1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली से ऑस्ट्रेलिया जा रहे 4 गुजरातियों को ईरान में किया गया किडनैप, मांगी गई करोड़ों की फिरौती

दिल्ली से ऑस्ट्रेलिया जा रहे 4 गुजरातियों को ईरान में किया गया किडनैप, मांगी गई करोड़ों की फिरौती

गुजरात से दिल्ली होकर ऑस्ट्रेलिया जा रहे 4 गुजरातियों को ईरान में किडनैप कर लिया गया है। इसके एवज में करोड़ों रुपए की फिरौती मांगी गई है। किडनैप किए गए लोगों को काफी यातनाएं दी गई हैं।

Gujaratis- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT 4 गुजरातियों को ईरान में किडनैप किया गया

नई दिल्ली: गुजरात से दिल्ली होकर ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए निकले 4 गुजरातियों के अपहरण की घटना सामने आई है। एक महिला समेत तीन पुरुषों को ईरान के तेहरान में बंधक बनाकर रखा गया है। अपहरणकर्ताओं ने ऑस्ट्रेलिया भेजने वाले एजेंट और फैमिली को टॉर्चर का वीडियो भेजकर करोड़ों रुपये की फिरौती की मांग की है। 

बीजेपी विधायक ने अमित शाह से मांगी मदद

घटना के खुलासे के बाद मानसा के पास स्थित बापुपुरा गांव के सरपंच  प्रकाश भाई चौधरी ने मदद की गुहार लगाई है। स्थानीय बीजेपी के विधायक जंयति पटेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मदद मांगी है। विधायक ने अपने पत्र में घटना का उल्लेख करते हुए लिखा है कि महिला समेत मानसा के निवासी तीन पुरुष बापुपुरा गांव के निवासी हैं। दिल्ली से चारों एमिरेट्स की फ्लाइट से रवाना हुए थे। गौरतलब हो कि मानसा केंद्रीय गृह मंत्री का अपना गृह क्षेत्र है।

गुजरात की रिपोर्ट के अनुसार, मानसा के बापूपुरा और बड़पुरा गांवों के इन चार गुजरातियों को पहले दिल्ली ले जाया गया और वहां से उन्हें बैंकॉक और दुबई ले जाया गया और फिर तेहरान भेज दिया गया। ईरान पहुंचने के बाद उन्हें एक टैक्सी में बिठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। 

इसके बाद उन्हें बंधक बना लिया गया। बंधक बनाए गए इन गुजरातियों को ईरान में भीषण यातनाएं दी गईं।  मिली जानकारी के अनुसार, कथित वीडियो क्लिप भी मिले हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि दो युवकों को नंगा करके पीट-पीटकर मारा जा रहा है। ये वीडियो क्लिप इतनी भयावह हैं कि इन्हें दिखाया नहीं जा सकता।

इस घटना के सामने आने के बाद अपहरण किए गए लोगों के परिजनों में डर का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वह अपहरण किए गए लोगों की सलामती की दुआ कर रहे हैं। अब देखना ये होगा कि भारत इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Latest India News