A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर लगीं लंबी कतारें, सरकार ने कहा- 'तेल की कोई कमी नहीं'

अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर लगीं लंबी कतारें, सरकार ने कहा- 'तेल की कोई कमी नहीं'

देश के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह से पंपों पर लंबी कतारें लग गईं हैं। सरकार ने स्पष्ट किया कि ईंधन और LPG की कोई कमी नहीं है। नोएडा और हैदराबाद सहित कई शहरों में लोग पैनिक में खरीदारी कर रहे हैं।

petrol shortage rumor, petrol shortage rumor India, fuel panic buying India, LPG shortage news- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV देश के कई शहरों में अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर कतारें देखने के मिलीं।

नई दिल्ली: देश के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह फैलते ही पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। कई इलाकों में तो लोग सुबह 5 बजे से ही लाइन लगाकर खड़े हो गए थे। और कई जगह बाइक-कार वाले डिब्बे-बोतल लेकर पेट्रोल पंप की तरफ दौड़ पड़े हैं। अफवाह इतनी तेजी से फैली कि कुछ पंपों पर स्टॉक खत्म होने का बोर्ड लग गया। हालांकि सरकार और विभिन्न शहरों के प्रशासन ने साफ कहा है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है।

'सप्लाई सामान्य होने के बावजूद लोग पैनिक में'

ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच मिडिल ईस्ट की जंग के चलते भारत में पहले से ही LPG गैस की किल्लत चल रही थी। अब उसी का असर पेट्रोल-डीजल पर पड़ने की अफवाह ने लोगों में पैनिक बढ़ा दिया। नागपुर में दूसरे दिन भी सैकड़ों लोगों की लाइन लगी और कुछ पंपों पर 'नो स्टॉक' का बोर्ड लग गया। पंप संचालक बताते हैं कि अफवाह फैली है कि पंप बंद होने वाले हैं, इसलिए लोग पैनिक में पहुंच रहे हैं। हैदराबाद में भी हालात ऐसे ही हैं। इतनी भीड़ उमड़ी कि कई पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया। सुबह से सप्लाई सामान्य होने के बावजूद लोग नहीं मान रहे।

प्रशासन ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की

मध्य प्रदेश के उज्जैन में मंगलवार रात को ही लंबी कतारें लग गईं। तेल की किल्लत की अफवाह से पैनिक मच गया। डिमांड इतनी बढ़ी कि एक दर्जन पंप बंद करने पड़े और पुलिस को तैनात करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि जिले में तेल की कोई कमी नहीं है। इंदौर, देवास, मंदसौर, बुरहानपुर और झाबुआ में भी यही मंजर देखा गया। बुरहानपुर में देर रात बाइक सवारों की भीड़ जुट गई। पंप संचालक समझाते रहे कि पेट्रोल पर्याप्त है, लेकिन लोग नहीं माने। जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि बुरहानपुर में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और अफवाहों पर ध्यान न दें।

LPG गैस को लेकर भी मची है अफरा-तफरी

अयोध्या, आगरा, उदयपुर, वडोदरा और अन्य शहरों में भी पेट्रोल पंपों पर घमासान मचा हुआ है, और इनमें से कुछ जगहों पर रातभर लाइनें लगी रहीं। इसी बीच LPG गैस को लेकर भी अफरा-तफरी है। नोएडा से लेकर चंडीगढ़ तक गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं। कई लोग सारा काम छोड़कर एजेंसियों के बाहर रात गुजार रहे हैं। नोएडा के लोगों का कहना है कि कई दिनों से लाइन में लग रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा। सरकार ने यहां भी साफ किया है कि LPG का कोई संकट नहीं है और लोग किसी भी तरह की अफवाह में न फंसें।

Latest India News