जंतर-मंतर पर छात्रों का धरना प्रदर्शन खत्म, सरकार ने मानी प्रदर्शनकारियों की मांगे
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है। एक पत्र लिखकर शनिवार को उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपा। वहीं इस्तीफे के बाद जंतर मंतर पर युवाओं में उत्साह देखने को मिला।

नीट पेपर लीक के कारण शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर बीते कई दिनों से जारी प्रदर्शन शनिवार को खत्म हो गया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया। इस प्रदर्शन को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली में कई दिनों से हालात खराब हो गए थे। इस दौरान दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन बंद थे। हालांकि दो बार सीजेपी और केंद्र सरकार के बीच बैठक भी हुई, लेकिन इस बैठक में कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका था।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा देते हुए अपने पत्र में लिखा, "यह सुनिश्चित करने के लिए कि जंतर-मंतर और देश भर के हालात का फ़ायदा देश-विरोधी तत्व न उठा सकें, देश एकजुट रहे, और भारत के छात्र कानूनी पेचीदगियों में न फंसें बल्कि अपनी पढ़ाई और करियर पर ध्यान दें, मैंने प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।"
प्रल्हाद जोशी को देश का नया शिक्षा मंत्री बनाया गया है। उन्हें उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अतिरिक्त शिक्षा मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने पीएम मोदी के प्रति आभार जताया और कहा कि वह पीएम मोदी की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।
Live updates : CJP Protest Updates
-
July 25, 2026 5:38 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
जंतर मंतर पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन खत्म
केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जिंतेंद्र सिंह से मीटिंग के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर-मंतर पर चल रहा धरना प्रदर्शन खत्म करने का ऐलान किया है। कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से कहा कि आंदोलन खत्म हुआ, अब अपने अपने घर वापस जाएं।
-
July 25, 2026 5:33 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
नड्डा बोले- प्रदर्शनकारियों पर कोई केस दर्ज नहीं होगा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को वापस लिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं होगा। नड्डा ने कहा कि छात्रों की चारों मांगें सुनी गईं। हमारी इनसे सहानुभूति है। एग्जामिनेशन के रिफॉर्म पर आपसे चर्चा कर बदलाव करेंगे।
-
July 25, 2026 5:28 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
सरकार और छात्रों की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस
मीटिंग के बाद सरकार और छात्रों की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस हो रही है। कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से अभिषेक रांका ने कहा कि सरकार ने हमारी पहली मांग मान ली है। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं होगा। भविष्य में किसी तरह का कोई एक्शन नहीं लिया जाएगा।
-
July 25, 2026 5:12 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े का श्रेय छात्रों को दिया
राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े का श्रेय छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को दिया। शनिवार को धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के बाद राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश में कहा, "धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा हमारी शिक्षा व्यवस्था को नए सिरे से तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। देश भर के छात्रों को बधाई; हमें आप सभी पर गर्व है।"
-
July 25, 2026 4:33 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
मेट्रो के गेट फिर से खुले
दिल्ली मेट्रो के सभी गेट खोल दिए गए हैं। जंतर मंतर से पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों से अपील करते हुए कहा कि सभी मट्रो स्टेशन खुल गए हैं। प्रदर्शकारी अपने अपने घर जाएं।
-
July 25, 2026 4:15 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
केंद्रीय मंत्रियों और कॉकरोच जनता पार्टी के बीच बातचीत शुरू
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह और कॉकरोच जनता पार्टी के बीच तीसरे दौर की बातचीत शुरू हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से सौरव दास और आशुतोष रांका बातचीत कर रहे हैं।
-
July 25, 2026 3:34 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
केंद्रीय मंत्रियों के साथ कॉकरोच जनता पार्टी की थोड़ी देर में बातचीत
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह कॉन्सिट्यूएशन क्लब पहुंच गए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से सौरव दास और आशुतोष रांका भी पहुंचे हैं। केंद्रीय मंत्रियों के साथ कॉकरोच जनता पार्टी की बातचीत थोड़ी देर में शुरू होगी।
-
July 25, 2026 3:29 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
शरद पवार ने युवाओं की जमकर तारीफ की
पूर्व केंद्रीय मंत्री और NCP (SP) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले में दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं ने लगातार 28 दिनों तक जो संघर्ष और दृढ़ संकल्प दिखाया, वह वाकई तारीफ़ के काबिल है। प्रदर्शनकारियों की ज़ोरदार मांग के बाद, आखिरकार आज केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने इस्तीफ़ा दे दिया है। यह लड़ाई, जो बिना डरे दमन के ख़िलाफ़ मज़बूती से खड़ी रही और जिसने सरकार को अन्याय के लिए नैतिक ज़िम्मेदारी स्वीकार करने पर मजबूर किया, लोकतंत्र की ताकत का प्रतीक है। यह देश की युवा शक्ति की एकता की एक बड़ी जीत है।
साथ ही, विपक्षी दलों के सभी सांसदों का भी दिल से शुक्रिया, जिन्होंने देश के युवाओं को नैतिक और संसदीय समर्थन दिया। मैं निश्चित रूप से यह कहना चाहूंगा कि देश में लोकतंत्र की जीत हुई है, और इसका श्रेय निस्संदेह देश की युवा पीढ़ी को जाता है।
-
July 25, 2026 2:29 PM (IST) Posted by Amar Deep
धर्मेंद्र प्रधान ने अपनी पोस्ट में क्या लिखा?
धर्मेंद्र प्रधान ने एक पत्र में लिखा, "मैं पिछले 4 दशकों से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा हूं। मेरा सदैव यह विश्वास रहा है कि एक सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है। मैं देश के युवाओं की आकांक्षाओं, भावनाओं और उनकी न्यायोचित अपेक्षाओं का गहरा सम्मान करता हूं। भारत की युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करना हम सभी के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन का नैतिक संकल्प रहा है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र की सेवा करने का जो अवसर मुझे प्राप्त हुआ उसके लिए मैं प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करता हूं। किंतु 3 मई 2026 को हुई NEET-UG की परीक्षा में सामने आई अनियमितता पाई गई। भारत सरकार ने इसको तुरंत संज्ञान में लेते हुए जांच सीबीआई को सौंपी और परीक्षा को रद्द किया एवं पुनः परीक्षा की तिथि घोषित की गई। इसके साथ ही अगले वर्ष से इस परीक्षा को सीबीटी (Computer-based-test) मोड में करने का निर्णय लिया गया।"
उन्होंने आगे लिखा, "इस दौरान हमारी प्रमुख प्राथमिकता यह रही कि 20 लाख से अधिक छात्रों की परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित की जाए। इसके लिए whole of government approach के तहत काम किया गया। इसमें भारत सरकार के साथ राज्य सरकार, विशेषकर जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही, छात्रों, अभिभावक और माता-पिता के सहयोग से 21 जून 2026 को यह परीक्षा पूर्ण हुई। पहले ही दिन से, इसपर मैंने जिम्मेदारी ली और इस परिस्थिति से कभी मुंह नहीं मोड़ा। मेरा यह संकल्प था कि हम किसी भी मेधावी छात्र की संभावना परीक्षा माफिया के कारण खराब नहीं होने देंगे, किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। 16 जुलाई को घोषित नीट-यूजी के परिणाम संतोषजनक रहे जिसमें गरीब पृष्ठभूमि से आए कई मेधावी छात्रों को भी सफलता मिली। परंतु इस दौरान भी कई छात्रों को गुमराह करने के लिए जिम्मेदार पदों पर बैठे व्यक्तियों ने बाधा डालने की कोशिश की, जिससे मन अत्यंत व्यथित हुआ।"
प्रधान ने लिखा, "मैं सदैव हमारे प्रजातंत्र की शक्ति में अटूट विश्वास रखने वाला रहा हूं तथा युवाओं की आकांक्षाओं, सपनों और अपेक्षाओं का गहरा सम्मान करता आया हूं। वे केवल भारत का भविष्य ही नहीं हैं, बल्कि एक नए और विकसित भारत के वाहक, निर्माता और भविष्य के शिल्पकार भी हैं। पिछले 10 दिनों का घटनाक्रम देखकर मेरा मन दुःखी है। यह मेरे लिए व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का विषय नहीं है। भारत की युवाशक्ति ही, इस देश की असली ताकत है। देश की युवाशक्ति को भ्रम के कुचक्र में फंसने नहीं देंगे, यही मेरा संकल्प है। जंतर-मंतर पर और देश में जो स्थिति बनी है, इस स्थिति का राष्ट्र विरोधी ताकतें लाभ ना उठाएं, देश की एकता बनी रहे, भारत के एक भी विद्यार्थी का भविष्य कानूनी पेचीदगियों में ना उलझे, हमारे बच्चे अपना समय पढ़ाई में लगाएं, करियर बनाने पर फोकस करें, इसी बात पर विचार करते हुए मैंने अपना त्यागपत्र माननीय प्रधानमंत्री जी को भेज दिया है।"
आखिर में उन्होंने लिखा, मैं प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन, विश्वास और निरंतर सहयोग के लिए हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। साथ ही, मंत्रिपरिषद के अपने सभी सम्मानित सहयोगियों, मंत्रालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा उन सभी व्यक्तियों का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिनके साथ मुझे कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। राष्ट्रसेवा मेरे जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मैं इसके लिए सदैव समर्पित रहूंगा। प्रभु श्रीजगन्नाथ जी के आशीर्वाद से मैं भविष्य में भी भारत माता, ओडिशा की जनता तथा देश के युवाओं की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए हर संभव रूप में स्वयं को समर्पित रखूंगा।"
-
July 25, 2026 2:22 PM (IST) Posted by Amar Deep
धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा
धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है।
-
July 25, 2026 1:59 PM (IST) Posted by Amar Deep
जंतर मंतर पर फिर से हंगामा
जंतर मंतर पर एक बार फिर से हंगामा शुरू हो गया है। इस दौरान पुलिस ने भीड़ पर काबू पाने के लिए टीयर गैस के गोले छोड़े।
-
July 25, 2026 1:53 PM (IST) Posted by Amar Deep
क्राइम ब्रांच के अंदर एक स्पेशल टास्क फ़ोर्स का गठन
DCP सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने कहा, "अलग-अलग कॉम्पिटिटिव एग्ज़ाम में पेपर लीक और गड़बड़ियों से निपटने के लिए भारत सरकार की प्रतिबद्धता के तहत, दिल्ली पुलिस ने क्राइम ब्रांच के अंदर एक स्पेशल टास्क फ़ोर्स बनाई है। इस टीम की अगुवाई DCP रैंक के अधिकारी करेंगे और इसकी देखरेख स्पेशल CP (क्राइम) करेंगे।"
-
July 25, 2026 1:35 PM (IST) Posted by Amar Deep
400 से ज्यादा पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान हुई
DCP सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने कहा, "हमारी जांच में यह भी पता चला है कि पाकिस्तान से चलाए जा रहे कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स गलत जानकारी फैला रहे हैं। दिल्ली पुलिस संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर ऐसे और अकाउंट्स की पहचान करने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक ऐसे 400 से ज़्यादा हैंडल्स की पहचान की गई है और उन्हें ब्लॉक किया गया है, क्योंकि वे AI से बने कंटेंट, डीपफेक वीडियो, एडिट की गई तस्वीरें और विरोध-प्रदर्शन से जुड़ी दूसरी गलत जानकारी फैला रहे थे। 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भी कुछ ऐसे हैंडल्स गलत जानकारी फैलाने में सक्रिय पाए गए थे। इन सोशल मीडिया अकाउंट्स ने कई सीनियर अधिकारियों के आधिकारिक बयानों को एडिट करके और विज़ुअल कंटेंट में हेर-फेर करके लोगों को गुमराह करने की कोशिश की।"
-
July 25, 2026 1:34 PM (IST) Posted by Amar Deep
सोशल मीडिया पर दिल्ली पुलिस की लगातार नजर
जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन से जुड़ी गुमराह करने वाली और गलत जानकारी पर DCP सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने कहा, "पिछले कई हफ़्तों से जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का विरोध प्रदर्शन चल रहा है। सोशल मीडिया पर जानकारी बहुत तेजी से वायरल होती है, लेकिन हर पोस्ट, वीडियो या फोटो सही हो, यह जरूरी नहीं है। किसी भी जानकारी पर भरोसा करने या उसे आगे शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई की जांच करना बहुत जरूरी है। दिल्ली पुलिस भी लगातार सोशल मीडिया पर नजर रख रही है। हम अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए फ़ेक न्यूज़, AI और डीपफ़ेक वीडियो, एडिट किए गए क्लिप और गुमराह करने वाली पोस्ट के बारे में लगातार जानकारी शेयर कर रहे हैं ताकि लोग सही और गलत जानकारी के बीच फ़र्क समझ सकें।"
-
July 25, 2026 1:03 PM (IST) Posted by Amar Deep
CJP की तीन मांगें क्या हैं?
- पहली मांग- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो या फिर सरकार उन्हें बर्खास्त करे
- दूसरी मांग- नीट पेपर लीक की वजह से जान गंवाने वाले 21 छात्रों के परिवारों को 1-1 करोड़ का मुआवजा मिले
- तीसरी मांग- प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज केस वापस लिए जाएं
-
July 25, 2026 12:22 PM (IST) Posted by Amar Deep
हम पीछे नहीं हटेंगे: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, "यह वही सिस्टम है जो छात्रों और युवाओं पर हमला कर रहा है। मैंने उनसे अंदर यही बात कही। मैंने कहा, चिंता मत करो। घबराओ मत। भारत सरकार की पूरी ताकत, सरकार का हर एक व्यक्ति भी आपको वहां से (प्रदर्शन स्थल से) नहीं हटा सकता। उन्हें (सरकार को) जो करना है, करने दें। अगर वे रोकना चाहते हैं, धमकाना चाहते हैं, तो वे कुछ भी कर सकते हैं... हम पीछे नहीं हटेंगे... वे भारत का भविष्य हैं। कोई उनसे लड़ नहीं सकता। नरेंद्र मोदी भारत का अतीत हैं; अतीत कभी भविष्य से नहीं लड़ सकता।"
-
July 25, 2026 11:58 AM (IST) Posted by Amar Deep
पीएम मोदी को माफी मांगनी चाहिए: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, "दूसरी बात... कल मैंने आपको एक युवक दिखाया था, जिसकी आंख में गोली लगी थी, और ऐसे हजारों युवा हैं जिनके पैर और सिर लाठीचार्ज में टूट गए हैं और जिनके शरीर में छर्रे लगे हैं। जिन लोगों ने ऐसा किया है - चाहे वे इसे आयोजित करने वाले हों या इसे अंजाम देने वाले - उन्हें सज़ा मिलनी चाहिए और उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। और तीसरी बात यह है कि इस पूरे सिस्टम के मुखिया, यानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छात्रों और देश के भविष्य के साथ जो कुछ भी हुआ है, उसके लिए माफ़ी मांगनी चाहिए।"
-
July 25, 2026 11:57 AM (IST) Posted by Amar Deep
धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही होगा: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, "मिस्टर मोदी की कैबिनेट में इस बात पर चर्चा हो रही है कि धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाकर किसी दूसरे मंत्रालय में भेज दिया जाए। भारत के छात्रों को यह मंज़ूर नहीं है। यह किसी को भी मंज़ूर नहीं है। इसकी वजह यह है कि प्रधान भ्रष्टाचार और भारत के बच्चों के भविष्य के साथ जो हुआ है, उसके प्रतीक हैं। वे इस देश की सबसे कीमती चीज़ - यानी हमारे छात्रों और उनके भविष्य - की बर्बादी के प्रतीक हैं। इसलिए, धर्मेंद्र प्रधान को इधर-उधर करने, पीछे या आगे करने या ऐसी किसी भी चीज़ पर कोई बातचीत नहीं होगी। धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही होगा।"
-
July 25, 2026 11:54 AM (IST) Posted by Amar Deep
राहुल गांधी ने जंतर मंतर पर छात्रों से की मुलाकात
राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, "छात्रों की तीन ऐसी मांगें हैं जिन पर कोई समझौता नहीं हो सकता। पहली मांग यह है कि शिक्षा मंत्री को उनके पद से हटाया जाए, क्योंकि वे भ्रष्ट और अयोग्य हैं और इस पद के लिए उपयुक्त नहीं हैं।"
-
July 25, 2026 11:51 AM (IST) Posted by Amar Deep
भारत की शिक्षा व्यवस्था पर कब्जा कर लिया गया: राहुल गांधी
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "हमारे जो छात्र भूख हड़ताल पर बैठे थे, वे मुझसे मिले और हमने बातचीत की। हमने आंदोलन, RSS और इस बारे में बात की कि कैसे भारत की शिक्षा व्यवस्था पर कब्ज़ा कर लिया गया है।"
-
July 25, 2026 11:45 AM (IST) Posted by Amar Deep
दिल्ली पुलिस आज करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
दिल्ली पुलिस ने बताया कि जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ी गुमराह करने वाली और गलत जानकारी पर सफाई देने के लिए आज दिल्ली पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। पुलिस सोशल मीडिया पर फैल रही गलत जानकारी पर अपना पक्ष रखेगी। सेंट्रल DCP रोहित राजबीर सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।
-
July 25, 2026 11:27 AM (IST) Posted by Amar Deep
इस्तीफे पर जवाब मिलने की उम्मीद है: आशुतोष रांका
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, "हमें उम्मीद है कि आज मुआवजे और कानूनी कार्रवाई के मुद्दों पर लिखित समझौता हो जाएगा। साथ ही, हमें इस आंदोलन की मुख्य मांग - केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े - पर भी जवाब मिलने की उम्मीद है। अगर धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो विरोध प्रदर्शन और तेज हो जाएगा और हमें जल्द ही आंदोलन के लिए एक और देशव्यापी आह्वान करना होगा।"
-
July 25, 2026 11:05 AM (IST) Posted by Amar Deep
2 हजार क्रिमिनल्स प्रदर्शन में शामिल हुए
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार 130 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इस मामले में 15 FIR दर्ज की गई हैं। वहीं विरोध प्रदर्शन में लगभग 65 छात्र घायल हुए। जंतर-मंतर और उसके आसपास औसतन 10,000 लोग मौजूद हैं, और वहां 3,000 पुलिसकर्मी तैनात हैं। फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) कैमरों की मदद से, दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर आने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर रही है। पुलिस ने अब तक ऐसे 2,000 से ज़्यादा लोगों की पहचान की है जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और जो जंतर-मंतर आए थे।
-
July 25, 2026 10:44 AM (IST) Posted by Amar Deep
अभिजीत दीपके को हुआ टाइफाइड
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को टाइफाइड हो गया है। एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर उन्होंने इसकी जानकारी दी है। अभिजीत दीपके ने कॉकरोचों से अपना प्रदर्शन जारी रखने की अपील की है।
-
July 25, 2026 10:18 AM (IST) Posted by Amar Deep
हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज
कर्तव्य पथ पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR में बड़ा खुलासा हुआ है। FIR में हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं। रेल भवन और संसद के बेहद नजदीक हुई हिंसा मामले में हत्या के प्रयास की धारा लगाई गई। कर्तव्य पथ पुलिस स्टेशन में दर्ज एक FIR में हत्या के प्रयास के लिए BNS 109(1) समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। ये FIR कर्तव्य पथ थाने में तैनात एक इंस्पेक्टर की शिकायत पर दर्ज हुई है। FIR में रफी मार्ग पर हुई हिंसा का पुलिस पक्ष दर्ज किया गया। (इनपुट- कुमार सोनू)
-
July 25, 2026 9:55 AM (IST) Posted by Amar Deep
क्राइम ब्रांच करेगी पेलेट गन मामले की जांच
पुलिस पर हमले के बाद सुरक्षा की पूरी रणनीति बदली गई है। वहीं पेलेट गन इस्तेमाल के आरोपों की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। इसके अलावा पेपर लीक मामले की जांच के लिए दिल्ली पुलिस ने स्पेशल STF बनाई है। इससे भर्ती परीक्षा माफिया पर शिकंजा कसा जाएगा। (इनपुट- अभय पराशर)
-
July 25, 2026 9:34 AM (IST) Posted by Amar Deep
वीकेंड पर शराब की दुकानें 8 बजे ही होगी बंद
सूत्रों के मुताबिक, जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए वीकेंड खत्म होने तक दिल्ली भर में शराब की दुकानें आम समय से दो घंटे पहले बंद कर दी जाएंगी। यानी पहले जहां शराब की दुकानें रात 10 बजे तक खुलती थीं वहीं अब रात 8 बजे ही ये दुकानें बंद कर दी जाएंगी। दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "वीकेंड तक दुकानें अब रात 8 बजे तक ही खुलेंगी। यह फ़ैसला पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर लिया गया है, जिसमें जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शन के कारण बने हालात का ज़िक्र किया गया था।"
-
July 25, 2026 9:17 AM (IST) Posted by Amar Deep
'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा देंगे या नहीं, सरकार स्पष्ट करे'- आशुतोष रांका
सरकार के साथ बैठक के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, "कल की बैठक में कम्पेनसेशन और लीगल मामलों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। एक इन-प्रिंसिपल एग्रीमेंट हुआ था। हमें उम्मीद है कि आज वह रिटर्न एग्रीमेंट भी मिल जाएगा लेकिन जो मुख्य मांग है- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अभी तक कोई ठोस फैसला नहीं आया है। अगर प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हमें बता दें, फिर इस तरह की मीटिंग का कोई मतलब नहीं है। हम अपनी आगे की रणनीति पर काम करेंगे।"
सरकार द्वारा NTA के 47 अधिकारियों को बर्खास्त करने पर उन्होंने कहा, "हमें बहुत सारी डिटेल्स देखनी होंगी लेकिन हम फिर से वही बात कर रहे हैं। आखिरी जवाबदेही शिक्षा मंत्री की है, क्योंकि वे सभी पेपर लीक और NEET पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। उन्हें इस्तीफा देना होगा। हम लगातार दूसरे बड़े सुधारों पर चर्चा कर रहे हैं।"
-
July 25, 2026 9:02 AM (IST) Posted by Amar Deep
जंतर मंतर की सुरक्षा व्यवस्था बदली
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह बदल दी है। अब प्रदर्शन स्थल और आसपास के मार्गों की सुरक्षा के लिए 18 डीसीपी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा हर रूट की निगरानी अलग जिला पुलिस करेगी। गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। वहीं स्पेशल सीपी पूरे ऑपरेशन की निगरानी करेंगे। इस दौरान भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक पर खास फोकस रहेगा। (इनपुट- अभय पराशर)
-
July 25, 2026 8:49 AM (IST) Posted by Amar Deep
भीड़ में क्रिमिनल्स के शामिल होने का खुलासा
वहीं जंतर-मंतर प्रोटेस्ट के दौरान हुई हिंसा को लेकर बड़ी साजिश की खबर भी सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक जंतर-मंतर पर प्रोस्टेस्ट के दौरान क्रिमिनल बैकग्राउंड के 2500 लोग शामिल थे। ये क्रिमिनल भीड़ में घुसकर पुलिस को निशाना बना रहे थे। दिल्ली पुलिस के FRS सिस्टम से ये बड़ा खुलासा हुआ है। ये क्रिमिनल्स चाकू और तेजधार हथियार से हमला कर रहे थे। दरअसल, 20 जुलाई की हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस ने FRS सिस्टम लगाया था, जिसमें यह खुलासा हुआ। 21, 22 और 23 जुलाई को 2500 बदमाश डिटेक्ट किए गए। अभी तक दिल्ली पुलिस ने कुल 15 FIR दर्ज की हैं।
-
July 25, 2026 8:32 AM (IST) Posted by Amar Deep
दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन बंद
वहीं सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए DMRC ने आज 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। नई दिल्ली, राजीव चौक, मंडी हाउस समेत कुल 18 मेट्रो स्टेशन आज सुबह साढ़े सात बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे। सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया है। आज सेंट्रल दिल्ली के जिन 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला लिया गया है, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। यानी यात्री यहां ट्रेन बदल सकेंगे लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या एंट्री की अनुमति नहीं होगी।
-
July 25, 2026 8:20 AM (IST) Posted by Amar Deep
जंतर मंतर पर बढ़ाई गई सुरक्षा
आज और कल वीएंड है, जिसके चलते जंतर मंतर पर बहुत ज्यादा भीड़ आ सकती है। इसको लेकर भी सरकार अलर्ट है। CJP के बड़े आंदोलन की धमकी के बाद दिल्ली में पुलिस ने जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ा दी है। यहां बैरिकेड्स को वेल्डिंग कर आपस में जोड़ा गया है। इसके साथ ही सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने और बैरिकेड लगाए हैं, जिन्हें हेवी ड्यूटी चेन से जोड़ा गया है और वेल्डिंग की गई है।
-
July 25, 2026 8:15 AM (IST) Posted by Amar Deep
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी सीजेपी
आज दोपहर साढ़े 3 बजे सरकार की तरफ से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह और CJP की तरफ से सौरव दास और आशुतोष रांका के बीच बैठक होगी। सरकार आज CJP की तीन मांगों पर जवाब दे सकती है। इसमें सबसे बड़ा फैसला शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर होना है, जिसकी मांग कॉकरोच जनता पार्टी पहले दिन से कर रही है। ऐसे में सरकार की पूरी कोशिश है कि किसी तरह CJP नेताओं को प्रोटेस्ट खत्म करने पर राजी करे, जिससे जंतर मंतर पर चल रहा प्रोटेस्ट खत्म हो। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी ने साफ कर दिया है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता है। उनका आंदोलन जारी रहेगा।