1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हरिद्वार: पश्चिमी यूपी के एक मुस्लिम परिवार के 5 सदस्यों ने किया धर्म परिवर्तन, गंगा के किनारे बने हिंदू

हरिद्वार: पश्चिमी यूपी के एक मुस्लिम परिवार के 5 सदस्यों ने किया धर्म परिवर्तन, गंगा के किनारे बने हिंदू

हरिद्वार में पश्चिमी यूपी के मुस्लिम परिवार के 5 सदस्यों ने धर्म परिवर्तन कर लिया और हिंदू धर्म अपना लिया। इसका वीडियो भी सामने आया है।

Haridwar- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पति-पत्नी और 3 बच्चे, मुस्लिम से हिंदू बने

हरिद्वार: पश्चिमी यूपी के एक मुस्लिम परिवार ने हरिद्वार में धर्म परिवर्तन कर हिंदू धर्म अपना लिया। धार्मिक संगठनों और साधु-संतों की मौजूदगी में हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर गंगा स्नान और शुद्धिकरण कर पति-पत्नी और तीन बच्चों को मुस्लिम से हिंदू बनाया गया। 

धर्म परिवर्तन करने वाले शहजाद ने अब अपना नाम बदलकर शंकर रख लिया है। वहीं उसकी पत्नी का नाम भी सावित्री हो गया है। अखिल भारतीय संत आश्रम परिषद के महामंत्री रामविशाल दास महाराज, श्री कृष्ण सनातन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण कृष्ण, अखाड़ा परिषद के पूर्व प्रवक्ता बाबा हठयोगी और प्रबोधानंद गिरी महाराज ने विधि विधान के बाद पूरे परिवार को हवन यज्ञ भी कराया। 

शंकर ने हिंदू धर्म और भगवान शिव में आस्था जताई और हिंदू धर्म स्वीकार करने के बाद घर वापसी करने का दावा किया। धर्म परिवर्तन करने वाले शंकर के मुताबिक उसे अपने ही कुछ लोगों से जान का खतरा भी है।

बाबा हठयोगी, संत दिगंबर अखाड़ा का सामने आया बयान

बाबा हठयोगी, संत दिगंबर अखाड़ा ने बताया कि विधि-विधान से उनको गंगा के तट पर लाया गया और वैदिक परंपरा के आधार पर उनको स्नान करवाया गया। पहले उनका नाम शहजाद था, अब वो शंकर बन गए हैं। यज्ञ, हवन और पूजन भी किया जाएगा और पूरी वैदिक परंपरा के हिसाब से वह हिंदू धर्म में शामिल हो जाएंगे। उन्हें सनातन धर्म की पूरी जानकारी दी जाएगी। आज से ही वो अपना मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू बन गए हैं। उनके पूर्वज हिंदू ही थे लेकिन बाद में वह मुस्लिम बन गए थे। आज फिर उन्होंने घर वापसी की है। 

बता दें कि धर्म परिवर्तन वह प्रक्रिया है, जिसमें कोई व्यक्ति अपने धर्म को छोड़कर दूसरे धर्म में शामिल होता है और अपना नाम भी बदलता है। पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि एक ही परिवार के 5 सदस्यों का मुस्लिम से हिंदू बनना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। (रिपोर्ट- सुनील पांडे)

Latest India News