1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हैदराबाद: कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर निकाली गई शोभा यात्रा में हादसा, मरने वालों की संख्या बढ़ी, कुल 6 लोगों की मौत

हैदराबाद: कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर निकाली गई शोभा यात्रा में हादसा, मरने वालों की संख्या बढ़ी, कुल 6 लोगों की मौत

हैदराबाद में कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर निकाली गई शोभा यात्रा में करंट लगने से 6 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान हो गई है।

Hyderabad- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शोभा यात्रा में करंट लगने से 6 लोगों की मौत

हैदराबाद: हैदराबाद के रामंतपुर इलाके के गोकुले नगर में श्री कृष्णाष्टमी उत्सव के दौरान निकाली गई शोभा यात्रा में हादसा हो गया है। इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ गई है। इस दौरान बिजली का करंट लगने से 6 लोगों की मौत हो गई है। बिजली विभाग के सीएमडी मुशर्रफ फारूकी ने स्थिति की जांच के लिए घटनास्थल का दौरा किया है। 

कैसे हुआ हादसा?

सीएमडी मुशर्रफ फारूकी ने पुष्टि की कि इंटरनेट केबल का एक कंडक्टर तार 11 किलोवाट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे इंटरनेट केबल में करंट प्रवाहित हो गया। यह केबल बाद में जुलूस में शामिल एक रथ को छू गई, जिससे यह दुखद घटना घटी।

यह हादसा उस समय हुआ जब सजे हुए रथ को खींचने वाला वाहन खराब हो गया। कुछ युवकों ने उसे हाथ से धकेलने की कोशिश की, इसी दौरान रथ कथित तौर पर ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के संपर्क में आ गया। नौ लोगों को बिजली का झटका लगा और स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें बचाने तथा अस्पताल ले जाने के बावजूद, अस्पताल में डॉक्टरों ने पांच को मृत घोषित कर दिया।

बाद में चार घायलों में से एक गणेश की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जिससे इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई। 

मृतकों की पहचान हुई

मृतकों की पहचान कृष्णा उर्फ डायमंड यादव (21), श्रीकांत रेड्डी (35), सुरेश यादव (34), रुद्र विकास (39) और राजेंद्र रेड्डी (45) के रूप में हुई है।

कृष्णाष्टमी उत्सव के मौके पर हुए इस हादसे से स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। पल भर में भी उत्सव की जगह मातम पसर गया और 6 जिंदगियां खत्म हो गईं। जिन परिवारों ने अपने संबंधियों को खोया, उनका रो-रोकर बुरा हाल है और वह इस बात पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि अचानक ये हादसा कैसे हो गया।

Latest India News