1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. घरों में घुसा पानी और उखड़े पेड़... अब अगले 2 दिन देश के इन हिस्सों में होने वाली है झमाझम बारिश, जारी हुआ अलर्ट

घरों में घुसा पानी और उखड़े पेड़... अब अगले 2 दिन देश के इन हिस्सों में होने वाली है झमाझम बारिश, जारी हुआ अलर्ट

देश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। राजस्थान और गुजरात में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही बताया कि देश के किन-किन हिस्सों में अगले दो दिन बारिश होने का अनुमान है।

बारिश में भीगती महिलाएं और बच्चे- India TV Hindi
Image Source : PTI बारिश में भीगती महिलाएं और बच्चे

देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन इन राज्यों के कई जिलों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। उत्तराखंड, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, सिक्किम, असम, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश के लिए IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

केरल के कई निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न

केरल में तेज हवाओं ने घरों, वाहनों और बिजली के तारों को भारी नुकसान पहुंचाया है। तेज आंधी के चलते पेड़ तक उखड़ गए हैं। केरल के कई जिलों की सड़कों और गलियों में पानी भर गया है। नदियों का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। सड़कों और घरों सहित कई निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं।

राजस्थान, गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम एजेंसी ने अगले दो दिन पश्चिमी मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी ने राजस्थान में बुधवार (30 जुलाई) तक बारिश होने की भविष्यवाणी की है। 

हिमाचल और उत्तराखंड के कई इलाकों में होगी बारिश

इसके साथ ही आईएमडी ने कहा कि मंगलवार को हिमाचल प्रदेश और सोमवार को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी ने 1 अगस्त तक कर्नाटक के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है।

जानिए कैसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम? 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मौसम में आम तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने के भी संकेत हैं। इन दिनों दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 और 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

Latest India News