1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Earthquake: कर्नाटक के विजयपुर और बागलकोट जिले में भूकंप, दहशत में आए लोगों से संयम की अपील

Earthquake: कर्नाटक के विजयपुर और बागलकोट जिले में भूकंप, दहशत में आए लोगों से संयम की अपील

Earthquake: कर्नाटक में आए भूकंप की तीव्रता 4.6 मापी गई। विजयपुरा क्षेत्र में भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर नीचे था।

Earthquake- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO Earthquake

Earthquake: कर्नाटक के विजयपुर और बागलकोट जिलों में शनिवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। विजयपुर, नागथाना, अलीयाबाद, घोंसागी, कल्लाकवतागी, सोमदेवराहट्टी, इंडी और बसवाना बागवाड़ी में सुबह 6.21 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता 4.6 मापी गई। विजयपुरा क्षेत्र में भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर नीचे था। विजयपुर जिला आयुक्त विजयमहंतेश दानमनावर ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। अधिकारी घटना के बारे में जानकारी एकत्र कर रहे थे। इस बीच बागलकोट में, जामखंडी शहर और आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिला प्राधिकरण राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र और कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच बातचीत जारी है।

इससे पहले 6 जुलाई को अंडमान-निकोबार में लगातार दूसरे दिन भूकंप (Earthquake) के झटके महसूस किए गए थे। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (National Center for Seismology) के मुताबिक सुबह 5 बजकर 56 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 मापी गई थी। इससे पहले जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सोमवार को 3.2 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

पड़ोसी देशों में भी इस माह की शुरुआत से आए भूकंप

जुलाई माह में ही पड़ोसी देश म्यांमार में भी भूकंप आया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.0 से दर्ज की गई थी। उधर, चीन के शिनजियांग में भी 5.2 तीव्रता का भूकंप आया। इसी तरह ईरान में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.1 थी। भूकंप की वजह से 3 लोगों की मौत और 8 लोग घायल हो गए थे।

अफगानिस्तान में भी हाल ही में आया भूकंप

अफगानिस्तान में भी हाल ही में भूकंप के झटके महसूस किए थे। इस भूकंप की वजह से एक हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और 1500 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। ये भूकंप इतना तेज था कि इसे भारत और पाकिस्तान में भी महसूस किया गया था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.1 थी। 

Latest India News