1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू कश्मीरः अनुच्छेल 370 हटने के बाद आतंकी हमलों में तेजी, आतंकियों के निशाने पर सुरक्षाबलों के जवान

जम्मू कश्मीरः अनुच्छेल 370 हटने के बाद आतंकी हमलों में तेजी, आतंकियों के निशाने पर सुरक्षाबलों के जवान

मई 2014 और 5 अगस्त 2019 के बीच (63 महीनों के दौरान) आतंकी हमलों में जम्मू कश्मीर में 177 नागरिक मारे गए थे जबकि उसके बाद नवंबर 2021 तक के 27 महीनों में 87 नागरिकों की मौत हुई थी। इनमें से 40 से अधिक की मौत अकेले इसी साल हुई है।

जम्मू कश्मीरः अनुच्छेल 370 हटने के बाद आतंकी हमलों में तेजी, आतंकियों के निशाने पर सुरक्षाबलों के जव- India TV Hindi
Image Source : PTI FILE PHOTO जम्मू कश्मीरः अनुच्छेल 370 हटने के बाद आतंकी हमलों में तेजी, आतंकियों के निशाने पर सुरक्षाबलों के जवान

नई दिल्लीः जम्मू और कश्मीर (Jammu & Kashmir) में आर्टिकल 370 (Article 370) के हटने के बाद से आम नागरिकों की मौत में बढ़ोतरी हुई है। पिछले हफ्ते संसद में गृह मंत्रालय ने एक डेटा मुहैया कराया है जिसमें बताया गया है कि 5 अगस्त, 2019 के बाद से केंद्र शासित प्रदेश में एक महीने में आतंकी हमलों में औसतन 3.2 मौतें हो रही हैं, जबकि इससे पांच साल पहले ये संख्या एक हर महीने में लगभग 2.8 हुआ करती थीं। बीते कुछ दिनों से जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने सुरक्षाबलों और पुलिस के जवानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। हाल के दिनों में छुट्टी पर घर पहुंचे जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों पर आतंकी हमलों की खबरें सामने आई हैं।   

मई 2014 और 5 अगस्त 2019 के बीच (63 महीनों के दौरान) आतंकी हमलों में जम्मू कश्मीर में 177 नागरिक मारे गए थे जबकि उसके बाद नवंबर 2021 तक के 27 महीनों में 87 नागरिकों की मौत हुई थी। इनमें से 40 से अधिक की मौत अकेले इसी साल हुई है। जम्मू एवं कश्मीर में 2019 में 255 आतंकी घटनाएं हुई थीं जबकि 2020 में 244 ऐसी घटनाएं हुईं, इस साल यह आंकड़ा अभी तक 200 पार कर चुका है। राज्यसभा में 1 दिसंबर को पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आंकड़े पेश करते हुए ये जानकारी दी है। 

जम्मू एवं कश्मीर पुलिस का दावा है कि इन हमलों के शुरू होने के बाद से 20 से अधिक संदिग्ध आतंकियों को मार गिराया गया है। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘खुफिया ब्यूरो और जम्मू कश्मीर पुलिस ने कुछ खुफिया जानकारी इकट्ठा की थी जिसके बाद कुछ सफल एनकाउंटर हुए. हम हमले और हत्याएं रोकने में भी सफल रहे।’ एक सुरक्षा प्रतिष्ठान अधिकारी ने बताया, ‘यह सब सीमापार से नियंत्रित किया जा रहा है, वास्तव में घाटी में कोई भी कमांडर किसी तरह के ऑपरेशन संचालित नहीं कर रहा है।’

श्रीनगर में सुरक्षाबलों पर बड़ा आतंकी हमला

श्रीनगर के पंथा चौक इलाके के ज़ेवान में सोमवार को सुरक्षाबलों पर आतंकियों के हमला कर दिया। इस हमले में 2 जवान शहीद हो गए हैं, जबकि 12 जवान घायल हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह हमला सुरक्षाबलों को लेकर जा रही बस पर हुआ। यह बस जम्मू-कश्मीर की 9वीं बटालियन के पुलिस जवानों को लेकर जा रही थी, इस घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश की जा रही है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, “श्रीनगर के पंथा चौक इलाके में ज़ेवान के पास आतंकवादियों ने एक पुलिस वाहन पर गोलीबारी की. हमले में 14 जवान घायल हो गए। सभी घायल कर्मियों को अस्पताल पहुंचाया गया. इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।” जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि मृतक पुलिस कर्मी में एक एएसआई और एक सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल हैं।

Latest India News