1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. VIDEO: जब गौशाला में घुसा 15 फीट मगरमच्छ, ग्रामीणों ने बोरी से मुंह बंद कर कंधे पर उठाया, गांव से किया बाहर

VIDEO: जब गौशाला में घुसा 15 फीट मगरमच्छ, ग्रामीणों ने बोरी से मुंह बंद कर कंधे पर उठाया, गांव से किया बाहर

गौशाला में 15 फीट मगरमच्छ के घुस आने से हड़कंप मच गया। लोग दहशत में आ गए। तभी ग्रामीण एक जुट हुए और मगरमच्छ को कंधे में उठाकर गांव से दूर जाकर छोड़ दिया।

ग्रामीणों ने मगरमच्छ को कंधे पर उठाया- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ग्रामीणों ने मगरमच्छ को कंधे पर उठाया

ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले के महाकालपड़ा ब्लॉक के बगगहन गांव में एक विशाल मगरमच्छ के घुसने से हड़कंप मच गया। करीब 15 फीट लंबा मगरमच्छ गांव के एक घर की गौशाला में घुस गया था। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें ग्रामीण मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित जगह ले जाते नजर आ रहे हैं।

मगरमच्छ के चेहरे को बोरी से ढका

वीडियो में देखा जा सकता है कि मगरमच्छ को काबू करने के बाद ग्रामीण उसके पास पहुंचते हैं। उसकी गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए उसके चेहरे को एक बोरी से ढक दिया गया। इसके बाद कई ग्रामीणों ने मिलकर मगरमच्छ को उठाया और उसे अपने कंधों पर रख लिया।

ग्रामीणों ने 15 फीट मगरमच्छ को कंधे पर उठाया

सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला दृश्य तब दिखाई दिया, जब ग्रामीण करीब 15 फीट लंबे मगरमच्छ को कंधे पर रखकर आसानी से गांव से दूर एक सुनसान जगह की ओर ले जाते नजर आते हैं। मगरमच्छ का चेहरा बोरी से ढका हुआ था और कई ग्रामीण मिलकर उसके शरीर को संभालते हुए आगे बढ़ रहे थे।

मगरमच्छ को देख मवेशी भागे

मगरमच्छ कथित तौर पर शिकार की तलाश में गौशाला में पहुंचा हुआ होगा। मगरमच्छ को देखते ही अंदर मौजूद मवेशी डरकर भाग गए। उनकी आवाज सुनकर गौशाला का मालिक वहां पहुंचा और उसने मगरमच्छ को देखकर आसपास के लोगों को जानकारी दी।

वन विभाग की टीम पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू

इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम के पहुंचने तक ग्रामीणों ने मगरमच्छ को नियंत्रित कर उसे गांव से दूर एक अलग जगह पहुंचा दिया। वहां पहुंचने के बाद वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लिया।

घटना के बाद से गांव में डर का माहौल

वन विभाग की टीम मगरमच्छ को भितरकनिका लेकर गई, जहां उसे संरक्षित क्रीक में छोड़ दिया गया। घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों के बीच अब इस बात की चिंता बनी हुई है कि कहीं दोबारा कोई मगरमच्छ आबादी वाले इलाके में न पहुंच जाए।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

घर के मंदिर में गड्ढा, CCTV में सबूत और अंधविश्वास के नाम पर लाखों की ठगी; उल्हासनगर का ये मामला हैरान कर देने वाला है

Latest India News