1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'भारतीय सेना को पाकिस्तान को जवाब देने के लिए 24 घंटे-365 दिन तैयार रहना होगा'- CDS चौहान

'भारतीय सेना को पाकिस्तान को जवाब देने के लिए 24 घंटे-365 दिन तैयार रहना होगा'- CDS चौहान

भारत के CDS जनरल अनिल चौहान ने कहा है कि भारतीय सेना को पाकिस्तान की किसी हिंसक कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार रहना होगा।

cds anil chauhan india vs pakistan- India TV Hindi
Image Source : PTI पाकिस्तान को लेकर CDS अनिल चौहान का बड़ा बयान।

भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने बड़ा बयान दिया है। मंगलवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CDS चौहान ने कहा है कि भारत को पाकिस्तान की ओर से किए गए किसी भी तरह की हिंसक कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार रहना होगा। CDS अनिल चौहान ने ये भी कहा है कि आतंकवादी पाकिस्तान के किसी भी हिस्से में छिप नहीं सकते हैं। आइए जानते हैं कि जनरल अनिल चौहान ने इस मुद्दे पर और क्या कुछ कहा है।

सैन्य तैयारी हाई लेवल की होनी चाहिए- CDS

भारत के सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कहा है कि पाकिस्तान के "पूर्ण-आयामी प्रतिरोध सिद्धांत" को चुनौती देने की जरूरत है। सीडीएस चौहान ने जोर देते हुए कहा है कि भारत की सैन्य तैयारी हाई लेवल की होनी चाहिए। सेना को 24 घंटे और वर्ष के 365 दिन तैयार रहने की जरूरत है। सीडीएस चौहान ने कहा कि युद्ध और शांति के बीच बहुत कम अंतर है और ऐसा प्रतीत होता है कि युद्ध और शांति एक दूसरे में विलीन हो रहे हैं।

आतंकी पाकिस्तान में कहीं छिप नहीं सकते- CDS

सीडीएस चौहान ने कार्यक्रम में कहा- "हमें अपरंपरागत और परमाणु क्षेत्रों के बीच पारंपरिक अभियानों के लिए अधिक जगह बनाने की जरूरत है।” सीडीएस चौहान ने इस बात पर भी जोर दिया है कि भारतीय सेना के पास ज्यादा से ज्यादा दूरी पर मौजूद स्थिर और गतिशील दोनों तरह के टारगेट्स को भेदने की ताकत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवादी पाकिस्तान की धरती पर कहीं भी छिप नहीं सकते।

हमें तकनीकी रूप से आगे रहना होगा- CDS

सीडीएस अनिल चौहान ने कहा- "हमें पाकिस्तान की ओर से की जाने वाली किसी भी हिंसात्मक कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार रहना होगा। यह हम सभी के लिए नया मानदंड है।" सीडीएस ने कहा कि अब परमाणु नीति पर अधिक निर्भरता होगी और ये पारंपरिक सैन्य अभियानों की बुनियाद बन गई है। सीडीएस चौहान ने ये भी कहा है कि भारत को अपने विरोधियों के मुकाबले तकनीकी रूप से आगे रहना होगा। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- भारत-अमेरिका ट्रेड वार के बीच बड़ी खबर! PM नरेंद्र मोदी SCO समिट में हिस्सा लेने जा सकते हैं चीन

उत्तराखंड: धराली में 28 केरलवासियों का ग्रुप हुआ लापता, उत्तरकाशी से गंगोत्री के लिए निकला था

Latest India News