1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के देशभर में 50 कॉल्स से हड़कंप! फोन पर हैरी बॉक्सर ने मांगी रंगदारी

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के देशभर में 50 कॉल्स से हड़कंप! फोन पर हैरी बॉक्सर ने मांगी रंगदारी

Lawrence Bishnoi Gang: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हैरी बॉक्सर ने देशभर के 50 लोगों को कॉल्स करके और वॉइस नोट भेजकर धमकी दी है। उनसे रंगदारी मांगी है। जानें ये पूरा मामला क्या है।

lawrence gang calls- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने धमकी भरे कॉल्स से दहलाया है।

Lawrence Bishnoi Gang Threat: देशभर में रंगदारी के 50 कॉल्स मिलने से हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसियों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, 2 फरवरी को हैरी बॉक्सर यानी हरि चंद जट्ट उर्फ हैरी बॉक्सर के नाम पर पूरे देश में करीब 50 लोगों को एक्सटॉर्शन के लिए फोन कॉल्स गए। कई लोगों को वॉइस मैसेज के जरिए भी संदेश दिया गया। इन मामलों की जांच को देख रहे एक अधिकारी ने बताया कि भेजे गए सभी कॉल्स की जांच जारी है।

मुंबई से पंजाब तक धमकी भरे कॉल्स

लोगों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से भेजे गए फोन कॉल का सिलसिला जारी है। मुंबई, पुणे , पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के बिजनेस, फिल्म जगत, ज्वैलर्स को यह थ्रेट कॉल रिसीव हुए हैं।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग में दरार गहराई?

हालंकि, सुरक्षा एजेंसियों को हाल ही में इनपुट मिला है कि लॉरेंस बिश्नोई के गैंग के भीतर मतभेद उभर आए हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, पहले राजस्थान की जिम्मेदारी रोहित गोदारा के पास थी, जबकि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में नेटवर्क को गोल्डी बराड़ संभालता था। लेकिन अब दोनों ने गैंग से दूरी बना ली है।

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के बाद खटास बढ़ी

सूत्रों का दावा है कि कथित तौर पर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के बाद यह खटास बढ़ी है। बताया जा रहा है कि इस हाई-प्रोफाइल वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई ने अपने भाई अनमोल बिश्नोई और अकोला के शुभम लोणकर को सौंपी थी। चार्जशीट में उनके नाम आने के बाद यह चर्चा तेज हुई कि पुराने सहयोगियों को इस ऑपरेशन से अलग रखा गया, जिससे असंतोष पैदा हुआ।

उगाही के कॉल्स कर रहा हैरी बॉक्सर

इन घटनाक्रमों के बाद गैंग के ढांचे में बदलाव की भी जानकारी सामने आई है। एजेंसियों के मुताबिक, विदेश में बैठा हैरी बॉक्सर कथित तौर पर उगाही कॉल्स का नेटवर्क संचालित कर रहा है। 2 फरवरी को देश के अलग-अलग राज्यों में एक ही दिन में लगभग 50 धमकी भरे कॉल किए जाने की बात सामने आई, जिससे एजेंसियां सतर्क हो गईं।

बताया जा रहा है कि राजस्थान की जिम्मेदारी अब आरजू बिश्नोई को दी गई है, जबकि महाराष्ट्र खासकर मुंबई और पुणे में शुभम लोणकर सक्रिय है। सूत्रों के अनुसार, तेजी से बढ़ते रियल एस्टेट बाजार के कारण पुणे उगाही के लिए गैंग के निशाने पर है।

Latest India News