आतंकवाद के खिलाफ भारत का पक्ष दुनिया के सामने रखने के बाद वतन लौटे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करने वाले बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने इंडिया टीवी पर एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि पाकिस्तान एक ऐसा देश है, जहां जनरल और टेररिस्ट में कोई फर्क ही नहीं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पक्ष में कोई खाड़ी देश नहीं आया।
इस कदम को पूरी दुनिया ने सराहा
उन्होंने कहा, "भारत के प्रधानमंत्री पर बहुत गर्व हुआ। आज तक इस तरह का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल किसी राष्ट्रीय मुद्दे पर विदेश गया क्या? इस तरह से हर पार्टी के लोग गए, पूरी दुनिया ने इसे सराहा, वे विविधता देखकर अवाक हो जाते थे। मैं बहुत कृतज्ञ हूं कि उन्होंने मुझे यूरोप भेजा।"
कल सभी की बात सुन रहे थे पीएम
बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने कहा, "प्रधानमंत्री आवास पर कल सभी दलों के लोग आए थे। मुझे भारत के लोकतंत्र और प्रधानमंत्री की सोच दोनों पर विश्वास हुआ। वहां शशि थरूर भी थे, मनीष तिवारी भी थे, सुप्रिया सुले भी थीं, सभी अपने-अपने अनुभव को साझा कर रहे थे। वे प्रधानमंत्री को बता रहे थे कि हमने पाकिस्तान को कैसे बेनकाब किया, कैसे प्रस्तुत किया और बताया कि भारत सख्त कार्रवाई कर सकता है। भारत के लोकतंत्र की मजबूती को उन्होंने वहां बताई। पीएम उनकी बात सुन रहे थे और उन्होंने भी अपनी बात कही"
"हम कहां पहुंच गए, वो कटोरा लेकर घूम रहे"
विदेश नीति को लेकर बोलते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा, "इस बार किसी खाड़ी देश ने कोई भी टिप्पणी पाकिस्तान के पक्ष में नहीं की। पीएम आवास पर कल जो लोग गए थे वो बता रहे थे कि कुरान को लेकर किस तरह से ऑनलाइन कैंपेन चलता है, वो बंद कर दिया गया है। कई देशों ने कहा है कि अब जो कुरान का ऑफिशियल वर्जन होगा वही वे लोग ऑनलाइन डालेंगे और वही पढ़ा जाएगा, जो ट्रू इस्लाम की कहानी है। पाकिस्तान एक ऐसा देश है, जहां जनरल और टेररिस्ट में कोई फर्क ही नहीं है। बहुत लोग भूल गए हैं कि भारत और पाकिस्तान दोनों देश एक ही दिन अस्तित्व में आया। हम कहां पहुंच गए और वो कटोरा लेकर घूम रहे हैं।"
Latest India News