1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अमेरिका के मिसाइल अटैक में हिमाचल के आदित्य शर्मा की मौत, जहाज पर कैडेट के रूप में कार्यरत थे

अमेरिका के मिसाइल अटैक में हिमाचल के आदित्य शर्मा की मौत, जहाज पर कैडेट के रूप में कार्यरत थे

ओमान तट के पास एक जहाज पर अमेरिका के हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के आदित्य शर्मा की मौत हो गई है। इस घटना ने पूरे हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश को गहरे दुख में डाल दिया है। राज्य के सीएम ने नाविक आदित्य शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Himachal pradesh Aditya Sharma dies in usa attack - India TV Hindi
Image Source : REPORTER अमेरिका के हमले में आदित्य शर्मा की मौत।

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आई है। ओमान तट के पास समुद्र में एक ऑयल टैंकर पर हुए अमेरिका के हिंसक हमले में बड़सर विधानसभा क्षेत्र के गलोड़ गांव निवासी 23 वर्षीय आदित्य शर्मा की मौत हो गई। आदित्य जहाज पर डेक कैडेट के रूप में कार्यरत थे और अपने परिवार की उम्मीदों का प्रमुख सहारा थे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू  ने नाविक आदित्य शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

तीन भारतीय नाविक लापता हो गए थे

जानकारी के अनुसार, अमेरिका द्वारा ओमान के तट के पास जहाज पर किए गए हमले के दौरान जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य सवार थे। घटना के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन भारतीय नाविक लापता हो गए थे। लापता लोगों में हिमाचल के युवा नाविक आदित्य शर्मा भी शामिल थे। कई दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद उनकी मौत की पुष्टि होने से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पूरे इलाके में मातम छाया

जैसे ही यह दुखद समाचार गलोड़ गांव पहुंचा, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि आदित्य बेहद मिलनसार, मेहनती और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित युवा थे। उन्होंने कम उम्र में ही मर्चेंट नेवी में अपनी पहचान बनाई थी और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रहे थे। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बड़सर के विधायक ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि क्षेत्र ने एक प्रतिभाशाली और होनहार युवा को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी हॉर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी हमले के दौरान एक तेल टैंकर पर कार्यरत नाविक आदित्य शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। (रिपोर्ट: कपिल ठाकुर)

ये भी पढ़ें- ओमान तट के पास अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविक मारे गए, सरकार ने क्या बताया? जानिए

ओमान के पास भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमला, 21 को बचाया गया लेकिन 3 लापता, भारत ने अमेरिकी अधिकारी को तलब किया

Latest India News