A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Today's Weather: 22 राज्यों के लिए आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी, जानिए आपके राज्य का मौसम अपडेट

Today's Weather: 22 राज्यों के लिए आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी, जानिए आपके राज्य का मौसम अपडेट

Today's Weather: देश की राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में आज हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश में कल तेज बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : PTI (FILE) प्रतीकात्मक फोटो

Today's Weather: भारत मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़े बदलाव का अलर्ट जारी किया है। दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और मध्य भारत सहित करीब 22 राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी।

हिमालयी क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी

IMD के मुताबिक, 27 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में 31 मार्च तक रुक-रुक कर वर्षा होने के आसार हैं।

उत्तर भारत में आंधी-बारिश की चेतावनी

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश

मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 29 मार्च के बीच व्यापक वर्षा, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

मध्य और दक्षिण भारत में भी असर

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान के आसार हैं। दक्षिण भारत के तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, तटीय महाराष्ट्र और केरल में 25 से 27 मार्च के दौरान गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।

दिल्ली-NCR के मौसम में बदलाव

दिल्ली-NCR में बढ़ते तापमान पर अब ब्रेक लगने वाला है। 26 मार्च की दोपहर या शाम तक हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। राजधानी में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि 29 और 30 मार्च को यह रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बारिश का यह सिलसिला 30 मार्च तक जारी रहने के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में 27 मार्च को तेज बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। इसके बाद, 29 से 31 मार्च तक कई जिलों में तेज बारिश और 30–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट

बिहार में 27 मार्च को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। 28 मार्च को भी गरज के साथ बारिश हो सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे तैयार फसलों की कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें और ओलों से बचाव के लिए हेल नेट का इस्तेमाल करें।

ये भी पढ़ें-

पश्चिम बंगाल वोटर लिस्ट से 76 लाख नाम हटे, 28 लाख मामलों की जांच अभी बाकी; हाई कोर्ट पहुंची चुनाव आयोग की टीम

बांग्लादेश की पद्मा नदी में गिरी सवारियों से भरी बस, 23 लोगों की मौत, दिल दहला देगा हादसे का VIDEO

Latest India News