तिरुवनंतपुरम: केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मामले की विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं। यह मामला 2006 में राज्य के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान हुई अनियमितताओं के आरोपों से जुड़ा है। यह मामला मलेशियाई सिविल इंजीनियर ली की आत्महत्या से संबंधित है, जो केरल राज्य परिवहन परियोजना के तहत MC रोड के अपग्रेडेशन में शामिल PATI-BEL कंसोर्टियम से जुड़े थे। मंत्री ने दावा किया कि इंजीनियर के सुसाइड नोट में ज्ञानेश कुमार के नाम का जिक्र था।
राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने विजिलेंस डायरेक्टर को सीधे निर्देश दिए हैं कि वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मामले में सभी आरोपों की गहन जांच करें और जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई करें।
शिकायत में ज्ञानेश कुमार का नामः मंत्री
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि कल कांग्रेस कार्यकर्ता मलयिनकीझु वेणुगोपाल ने मुझे ज्ञानेश कुमार के PWD सेक्रेटरी रहने के दौरान हुई गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार के बारे में एक शिकायत सौंपी। इस शिकायत में कुछ गंभीर मुद्दों का ज़िक्र है। साथ ही इसी दौरान मलेशियाई प्रोजेक्ट इंजीनियर ली ने आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में PWD सेक्रेटरी ज्ञानेश कुमार का साफ़ तौर पर ज़िक्र किया गया है। इसलिए सरकार चुप नहीं बैठ सकती। मैं मूकदर्शक नहीं बन सकता। मैंने इसे विजिलेंस डायरेक्टर के पास भेज दिया है ताकि वे शिकायत की डिटेल में जाएं और न्याय दिलाने के लिए कानूनी कार्रवाई करें।
कोई राजनीतिक बदले की भावना नहीं
रमेश चेन्निथला ने कहा कि साफ किया कि यह कोई राजनीतिक बदले की भावना नहीं है। बेशक, हम सब चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। राहुल गांधी बीजेपी के खिलाफ लड़ रहे हैं। ज्ञानेश कुमार बीजेपी और केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। SIR और दूसरे मुद्दे भी हैं। हम उनके खिलाफ लड़ रहे हैं, लेकिन यह मामला अलग है। एक मंत्री के तौर पर डिटेल में जाना मेरी ज़िम्मेदारी है और अगर कोई संज्ञेय अपराध हुआ है तो आगे की जांच के लिए इसे विजिलेंस डायरेक्टर के पास भेजना मेरा फ़र्ज़ है। मैंने वही किया है।
बता दें कि SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष लगातार हमलावर है। दिल्ली- मुंबई समेत देश के कई इलाकों में प्रदर्शन हुए हैं। मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन आज भी जारी है।
इनपुट- एएनआई
ये भी पढ़ेंः कर्नाटक में SIR पर घमासान! फॉर्म-7 के मुद्दे पर धरने पर बैठे CM डीके शिवकुमार; EC ने जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए
Latest India News