1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा में समुद्र में समा गया पक्का मकान, सामने आया VIDEO

ओडिशा में समुद्र में समा गया पक्का मकान, सामने आया VIDEO

ओडिशा के गंजाम से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने तटीय इलाकों में रहने वालों की टेंशन बढ़ा दी है। दरअसल यहां एक मकान समुद्र में समा गया है।

Odisha- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ओडिशा में समुद्र में समा गया पक्का मकान

गंजाम: ओडिशा के गंजाम जिले से सामने आई एक घटना ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिले के पॉडमपेटा गांव में समुद्र की तेज लहरों ने एक पक्के मकान को देखते ही देखते ढहा दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग समुद्री कटाव के बढ़ते खतरे पर चर्चा कर रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह समुद्र की ऊंची और तेज लहरें लगातार मकान के नीचे की जमीन को काटती रहीं। धीरे-धीरे नींव कमजोर होती गई और आखिरकार पूरा मकान समुद्र में समा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक कुछ सालों पहले तक समुद्र गांव से काफी दूरी पर था। लेकिन लगातार हो रहे तटीय कटाव के कारण समुद्र हर साल गांव की ओर बढ़ता गया। अब स्थिति यह है कि लहरें सीधे रिहायशी इलाकों तक पहुंच रही हैं, जिससे लोगों के घरों पर खतरा मंडरा रहा है। कई परिवार पहले ही सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हो चुके हैं।

पॉडमपेटा में पहले सैकड़ों परिवार रहते थे और लगभग 500 मकान थे। समुद्री कटाव बढ़ने के साथ कई घर धराशाही हो गए, जबकि कई परिवारों ने दूसरे इलाकों में बसना शुरू कर दिया। अब गांव में बचे हुए घर भी जोखिम में हैं और लोगों को भविष्य की चिंता सता रही है।

17 तटीय गांव परेशान

साइल इरोजन की समस्या केवल पॉडमपेटा तक सीमित नहीं है। पालीबंधा और रामागड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले करीब 17 तटीय गांव भी इसी चुनौती का सामना कर रहे हैं। अगर समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो घरों के साथ-साथ खेती और आजीविका भी प्रभावित हो सकती है।

प्रभावित लोगों ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप करने की अपील की है। ग्रामीणों की मांग है कि तटीय क्षेत्रों में मजबूत सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाए, जोखिम वाले इलाकों में रहने वाले परिवारों का सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वास किया जाए और समुद्री कटाव से निपटने के लिए दीर्घकालिक योजना लागू की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। (रिपोर्ट- ओडिशा से शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- 

भीषण मौसम में समुद्र में फंसी मछली पकड़ने वाली नाव, कोस्ट गार्ड ने बचाई 6 मछुआरों की जान; देखें VIDEO

Latest India News