A
Hindi News भारत राष्ट्रीय 28 फरवरी से अब तक कितने भारतीय वापस लौटे? जानिए विदेश मंत्रालय ने क्या जानकारी दी

28 फरवरी से अब तक कितने भारतीय वापस लौटे? जानिए विदेश मंत्रालय ने क्या जानकारी दी

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद खाड़ी देशों में हालात बिगड़ने लगे। जानकारी के मुताबिक 28 फरवरी से अब तक लगभग 2.44 लाख लोग भारत वापस लौट चुके हैं।

MEA- India TV Hindi Image Source : X@MEAINDIA मंत्रालयों की ब्रिफिंग

नई दिल्ली: ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद बदले हुए हालात में खाड़ी देशों से लोग बड़ी संख्या में वापस लौट रहे हैं। वहीं पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि 28 फरवरी से अब तक लगभग 2.44 लाख लोग क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं। पश्चिम एशिया की स्थिति पर यहां आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर महाजन ने बताया कि इस संघर्ष में अब तक पांच भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति लापता है। 

दो भारतीयों के पार्थिव शरीर भारत लाए गए

उन्होंने कहा कि हाल में ओमान के सोहार शहर में हुई एक घटना में मारे गए दो भारतीयों के पार्थिव शरीर मंगलवार को भारत लाए गए और ये जयपुर में उनके परिजनों को सौंप दिए गए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "कल मैंने बताया था कि छात्रों समेत लगभग 650 भारतीय नागरिक ईरान से आर्मेनिया और अजरबैजान पहुंचे थे, ताकि वहां से स्वदेश लौट सकें। अब लगभग 50 और भारतीय आर्मेनिया पहुंचे हैं तथा कुछ अन्य अजरबैजान गए हैं।" 

284 भारतीय ईरान से आर्मेनिया पहुंचे

उन्होंने कहा, "ईरान गए 284 तीर्थयात्री भी सफलतापूर्वक आर्मेनिया पहुंच गए हैं। इनमें से 130 तीर्थयात्री आज दिल्ली पहुंचेंगे।" विदेश मंत्रालय ने बताया कि उसका कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय है और भारतीय नागरिकों की सहायता कर रहा है। जायसवाल ने बताया कि आनेवाले फोन और ईमेल की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है। 

हम सभी पक्षों के संपर्क में हैं

'ब्रिक्स' के रुख पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह समूह आम सहमति के आधार पर काम करता है। ब्रिक्स दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया का एक प्रभावशाली समूह है। उन्होंने कहा, "ब्रिक्स में भारत अध्यक्ष है। इस संघर्ष में ब्रिक्स के कई सदस्य देश सीधे तौर पर जुड़े हैं, इसलिए विभिन्न देशों के रुख में अंतर को पाटना चुनौतीपूर्ण रहा है। फिर भी हम सभी पक्षों के संपर्क में हैं।'' 

अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला शुरू किया था। इस हमले के जवाब में ईरान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले कुछ खाड़ी देशों पर हमले किए और अमेरिका व इजराइल पर दबाव बनाने के लिए रणनीतिक होर्मुज स्ट्रोट को बाधित कर दिया। यूरोपीय संघ की विदेश और सुरक्षा नीति प्रमुख काजा कालास के निमंत्रण पर विदेश मंत्री एस जयशंकर की ब्रसेल्स यात्रा के बारे में जायसवाल ने कहा कि उन्होंने यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ उच्चस्तरीय वार्ता की।

सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील

जायसवाल ने कहा, "संघर्ष की शुरुआत से ही भारत का रुख रहा है कि संवाद और कूटनीति का मार्ग अपनाया जाए। हमने सभी देशों से संयम बरतने तथा संघर्ष को और न बढ़ाने की अपील की है।" महाजन ने कहा कि विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है तथा वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ समन्वय किया जा रहा है तथा क्षेत्र में भारतीय मिशन चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। महाजन ने बताया कि 16 मार्च को संयुक्त अरब अमीरात से भारत के लिए लगभग 65 उड़ानें संचालित हुईं, जबकि मंगलवार को करीब 70 उड़ानों के संचालन की उम्मीद है। ओमान से भी भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए उड़ानें जारी हैं। (भाषा)

Latest India News