देश के अधिकतर राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 46 डिग्री के पार तक पहुंच रहा है। दिन के समय तेज धूप के चलते लोगों को बाहर निकलने में दिक्कत हो रही है। उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई हिस्सों में बिजली चमकने के साथ ही तेज बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो सोमवार को गर्मी से थोड़ी राहत देखने को मिली है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को आमतौर पर बादल छाए रहे क्षेत्र के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान मौसम के सामान्य से नीचे रहा।
दिल्ली के लिए जारी हुआ येलो अलर्ट
इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार के लिए बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आईएमडी ने मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है।
जानिए कितना रहा दिल्ली का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी के आधिकारिक तापमान संकेतक माने जाने वाले सफदरजंग स्टेशन पर अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पालम में अधिकतम तापमान सामान्य से कम 36.7 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में भी अधिकतम तापमान सामान्य से कम 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज और लोदी रोड स्टेशन पर भी अधिकतम तापमान औसत से कम रहा। दोनों जगह तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिल्लीवासियों ने दिनभर गर्मी महसूस की और बारिश नहीं हुई।
राजस्थान में बढ़ेगा और तापमान
राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने इस सप्ताह राज्य के कई इलाकों में भीषण गर्मी (Heatwave) का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा।
बाड़मेर में तापमान रहा 46 डिग्री के पार
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, इस समय दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस के मध्य दर्ज किया जा रहा है। रविवार दिन में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 46.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के ज्यादातर भागों में आगामी दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
Image Source : PTIसांकेतिक तस्वीर
इन जिलों के लिए जारी हुआ हीटवेव का अलर्ट
जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 4-5 दिन 'हीटवेव' होने का अनुमान है। वहीं, दक्षिण-पूर्वी भागों में भी आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच दर्ज होने व कहीं-कहीं हीटवेव, ऊष्णरात्री रहने की संभावना।
जयपुर में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान
इसी तरह आगामी 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर व भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं बादल छाये रहने, 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने व हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट
उत्तराखंड के मौसम में खासा बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों, खासकर पहाड़ी इलाकों में बारिश और प्रतिकूल मौसम की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून मौसम केंद्र ने 12 और 13 मई को राज्य में कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि, तेज से बहुत तेज बारिश होने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ आंधी आने का पूर्वानमुमान जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
Latest India News