1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बारिश का रेड अलर्ट, लोगों को बाहर न निकलने की अपील, दिल्ली में देर रात से ही बरस रहे बादल, जानिए मौसम का ताजा अपडेट

बारिश का रेड अलर्ट, लोगों को बाहर न निकलने की अपील, दिल्ली में देर रात से ही बरस रहे बादल, जानिए मौसम का ताजा अपडेट

Weather Updates: देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में देर रात से ही बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई राज्यों की नदियां उफान पर हैं।

जमकर हो रही बारिश- India TV Hindi
Image Source : PTI जमकर हो रही बारिश

उत्तराखंड, यूपी और बिहार में आज भी भारी बारिश का अलर्ट है। दिल्ली-एनसीआर में देर रात से ही बारिश हो रही है। उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। बारिश के चलते उत्तराखंड में मौसम विभाग ने लोगों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। उत्तरकाशी के हर्षिल को प्रशासन खाली करवाने में जुटा हुआ है। यहां आर्टिफिशिएल झील के टूटने का खतरा मंडरा रहा है। 

दिल्ली के निचले इलाकों में भरा पानी

दिल्ली में कल पूरी रात जमकर बारिश हुई। बारिश की वजह से कई निचले इलाकों में पानी भर गया। दिल्ली के मिंटो रोड, मोती बाग इलाके में जल जमाव हो गया है। आज सुबह भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अभी और बारिश होने का अनुमान जताया है।

भारी बारिश के चलते बिहार में स्कूल भी बंद

बिहार में गंगा और कोसी सहित कई नदियां उफान पर हैं। पटना, भागलपुर, बेगूसराय समेत 7 जिलों में जल जमाव है। नवगछिया में 15 करोड़ की लागत से बना रिंग बांध का 70 फीसदी हिस्सा बह गया है। पटना के 7 प्रखंडों की 24 पंचायतें बाढ़ की चपेट में हैं। बेगूसराय में 137 से अधिक स्कूलों को 14 अगस्त तक बंद करने का ऐलान किया गया है।

भारी बारिश के चलते रोकी गई केदारनाथ यात्रा

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए केदारनाथ यात्रा को अगले 3 दिनों के लिए 14 अगस्त तक रोक दिया है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि देहरादून में मौसम विज्ञान केंद्र ने 12, 13 और 14 अगस्त को रुद्रप्रयाग सहित प्रदेश भर में कई जगहों पर भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

हिमाचल के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने गुरुवार तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश जारी है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लेंडस्लाइडिंग का खतरा बना हुआ है।

Latest India News