1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष यात्रियों को खिलाईं ये चीजें, PM मोदी को दी ISS की एक-एक जानकारी

शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष यात्रियों को खिलाईं ये चीजें, PM मोदी को दी ISS की एक-एक जानकारी

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने ISS में गाजर का हलवा, मूंग दाल हलवा और आम रस जैसे भारतीय व्यंजन खिलाए। उन्होंने PM मोदी से 18 मिनट बात की और अंतरिक्ष में हो रहे वैज्ञानिक प्रयोगों की जानकारी दी।

Shubhanshu Shukla, Shubhanshu Shukla Narendra Modi, Shubhanshu Shukla ISS- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभांशु शुक्ला से बात की।

नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर अपने 14 दिन के सफर की शुरुआत की है। वहां उन्होंने अपने साथी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ भारतीय खाने का लुत्फ उठाया। शुक्ला ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 18 मिनट की बातचीत में बताया कि वह 'गाजर का हलवा', 'मूंग दाल का हलवा' और 'आम रस' अपने साथ ले गए थे। शुक्ला ने कहा, 'हां, मैं गाजर का हलवा, मूंग दाल का हलवा और आम रस लेकर आया हूं। मैं चाहता था कि दूसरे देशों से मेरे साथ आए सभी लोग स्वादिष्ट भारतीय व्यंजनों का आनंद लें। हम सभी ने इसे एक साथ खाया और सभी को यह पसंद आया।'

शुक्ला और उनके साथियों ने अपने कमरे ठीक किए

शुक्ला गुरुवार को ‘एक्सिओम-4’ मिशन के तहत 3 अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ ISS पहुंचे। वे वहां 14 दिन तक रहेंगे और कई वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे। ISS पहुंचने के बाद, शुक्ला और उनके साथियों ने अपने कमरे ठीक किए। कमांडर पैगी व्हिटसन एयरलॉक में, शुक्ला ड्रैगन में, स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की कोलंबस में, और टिबोर कापू जापानी प्रयोग मॉड्यूल में रह रहे हैं। उन्होंने ‘एक्सपीडिशन 73’ के क्रू के साथ जरूरी काम पूरे किए और अंतरिक्ष के माहौल में ढलना शुरू किया। शुक्ला ने आपातकालीन नियमों की समीक्षा भी की। 

'अंतरिक्ष में सब कुछ जमीन से अलग है'

प्रधानमंत्री से बातचीत में शुक्ला ने बताया कि अंतरिक्ष में सब कुछ जमीन से अलग है। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी से बात करते समय मेरे पैर बंधे हुए थे, अन्यथा मैं तैरने लगता।' उन्होंने यह भी बताया कि अंतरिक्ष में पानी पीना या सोना जैसी छोटी-छोटी चीजें भी मुश्किल हो जाती हैं। शुक्ला ने कहा, 'कोई व्यक्ति छत पर, दीवारों पर या कहीं भी सो सकता है, क्योंकि वातावरण ही कुछ ऐसा होता है। इस बदले हुए वातावरण में समायोजन करने में एक या दो दिन लगते हैं, लेकिन यह अनुभव विज्ञान और आश्चर्य का एक सुंदर सामंजस्य है।' शुक्ला ने PM को अंतरिक्ष में हो रहे वैज्ञानिक प्रयोगों की जानकारी भी दी। यह मिशन भारत के लिए गर्व का मौका है, जिसमें भारतीय खाना और संस्कृति अंतरिक्ष में चमक रही है।

Latest India News