वोट चोरी और SIR समेत तमाम मुद्दों पर चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया जवाब, जानें क्या-क्या कहा
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर लगातार गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी के आरोपों का जवाब दिया गया। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ने सात दिन के अंदर उनसे सबूत मांगे हैं।

EC Press Conference: चुनाव में धांधली और मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों के बीच चुनाव आयोग रविवार (17 अगस्त) को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ने राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य नेताओं के आरोपों के जवाब दिए। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, इलेक्शन कमिश्नर डॉक्टर विवेक जोशी, इलेक्शन कमिश्नर सुखबीर सिंह संधु, डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर संजय कुमार, डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर मंगेश गर्ग, डायरेक्ट जनरल आशीष गोयल और डिप्टी डायरेक्टर जनरल विजय कुमार पांडे शामिल थे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राहुल गांधी को सात दिन का समय देते हुए आरोपों पर सबूत मांगे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 7 दिन के अंदर हलफनामा दें या देश से माफी मांगें। ऐसा नहीं करने पर उनके सभी आरोपों को निराधार माना जाएगा।
Live updates : Election Commission Press Conference
-
August 17, 2025 4:36 PM (IST) Posted by Shakti Singh
हलफनामा देने की बात गलत
अखिलेश यादव और बीजेडी की तरफ से कहा गया कि उन्होंने हलफनामा देकर शिकायत की थी, लेकिन उनकी शिकायत का समाधान नहीं हुआ। इस पर चुनाव आयुक्त ने कहा कि चुनाव हारने के बाद पत्र लिखकर मतदाता सूची पर सवाल उठाना उचित नहीं है। हलफनामा देने की बात गलत है। इस मामले में जवाब जिला स्तर पर विचाराधीन है। समय से पहले इस पर बात करना त्रुटिपूर्ण हो सकता है और नियमों के खिलाफ भी होगा।
-
August 17, 2025 4:25 PM (IST) Posted by Shakti Singh
संगीन आरोपों के लिए हलफनामा दें राहुल गांधी
चुनाव आयोग की तरफ से कहा गया कि राहुल गांधी सात दिन के अंदर हलफनामा दें या देश से माफी मांगें। ऐसा नहीं करने पर उनके सभी आरोपों को निराधार माना जाएगा।
-
August 17, 2025 4:12 PM (IST) Posted by Shakti Singh
राजनीतिक दल गलतियां बताएं, हम सुधारेंगे- चुनाव आयुक्त
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि एक सितंबर तक सभी राजनीतिक दल मतदाता सूची में गलतियां बताएं। इसमें सुधार किया जाएगा। अभी भी सभी राजनीतिक दलों के पास 15 दिन का समय है, जिसमें वह मतदाता सूची में सुधार करने में अपना योगदान दे सकते हैं। 1 सितंबर के बाद इसमें बदलाव नहीं किया जाएगा।
-
August 17, 2025 4:03 PM (IST) Posted by Shakti Singh
राहुल गांधी से क्यों मांगा शपथ पत्र?
राहुल गांधी से शपथ पत्र मांगे जाने के सवाल पर चुनाव आयुक्त ने कहा कि नियम के अनुसार अगर कोई व्यक्ति जो उस विधानसभा या लोकसभा क्षेत्र का मतदाता नहीं है, उसे तय अवधि (45 दिन) के बाद शिकायत करनी है तो उसे संबंधित अधिकारी के साथ शपथ पत्र देना होता है।
-
August 17, 2025 3:55 PM (IST) Posted by Shakti Singh
SIR में हड़बड़ी क्यों?
बिहार चुनाव से पहले हड़बड़ी में SIR कराने के सवाल पर चुनाव आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में सुधार की जरूरत चुनाव से पहले होती है, न की चुनाव के बाद। ऐसा वह नहीं कह रहे हैं। ऐसा राजनीतिक दलों के नेता कह रहे हैं। बिहार में बाढ़ जैसी चुनौतियों के बावजूद सभी लोगों के फॉर्म वापस आ चुके हैं।
-
August 17, 2025 3:49 PM (IST) Posted by Shakti Singh
मशीन रीडेबल सूची क्यों नहीं जारी की?
मशीन रीडेबल सूची न अपलोड किए जाने के सवाल पर चुनाव आयुक्त ने कहा कि 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने यह स्वीकार किया था कि मशीन रीडेबल लिस्ट से मतदाता की निजता का हनन होता है। इसी वजह से इसे हटाया गया है और 2019 से ही ऐसा चला आ रहा है।
-
August 17, 2025 3:43 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पश्चिम बंगाल में कब होगा SIR?
पश्चिम बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर सवाल पूछे जाने पर चुनाव आयुक्त ने कहा कि चुनाव आयोग के तीनों कमिश्नर मिलकर यह तय करेंगे कि पश्चिम बंगाल या अन्य राज्यों में SIR कब होना है।
-
August 17, 2025 3:34 PM (IST) Posted by Shakti Singh
चुनाव आयोग सभी मतदाताओं के साथ निडरता से खड़ा है
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि भले ही चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, लेकिन चुनाव आयोग देश के हर मतदाता के साथ खड़ा है। चुनाव की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है। इसमें चोरी की गुंजाइश नहीं है। मतदान खत्म होने के 45 दिन तक किसी पार्टी ने आपत्ति नहीं जताई, लेकिन अब ऐसे निराधार आरोपों का मकसद देश की जनता समझती है।
-
August 17, 2025 3:27 PM (IST) Posted by Shakti Singh
1.6 लाख बीएलओ ने तैयारी की सूची, चोरी कैसे संभव
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बिहार में एसआईआर की शुरुआत हो चुकी है। 1.6 लाख बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) ने एक मसौदा सूची तैयार की है। चूंकि यह मसौदा सूची हर बूथ पर तैयार की जा रही थी, इसलिए सभी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों ने अपने हस्ताक्षरों से इसे सत्यापित किया। मतदाताओं ने कुल 28,370 दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की हैं। जब इतने सारे लोग किसी प्रक्रिया में शामिल हैं तो वोट की चोरी कैसे संभव है।
-
August 17, 2025 3:21 PM (IST) Posted by Shakti Singh
SIR के नाम पर भ्रम फैला रहे
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि एसआईआर के नाम पर भ्रम फैलाया जा रहा है। जिस मतदाता सूची को सभी राजनीतिक दल के बीएलओ सत्यापित करते हैं, उसी सूची में राष्ट्रीय स्तर के नेता सवाल उठाते हैं। शायद स्थानीय बीएलओ की बातें शीर्ष नेताओं तक नहीं पहुंच रही हैं। ऐसे में वोट चोरी जैसे शब्दों का प्रयोग कर संविधान का अपमान किया जा रहा है। मतदाताओं की निजता का हनन किया जा रहा है।
-
August 17, 2025 3:17 PM (IST) Posted by Shakti Singh
मतदाता सूची में सुधार के लिए 15 दिन का समय
चुनाव आयुक्त ने कहा कि बिहार की प्रारूप मतदाता सूची में सुधार के लिए सभी अपना योगदान दे रहे हैं। जुलाई में 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं ने भी मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है। प्रारूप मतदाता सूची में सुधार के लिए अभी भी 15 दिन का समय बचा है। ऐसे में सभी लोगों से इसमें सुधार में योगदान देने की अपेक्षा है।
-
August 17, 2025 3:13 PM (IST) Posted by Shakti Singh
चुनाव आयोग के लिए सभी समान
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि 18 साल की उम्र पूरी करने वाले हर व्यक्ति को मतदाता सूची का हिस्सा जरूर बनना चाहिए और मतदान जरूर करना चाहिए। चुनाव आयोग के लिए कोई पक्ष या विपक्ष नहीं है, उसके लिए सभी समकक्ष हैं। पिछले दो दशकों से सभी राजनीतिक दलों ने मतदाता सूची में सुधार की मांग की है। इसी वजह से एसआईआर की प्रक्रिया शुरू की गई है।
-
August 17, 2025 3:10 PM (IST) Posted by Shakti Singh
चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू
चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हो चुकी है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग के सात अधिकारी शामिल हैं।
-
August 17, 2025 3:08 PM (IST) Posted by Shakti Singh
वोटर लिस्ट के हर चरण में राजनीतिक दल शामिल
चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि राजनीतिक दल मतदाता सूची बनाने के हर चरण में शामिल हैं।
-
August 17, 2025 2:53 PM (IST) Posted by Shakti Singh
राहुल गांधी ने लगाए हैं गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। राहुल के अनुसार बीजेपी नेताओं के कहने पर चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में गड़बड़ी की। फर्जी वोटर बनाए गए, जिनका मत बीजेपी को गया और इस आधार पर बीजेपी ने चुनाव जीते हैं। विपक्ष के नेताओं ने लोकसभा चुनाव 2024 के अलावा कई विधानसभा चुनावों में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं।
-
August 17, 2025 2:47 PM (IST) Posted by Shakti Singh
दोपहर तीन बजे शुरू होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर तीन बजे शुरू होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्ष के आरोपों पर चुनाव आयोग के अधिकारी जबाव देंगे।