Live: पाकिस्तान के साथ सिंधु समझौता होल्ड करने के बाद सिंधु के पानी को लेकर अहम बैठक, आज हो सकता है बड़ा फैसला
Live: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। इस बीच पाकिस्तानी सेना ने LoC पर गोलीबारी की है जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया हैं। वहीं, आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पीएम मोदी से मिलने जा रहे हैं।

Live: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बीते हफ्ते हुए खौफनाक आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हालात तनाव भरे चल रहे हैं। माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच जंग भी हो सकती है। इस बीच पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा यानी LoC पर गोलीबारी की है। भारतीय सेना ने भी इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया हैं। वहीं, आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पीएम मोदी से मिलने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा फैसला हो सकता है। आइए जानते हैें इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ी हर अपडेट हमारे इस Live Blog में...
Live updates : India Vs pakistan Live:
-
April 28, 2025 3:00 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
तुर्की ने पाकिस्तान को भेजे हथियार?
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध की आशंकाओं के बीच खबर है कि तुर्की ने पाकिस्तान को हथियारों का जखीरा भेजा है। दावा किया गया है कि तुर्की से हथियारों का जखीरा लेकर कार्गो फ्लाइट्स इस्लामाबाद पहुंचे हैं।
-
April 28, 2025 2:27 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
पाकिस्तान के समर्थन में कूदा चीन
चीन के विदश मंत्री वांग यी ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार से फोन पर बात की है और पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निष्पक्ष जांच का समर्थन करने की बात कही है। चीन ने उम्मीद जताई है कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही देश संयम बरतेंगे और एक दूसरे के साथ मिलकर तनाव कम करने के लिए काम करेंगे।
-
April 28, 2025 2:26 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
भारत को पीओके क्षेत्र पर नियंत्रण की जरूरत- अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पाकिस्तान के खिलाफ एक और सर्जिकल स्ट्राइक का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमला बेहद निंदनीय है। आतंकवादी बार-बार एक ही रास्ते से भारत में घुसते हैं। इसलिए भारत को पीओके क्षेत्र पर नियंत्रण करने की जरूरत है।
-
April 28, 2025 2:25 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
पाक के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर देनी चाहिए- अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। अठावले ने कहा है कि अगर पाकिस्तान पीओके को सौंपने से इनकार करता है तो भारत को उसके खिलाफ युद्ध की घोषणा कर देनी चाहिए, क्योंकि जब तक यह क्षेत्र मौजूद है, तब तक आतंकवादी गतिविधियां जारी रहेंगी।
-
April 28, 2025 12:49 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
जम्मू में आज शाम महत्वपूर्ण बैठक
पाकिस्तान के साथ सिंधु समझौता होल्ड करने के बाद जल के मसले पर जम्मू में आज शाम महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। जम्मू कश्मीर में दो प्लांट हैं जिनके पानी छोड़ने को लेकर बैठक होगी।
-
April 28, 2025 12:45 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
गैर जिम्मेदार देश के पास परमाणु हथियार- मनोज झा
आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, "पाकिस्तान के पास परमाणु हथियार हो सकते हैं। अंतर यह है कि यहां एक जिम्मेदार देश के पास परमाणु हथियार हैं और वहां (पाकिस्तान में) एक गैर जिम्मेदार देश के पास परमाणु हथियार हैं। पाकिस्तान ने कभी लोकतंत्र का स्वाद नहीं चखा है। उन्हें लोकतंत्र क्या होता है यह समझने में कुछ समय लगेगा। मुझे उनके नागरिकों के लिए दुख होता है कि उन्हें कभी लोकतंत्र देखने को नहीं मिला... हमारे यहां बहुत विविधता है लेकिन हम इन मुद्दों (राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित) पर एक हैं..."
-
April 28, 2025 12:43 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
ओवैसी ने बिलावल भुट्टो को दिया जवाब
पहलगाम हमले के बाद बिलावल भुट्टो जरदारी की "खून बह जाएगा" वाली टिप्पणी पर AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "...बचपने की बातें नहीं करना...उनकी मां को उनके ही देश के आतंकवादियों ने मार डाला...क्या उन्हें पता भी है कि वह क्या कह रहे हैं?...
-
April 28, 2025 12:42 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
पाकिस्तान को करारा जवाब देने की जरूरत- सुखजिंदर सिंह रंधावा
कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा, "पहलगाम की जघन्य घटना के खिलाफ देश प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है, प्रधानमंत्री को इस पर पाकिस्तान को करारा जवाब देने की जरूरत है। सभी दलों को एकजुट होकर पाकिस्तान की हरकतों की निंदा करने की जरूरत है।"
-
April 28, 2025 12:24 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार का विवादित बयान
कांग्रेस के विजय वडेट्टीवार ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर विवादित बयान दिया है। वेडेट्टीवार ने कहा है कि विधायक ने कहा, "सरकार को पहलगाम आतंकवादी हमले की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। वे (सरकार) कह रहे हैं कि आतंकवादियों ने लोगों से (उनके धर्म के बारे में) पूछकर उन्हें मार डाला। क्या आतंकवादियों के पास यह सब करने का समय है? कुछ लोग कहते हैं कि ऐसा नहीं हुआ। आतंकवादियों की कोई जाति या धर्म नहीं होता। जिम्मेदार लोगों की पहचान करें और उचित कार्रवाई करें। यह देश की भावना है।"
-
April 28, 2025 11:57 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
दोपहर 3 बजे बैठक होने की संभावना
रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की आज सोमवार को दोपहर 3 बजे बैठक होने की संभावना है।
-
April 28, 2025 11:49 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
राजनाथ सिंह पीएम के साथ बैठक कर के निकले
राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री आवास से निकल गए हैं। PM आवास पर चल रही बैठक खत्म हो गई है। लगभग 40 मिनट तक बैठक चली है।
-
April 28, 2025 11:47 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
आतंकियों ने किया चीनी तकनीक का इस्तेमाल
सूत्रों के मुताबिक, पहलगाम हमले के आतंकी कम्युनिकेशन के लिए उच्च चीनी तकनीक का इस्तेमाल किए थे। हैंडलर से संवाद के लिए चीनी सेटेलाइट फोन और एप का इस्तेमाल किया था।
-
April 28, 2025 11:14 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा
जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा की है। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने कहा- "यह सदन इस जघन्य, कायरतापूर्ण कृत्य की स्पष्ट रूप से निंदा करता है, जिसके परिणामस्वरूप निर्दोष लोगों की जान चली गई। यह सदन पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है। यह सदन शहीद सैयद आदिल हुसैन शाह के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करता है, जिन्होंने पर्यटकों को बचाने का बहादुरी से प्रयास करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी..."
-
April 28, 2025 11:08 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
मृतक के घर NIA की टीम पहुँची
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए बेंगलुरु निवासी भारत भूषण के घर NIA की टीम पहुँची, उनकी पत्नी का बयान दर्ज किया।
-
April 28, 2025 10:56 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
आतंकी हमले के समय 10 OGW हमलावरों के संपर्क में थे
पहलगाम आतंकी हमले की जांच में खुलासा हुआ है कि हमले के समय 10 से ज़्यादा OGW (ओवर ग्राउण्ड वर्कर) हमलावरों के संपर्क में थे, वे एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए हमलावरों से चैटिंग और बातचीत कर रहे थे।
-
April 28, 2025 10:47 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
अनंतनाग के जंगल में 4 बार आतंकी गतिविधि
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के जंगल में 4 बार आतंकी गतिविधि देखी गई, एक बार हल्की गोलीबारी भी हुई।
-
April 28, 2025 10:38 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा- केशव मौर्य
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को कहा है कि आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। मौर्य ने कहा कि कश्मीर में आतंकवादियों ने न केवल निहत्थे पर्यटकों पर हमला किया है, बल्कि कश्मीर में रोजगार पर भी हमला किया है। आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। क्या आतंकवादियों ने लोगों को सिर्फ इसलिए गोली मारी क्योंकि वे हिंदू थे या इसलिए क्योंकि अनुच्छेद 370 को हटा दिया गया था?’’ उप मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ अब सरकार ने भी फैसला कर लिया है और अब जो भी जवाब दिया जाएगा, आतंकवाद और उसके आका बच नहीं पाएंगे।
-
April 28, 2025 10:25 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
राजस्थान से 109 लोगों को पाकिस्तान भेजा गया
पुलिस मुख्यालय की सूचना के अनुसार राजस्थान से अब तक 109 लोगों को वापस पाकिस्तान भेजा जा चुका है।
-
April 28, 2025 10:24 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
मुंबई में 17 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान
पहलगाम आतंकी हमले के बाद मुंबई पुलिस ने शहर में 17 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की है। इन सभी को एग्जिट परमिट जारी कर दिए गए हैं। यह कदम मुख्य रूप से अल्पकालिक और पर्यटक वीजा पर आने वाले लोगों पर लागू हुआ है।
-
April 28, 2025 10:05 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध
गृह मंत्रालय की सिफारिशों पर भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी घटना के संबंध में भारत, उसकी सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भड़काऊ और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील सामग्री, झूठे और भ्रामक बयान और गलत सूचना प्रसारित करने के लिए कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
-
April 28, 2025 9:45 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
आतंकियों के लड़ने का तरीका सामने आया
ये आतंकी पहले के आतंकियों से ज्यादा जेहादी हैं। सुरक्षाबलों से घिरने की स्थिति में भी सभी आतंकी भागते नहीं बल्कि कुछ मोर्चा संभालते हैं और अन्य को भगाने की रणनीति अख्तियार करते हैं।
-
April 28, 2025 9:44 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
कश्मीर के विकास वाली सुर्खियों से परेशान था पाक
पाकिस्तान कश्मीर के अच्छे माहौल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कश्मीर के विकास वाली सुर्खियों से परेशान था। इसलिए पाकिस्तान ने कश्मीर के माहौल को खराब करने के मकसद से आत्मघाती दुर्दांत आतंकियों को कश्मीर में घुसपैठ कराकर भेजा है। ये घुसपैठ पिछले कुछ महीनों में हुई है।
-
April 28, 2025 9:38 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
अफगानिस्तान में लड़ चुके आतंकी कश्मीर में
खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों ने इनपुट दिया है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में लड़ चुके पाकिस्तानी आतंकवादियों को कश्मीर भेजा है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में लड़ चुके LeT आतंकियों को कश्मीर में उतारा है।
-
April 28, 2025 9:37 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
पहलगाम में विदेशी सैलानियों का जत्था पहुंचा
पहलगाम हमले के बाद धीरे-धीरे घाटी के हालात सुधर रहे हैं...पहलगाम में विदेशी सैलानियों का जत्था पहुंचा...लोगों ने पहलगाम की खूबसूरती का लुत्फ उठाया तो.. श्रीनगर में भी सैलानी दिखने लगे हैं... डल झील पर शिकारा की सवारी करते...और बाग-बगीचों में घूमते पर्यटकों को देख कर जहां घाटी के लोगों ने राहत की सांस ली है...तो सुरक्षाबलों के कड़े एक्शन के बाद लोगों का भरोसा जगा है..और वो बेखौफ होकर..श्रीनगर से पहलगाम तक टूर कर रहे हैं...।
-
April 28, 2025 9:21 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
CDS अनिल चौहान और रक्षा मंत्री की बैठक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CDS अनिल चौहान ने रविवार को बड़ी मीटिंग की है। ये बैठक करीब 40 मिनट तक चली है।
-
April 28, 2025 9:03 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
पीएम मोदी से मिलेंगे राजनाथ सिंह
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज सोमवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने वाले हैं।
-
April 28, 2025 8:56 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
स्थानीय लोगों ने की थी आतंकियों की मदद
NIA के अधिकारी ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले की शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि इसमें शामिल आतंकियों की संख्या पांच से सात के बीच हो सकती है। इन आतंकियों को कम से कम दो स्थानीय लोगों ने भी मदद की थी, जिन्हें पाकिस्तान में प्रशिक्षण मिला था।
-
April 28, 2025 8:54 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
आतंकियों ने की थी पहलगाम नरसंहार की रिकॉर्डिंग
पहलगाम आंतकी हमले को लेकर NIA की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में पता लगा है कि आतंकियों ने पहलगाम में पूरे नरसंहार की रिकॉर्डिंग की थी।
-
April 28, 2025 8:15 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
हमले की जांच में रूस और चीन की भागीदारी चाहता है पाक
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि रूस या चीन या यहां तक कि पश्चिमी देश इस संकट में बहुत ही सकारात्मक भूमिका निभा सकते हैं और वे एक जांच दल भी गठित कर सकते हैं। एक अंतरराष्ट्रीय दल इस बात का पता लगाए।
-
April 28, 2025 7:43 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
लश्कर-ए-तैयबा और बांग्लादेश संपर्क में- निशिकांत दुबे
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा- "लश्कर-ए-तैयबा बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के लगातार संपर्क में है। आतंकी घुसपैठ को रोकने के लिए भारत और बांग्लादेश दोनों की सीमाओं को सुरक्षित करने की जरूरत है। पूरे देश को पीएम और गृह मंत्री पर भरोसा है।"
-
April 28, 2025 7:42 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
पहलगाम आतंकी हमले से ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं- निशिकांत दुबे
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा-"...पहलगाम आतंकी हमले से ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता। सौभाग्य से भारत का नेतृत्व एक ऐसे व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है, जिसे 140 करोड़ भारतीयों का समर्थन प्राप्त है और पूरी दुनिया उन्हें एक मजबूत प्रधानमंत्री के रूप में देखती है।"
-
April 28, 2025 7:31 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
अमेरिका में प्रदर्शन
अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों की याद में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। फ्रांस में भी भारतीय लोगों ने इस हमले की निंदा की है।
-
April 28, 2025 7:30 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
सिक्किम के सीएम ने कैंडल मार्च में हिस्सा लिया
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए गंगटोक में आयोजित कैंडल मार्च में हिस्सा लिया है। उन्होंने कहा, "हमने श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया है...जब भी देश को हमारी जरूरत होगी, हम सिक्किम के लोग हमेशा वहां खड़े रहेंगे...यह कार्यक्रम यह संदेश देने के लिए है कि हम देश के साथ मजबूती से खड़े हैं..."
-
April 28, 2025 7:28 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
कुपवाड़ा और पुंछ जिलों में गोलीबारी
27-28 अप्रैल 2025 की रात पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने कुपवाड़ा और पुंछ जिलों के बोर्डर क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की है। भारतीय सैनिकों ने इसका तेजी से और प्रभावी ढंग से जवाब दिया है।