नई दिल्ली: उत्तर भारत समेत देश के अधिकांश इलाके भीषण गर्मी में झुलस रहे हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के साथ ही मध्य भारत और उसके आसपास के इलाकों में लू का कहर जारी है। मौसम विभाग की मानें तो अगले सात दिनों तक भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग की ओर से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, और साथ ही महाराष्ट्र के विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्रों के लिए लू की चेतावनी जारी की गई है।
इन इलाकों में 'वार्म नाइट' की चेतावनी
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिलेश श्रीवास्तव का कहना है कि अगले एक हफ्ते तक लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। वहीं पश्चिम राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों के लिए, 'वार्म नाइट' की एक खास चेतावनी जारी की गई है। नतीजतन इन इलाकों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया गया है। इस बीच मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हालात सामान्य लू से बढ़कर 'गंभीर लू' में बदल सकते हैं। इसी वजह से वहां भी 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।
दिल्ली में लू का येलो अलर्ट
उधर, राजधानी दिल्ली में कल भी अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले हफ़्ते में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रहने की संभावना है। अगले तीन दिनों में, तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है। स्थिति को देखते हुए, दिल्ली के लिए मंगलवार और बुधवार के लिए लू का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
ओडिशा में गर्म और उमस भरा मौसम
वहीं, ओडिशा में अगले तीन से चार दिनों तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भीषण गर्मी पड़ सकती है। लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अलर्ट रहें। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की है कि वे 19 मई से 21 मई के बीच काफी एहतियात बरतें और अगर बहुत जरूरी नहीं हो तो दोपहर में घरों से नहीं निकलें।
दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई तक केरल पहुंचने के आसार
वहीं इस बीच मॉनसून को लेकर राहत की खबर है। मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरल पहुंचने की संभावना है। मानसून के आगमन की तारीख में चार दिन का अंतर देखने को मिल सकता है। आईएमडी ने कहा कि अगले पांच दिनों में केरल और माहे के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, ऐसा दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण के कारण हो सकता है, जिससे केरल, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और दक्षिण लक्षद्वीप से सटे दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में निम्न वायु दाब का क्षेत्र बन गया है।
केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी मानसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के अधिकांश हिस्सों और कन्याकुमारी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, यह दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों, अंडमान सागर के अधिकांश भाग, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भी आगे बढ़ चुका है। आईएमडी ने केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना को लेकर दो जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' और 10 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया, जबकि त्रिशूर और पलक्कड़ को छोड़कर 10 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। मंगलवार के लिए, आईएमडी ने नौ जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
Latest India News