1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भूकंप के झटकों से कांपी धरती, सिर्फ 5 KM रही गहराई, घरों से बाहर निकले लोग, CCTV में कैद हुआ कंपन का मंजर-VIDEO

भूकंप के झटकों से कांपी धरती, सिर्फ 5 KM रही गहराई, घरों से बाहर निकले लोग, CCTV में कैद हुआ कंपन का मंजर-VIDEO

Earthquake Today: भूकंप के डर से लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के झटके काफी देर तक महसूस किए गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

भूकंप के लगे झटके- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT भूकंप के लगे झटके

ओडिशा के कोरापुट जिले में शनिवार देर रात आए भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रात करीब 11:30 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जयपुर के पास स्थित था। इसकी गहराई जमीन से लगभग 5 किलोमीटर थी। कम गहराई होने के कारण झटके ज्यादा स्पष्ट रूप से महसूस किए गए।

घरों से बाहर निकले लोग

इस बीच, भूकंप से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झटकों का असर साफ देखा जा सकता है। वीडियो में कुछ सेकंड के लिए सीसीटीवी कैमरा हिलता हुआ नजर आता है। जैसे ही कंपन महसूस होता है, लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकलते दिखते हैं।

ओडिशा के इन जिलों में आया भूकंप

भूकंप के झटके कोरापुट, जयपुर, लमटापुट, सुनाबेडा, बोरिगुमा, सेमिलिगुडा, नंदपुर, पोट्टांगी और दामनजोड़ी समेत कई इलाकों में महसूस किए गए। झटके कुछ ही सेकंड तक रहे, लेकिन अचानक आए इस कंपन से लोग सहम गए और एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।

किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं

कम गहराई वाले भूकंप सतह के ज्यादा करीब होते हैं, इसलिए इनके झटके अधिक महसूस होते हैं, भले ही उनकी तीव्रता मध्यम ही क्यों न हो। हालांकि, इस भूकंप से किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह भूकंप हल्की श्रेणी का था और इससे आमतौर पर केवल हल्का कंपन ही महसूस होता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी भी नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

Latest India News