गुरुग्राम के सेक्टर 17ए में 26 वर्षीय एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर अपने किराए के कमरे में फंदे पर लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार युवक आईआईटी इंदौर का पूर्व छात्र था और शहर में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करता था। एक महीने पहले ही उनकी सगाई हुई थी। पुलिस ने कहा कि घटना की जानकारी युवक के मकान मालिक ने दी। उन्होंने बताया कि मकान मालिक ने मंगलवार दोपहर उसके कमरे में कोई हलचल नहीं होने पर उसने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचित किया। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शवगृह भेज दिया।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने लगाई फांसी
पुलिस के अनुसार गुरुग्राम के जटौली गांव का निवासी मोहित चौहान 2017 में आईआईटी-इंदौर से पास आउट हुआ था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि चौहान की 26 जून को सगाई हुई थी और उनकी मंगेतर इंटेलिजेंस ब्यूरो में कार्यरत हैं। सेक्टर 18 थाने के थाना प्रभारी (एसएचओ) निरीक्षक सज्जन सिंह ने बताया, "युवक सेक्टर 17ए में किराए के कमरे में रहता था। मंगलवार दोपहर जब उसके कमरे में कोई हलचल नहीं हुई तो मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।" उन्होंने बताया, "जब पुलिस पहुंची तो मोहित चादर का फंदा बनाकर पंखे से लटका हुआ था। उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला और उसके परिवार को सूचित कर दिया गया है।"
महाराष्ट्र में नाबालिग छात्र ने की आत्महत्या
वहीं एक दूसरे मामले में महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे 16 वर्षीय एक किशोर ने परिवार द्वारा कथित तौर पर मोबाइल फोन नहीं दिलाए जाने से क्षुब्ध होकर एक पहाड़ी से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को दो व्यक्तियों ने साजापुर क्षेत्र में पहाड़ी के नीचे चट्टानी सतह पर अथर्व तायडे का बेजान शरीर पड़ा हुआ देखा। वे तायडे को अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि तायडे ने परिवार द्वारा मोबाइल फोन खरीदने से मना करने के बाद आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि तायडे मूल रूप से बुलढाणा जिले के जलगांव जामोद का रहने वाला था और साजापुर इलाके में रह रहा था। पुलिस ने दुर्घटनावश हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
(इनपुट-भाषा)
Latest India News