनके जनाजे में शामिल होने के लिए जाना चाहते थे। अदनान ने कहा- मैंने भारत स्थित अधिकारियों से बात की तो उन्होंने कहा कि कोई दिक्कत नहीं है आप जरूर जाएं। लेकिन जब पाकिस्तान से वीजा के लिए पूछा तो मुझे मना कर दिया गया। मेरी मां मरी थी लेकिन मैं जनाजे में नहीं जा सका। पूरा जनाजा मैंने व्हाट्सएप पर देखा।

 

 

 

Latest India News