राहुल गांधी, प्रियंका और अखिलेश यादव रिहा, पीएम आवास के बाहर से हिरासत में लिया गया था
पीएम आवास के बाहर धरना दे रहे राहुल गांधी, प्रियंका को हिरासत में ले लिया गया। वहीं धरनास्थल पर पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी डिटेन कर लिया गया। बाद में इन नेताओं को रिहा कर दिया गया।

जहां एक ओर जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन चल रहा था वहीं कांग्रेस ने एक अलग रणनीति अपनाई और राहुल गांधी की अगुवाई में पार्टी के सीनियर नेता प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर जा बैठे। सरकार की ओर से उन्हें मनाने की कोशिश हुई. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उनसे बातचीत की लेकिन राहुल पीएम आवास के बाहर से हटने के लिए तैयार नहीं हुए। वहीं दिल्ली पुलिस ने उनसे जंतर-मंतर जाने का अनुरोध किया लेकिन राहुल गांधी ने इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस का जमावड़ा बढ़ने लगा और फिर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं धरने का समर्थन करने पहुंचे अखिलेश यादव को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। देर रात इन नेताओं को पुलिस ने रिहा कर दिया।
बता दें कि सोमवार को हुए भारी बवाल के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर खाली करवा लिया था। हालांकि देर रात एक बार फिर से प्रदर्शनकारी वहां पर जुटने लगे, पुलिस ने भी किसी को नहीं रोका। वहीं आज कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन एक बार फिर से शुरू हो गया । पुलिस का कहना है कि शांति पूर्वक प्रदर्शन करने वालों को नहीं रोका जाएगा और ये भी साफ कर दिया है कि अगर किसी तरह का बवाल किया गया तो ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। एक तरफ प्रदर्शनकारियों ने फिर से मंच बना लिया है, तो वहीं पुलिस ने भी सुरक्षा को बढ़ा दिया है।
जंतर मंतर की ओर जाने वाले रास्ते खुले हैं, लेकिन संसद भवन की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सोमवार को सीजेपी के नेताओं ने केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। CJP के प्रवक्ता ने कहा है कि सरकार ने उन्हें विचार का भरोसा दिया है। हालांकि रात को प्रदर्शनकारियों के बीच अभिजीत दीपके ने कहा कि अब सरकार से कोई बात नहीं होगी, जिसे भी बात करनी होगी वो जंतर-मंतर पर आएगा। साथ ही आज विपक्ष के कई नेता जंतर-मंतर पर पहुंच सकते हैं। कुल मिलाकर आज पुलिस बेहद सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारी कर रही है।
Live updates : Jantar Mantar Protest Live
-
July 21, 2026 11:59 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
राहुल गांधी अराजकता की राजनीति के प्रतीक-नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, "आज जिस प्रकार से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कृत्य किया है वो पूरी तरह से अशोभनीय है निंदनीय है। नेता प्रतिपक्ष जिस गरिमा का पद है उस पद को भी राहुल गांधी गंभीरता से नहीं लेते हैं ये उनके व्यवहार में दिखा। पीएम आवास पर जिस प्रकार का अराजकता फैलाने का प्रयास राहुल गांधी ने किया है। ये स्पष्ट संदेश देता है कि ये विरोध की राजनीति नहीं अराजकता वादी राजनीति के परिचायक बनते जा रहे हैं।"
-
July 21, 2026 11:27 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
रिहा होने के बाद राहुल घर पहुंचे
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपने घर पहुंचे गए हैं। आज प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। राहुल गांधी को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया था। राहुल के साथ अखिलेश, प्रियंका को भी हिरासत में लिया गया था।
-
July 21, 2026 11:13 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
उद्धव ठाकरे जंतर मंतर पहुंचे
शिवसेना (UBT) के सुप्रीमो उद्धव ठाकरे कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में जंतर मंतर पहुंचे। उनके साथ संजय राउत और अन्य सीनियर नेता भी थे। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके हाथ पकड़कर उद्धव ठाकरे को मंच के ऊपर ले गए। छत्रपति शिवाजी महाराज की जय के नारे लगाए गए।
-
July 21, 2026 11:05 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
कनॉट प्लेस में पत्थरबाजी
कनॉट प्लेस में उपद्रवियों ने पत्थरबाजी की। डीसीपी नई दिल्ली के मुताबिक यंगस्टर्स का एक ग्रुप ने पुलिस फोर्स पर पथराव किया, बैरिकेड्स गिराए, पुलिस ने दूर रहकर शांति बनाने की अपील की। पुलिस ने कहीं भी बलप्रयोग नहीं किया। कुछ मिनटों में स्थिति शांत हो गई थी।
-
July 21, 2026 11:01 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
राहुल, प्रियंका, अखिलेश रिहा
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव को रिहा कर दिया गया है। पीएम आवास के पास धरना दे रहे इन नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। राहुल और अखिलेश को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया था जबकि प्रियंका गांधी को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया था।
-
July 21, 2026 9:26 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
सोनिया गांधी मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचीं
कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी की चेयरपर्सन सोनिया गांधी मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचीं। लोक कल्याण मार्ग पर पीएम आवास के बाहर प्रोटेस्ट कर रहे और दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए नेताओं को कुछ देर पहले पुलिस स्टेशन लाया गया है। बता दें कि प्रियंका गांधी को भी मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन में रखा गया है।
-
July 21, 2026 8:16 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
राहुल, अखिलेश को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया
राहुल गांधी और अखिलेश यादव को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया है जबकि प्रियंका गांधी, दीपेंद्र हुड्डा को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया है। अखिलेश यादव की बस जब छत्रसाल स्टेडिम पहुंचे तो समर्थकों ने उनके बस को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की।
-
July 21, 2026 6:51 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
राहुल गांधी, प्रियंका को हिरासत में लिया गया
पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इससे पहले पुलिस ने धरना स्थल पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी कांग्रेस के सीनियर नेताओं के साथ पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गए थे। उनके साथ मल्लिकार्जुन खरगे, डीके शिवकुमार, केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के सीनियर ने्ता मौजूद थे। राहुल और प्रियंका के सुरक्षाकर्मियों को भी हिरासत में लिया गया है। प्रियंका गांधी लगातार बस के गेट पर खड़ी रही,महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें बस के अंदर करने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं मानी।फिर तीन चार महिला पुलिसकर्मी ने उन्हें पकड़ा और गेट पर खड़े-खड़े ही उन्हें डिटेन करके ले जाया गया।
-
July 21, 2026 6:40 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
राहुल गांधी को हटाने की कोशिश, अखिलेश यादव को हिरासत में लिया गया
पीएम आवास के बाहर धरना पर बैठे कांग्रेस नेताओं को हटाने की कोशिश शुरू हो गई है। धरने के समर्थन में पहुंचे अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है जबकि राहुल गांधी को हटाने की कोशिश की जा रही है।
-
July 21, 2026 6:23 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
राहुल का अपनी बात से मुकर जाना दुर्भाग्यपूर्ण-जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह सोशल मीडिया पर पोस्ट में राहुल के साथ हुई बातचीत का उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी ने यह मांग रखी कि यदि सरकार संसद में NEET और उससे संबंधित आंदोलन के साथ जुड़े सभी विषयों पर चर्चा करने के लिए मान जाती है, तो वह अपना धरना तुरंत समाप्त कर देगें। कुछ ही क्षणों में सरकार के शीर्ष नेतृत्व की अनुमति लेने के बाद, राहुल गांधी को यह आश्वसान दिया गया कि उनकी मांग को मान लिया गया है, तथा सरकार NEET और उससे संबंधित आंदोलन के साथ जुड़े सभी विषयों पर संसद में चर्चा करने को तैयार है। इस पर राहुल गांधी बोले कि वह इतने पर ही नहीं मानेंगे उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का भी आश्वसान चाहा। राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष का अपनी बात से मुकर जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और लोकंतंत्र की हर मर्यादा के विपरीत है।
-
July 21, 2026 6:12 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस
सरकार की तरफ से कांग्रेस को ऑफर दिया गया कि सरकार कल इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों पर लाठी चार्ज के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है।
-
July 21, 2026 5:42 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
राहुल गांधी ने देशवासियों से धरना में शामिल होने की अपील की
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में देशवासियों से अपील की है कि वे पीएम आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों। उन्होंने छात्रों पर हमले को हर भारतीय परिवार पर हमला बताया है साथ ही कहा कि छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
-
July 21, 2026 5:21 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंचे अरविंद केजरीवाल
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा, "मोदी जी के अपने बच्चे नहीं हैं, इसलिए उन्हें नहीं पता कि बच्चे होने का क्या मतलब होता है। ये सभी हमारे बच्चे हैं। बच्चों को पीटना सही नहीं है। छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की गई हैं। मैं छात्रों से कहना चाहता हूं कि वे डटे रहें। सबसे बड़े तानाशाह को भी जनता के सामने झुकना ही पड़ता है।"
-
July 21, 2026 5:17 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
जंतर-मंतर जाने को तैयार नहीं राहुल गांधी
प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं के साथ धरने पर बैठे राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर जाने का अनुरोध किया लेकिन राहुल गांधी जंतर-मंतर जाने को तैयार नहीं हुए। बता दें कि प्रधानमंत्री आवास के सुरक्षा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां काफी चौकस हैं।
-
July 21, 2026 4:56 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
राहुल गांधी से धरना खत्म करने का अनुरोध
केंद्र सरकार में मंत्री जितेंद्र सिंह के साथ केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन भी थे। उन्होंने राहुल गांधी के कुछ देर बातचीत की। बताया जाता है कि राहुल गांधी से पीएम आवास के बाहर धरना खत्म करने का अनुरोध किया गया।
-
July 21, 2026 4:48 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी, मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह
लोकसभा में नेता विपत्र राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। उनसे बातचीत करने केंद्र सरकार में मंत्री जितेंद्र सिंह पहुंचे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, केरल के सीएम वीडी सतीशन के साथ ही कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार समेत कई सीनियर नेता मौजूद हैं।
-
July 21, 2026 2:54 PM (IST) Posted by Amar Deep
खोले गए जंतर मंतर के सभी रास्ते
जंतर मंतर पर अब सभी जगहों से एंट्री खोल दी गई है। प्रोटेस्ट साइट तक अब केरला भवन और संसद मार्ग थाने से भी जा सकते हैं। सुबह से ये सड़क बंद थी।
-
July 21, 2026 2:49 PM (IST) Posted by Amar Deep
जल्द ही जंतर-मंतर जा सकते हैं केजरीवाल
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल अभी भी पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में हैं और जल्द ही वह जंतर-मंतर पर पहुंच सकते हैं। उनका यह दौरा सीजेपी के जारी विरोध-प्रदर्शन और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर भारी राजनीतिक सरगर्मी के बीच हो रहा है। (इनपुट- गोनिका अरोरा)
-
July 21, 2026 2:26 PM (IST) Posted by Amar Deep
90 छात्र हुए घायल
दिल्ली में हुए कल के प्रदर्शन में 90 छात्र घायल हुए हैं। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर है, जिसे आईसीयू में रखा गया है। घायल छात्रा की उम्र 20 साल है, जो दिल्ली के शिव विहार से है और वो कंप्यूटर का कोर्स करती है। जंतर मंतर में हुई भगदड़ में वो जमीन पर गिर गई थी। आज सुबह तक 79 छात्रों को डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि 9 छात्र बिना बताए अस्पताल से चले गए। (इनपुट- पवन नारा)
-
July 21, 2026 1:50 PM (IST) Posted by Amar Deep
'मेदांता शिफ्ट करने पर कोई आपत्ति नहीं': हाई कोर्ट से सरकार
दिल्ली हाई कोर्ट में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि अगर याचिकाकर्ता के पति को मेदांता अस्पताल ले जाना है तो सरकार को इस पर कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि मरीज को अस्पताल से छुट्टी (डिस्चार्ज) मेदांता के डॉक्टरों की सलाह पर ही दी जानी चाहिए, न कि उनकी अपनी इच्छा से।
सॉलिसिटर जनरल ने कोर्ट में यह भी कहा कि मरीज के आसपास मौजूद कुछ लोग उसकी सेहत की परवाह किए बिना उसे अस्पताल से बाहर ले जाना चाहते हैं। सुनवाई के दौरान सोनम वांगचुक के डॉक्टर लांबा भी कोर्ट में मौजूद रहे। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाई कोर्ट ने कहा कि वह इस मामले में दोपहर 2:30 बजे अपना आदेश सुनाएगा। (इनपुट- अतुल भाटिया)
-
July 21, 2026 1:48 PM (IST) Posted by Amar Deep
पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन पहुंचे केजरीवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद केजरीवाल पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन गए। केजरीवाल ने हिंदी में एक X पोस्ट में कहा, "अभी पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन आए हैं। अभी DCP से मिलने के लिए उनके कमरे के बाहर बैठे हैं। उनका इंतज़ार कर रहे हैं। पुलिस निम्न जानकारी पब्लिक करे - कल के प्रदर्शन से संबंधित जितनी FIR की गई हैं, उसकी पूरी लिस्ट और जिन बच्चों को बिना FIR के गिरफ्तार किया हुआ है, उनकी लिस्ट। वे किस जेल में हैं।"
-
July 21, 2026 1:40 PM (IST) Posted by Amar Deep
आम आदमी पार्टी ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पार्टी ने घायल प्रदर्शनकारियों को मेडिकल मदद और हिरासत में लिए गए छात्रों के परिवारों को कानूनी सहायता देने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 8588833548 शुरू किया है। केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मैं प्रदर्शनकारियों के माता-पिता और परिवार के सदस्यों से कहना चाहता हूं: आपको डरने की ज़रूरत नहीं है, हम आपके साथ हैं। हेल्पलाइन नंबर पर मैसेज भेजें। हम आपसे संपर्क करेंगे और कानूनी व मेडिकल मदद देंगे।"
-
July 21, 2026 1:35 PM (IST) Posted by Amar Deep
सुप्रीम कोर्ट से स्वत: संज्ञान लेने की मांग
CJP प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। वकील नरेंद्र मिश्रा ने CJI सूर्यकांत को पत्र लिखकर इस मामले में खुद संज्ञान लेने की मांग की है। लेटर पिटीशन में कहा गया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान लोगों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन हुआ। साथ ही आरोप लगाया गया है कि दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के पहले दिए गए आदेशों का भी पालन नहीं किया। याचिका में मांग की गई है कि सुप्रीम कोर्ट इस पूरे मामले का स्वतः संज्ञान ले। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज की निगरानी में पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराई जाए। पत्र में यह भी मांग की गई है कि दिल्ली पुलिस, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और इस कार्रवाई में शामिल दूसरे अधिकारियों के खिलाफ उचित एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया जाए। (इनपुट- अतुल भाटिया)
-
July 21, 2026 12:53 PM (IST) Posted by Amar Deep
संसद की तरफ जाने वाला एक ही रास्ता खुला
CP की तरफ से संसद की ओर जाने वाला आज एक ही रास्ता खोला गया है। बाकी दो रास्तों केरल हॉउस और संसद मार्ग थाने से आने की पुलिस इज़ाज़त नहीं दे रही है। (इनपुट- शोएब रजा)
-
July 21, 2026 12:34 PM (IST) Posted by Amar Deep
RML अस्पताल के डॉक्टरों से मिले जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने RML अस्पताल में डॉक्टरों के साथ बैठक की। कल CJP के विरोध मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई में घायल हुए लोगों को यहां भर्ती कराया गया है।
-
July 21, 2026 12:24 PM (IST) Posted by Amar Deep
मुंबई में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस दर्ज
वहीं मुंबई में सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर मामला दर्ज किया गया है। मुंबई के दादर स्थित चैत्यभूमि परिसर में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों को हिरासत में भी लिया गया था। अब उन्हें जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं ली गई थी और उस समय क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू थी। इसके बावजूद प्रदर्शन किए जाने पर पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में लिया था। इस मामले में महिम पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 189(2), 189(3), 189(5), 223 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सभी आंदोलनकारियों को 27 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे जांच के सिलसिले में शिवाजी पार्क पुलिस थाने में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। पुलिस ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित व्यक्ति जांच में उपस्थित नहीं होते हैं, तो यह माना जाएगा कि उन्हें अपने पक्ष में कुछ नहीं कहना है। जिसके बाद उनके खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- सचिन)
-
July 21, 2026 12:03 PM (IST) Posted by Amar Deep
प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई तेज
संसद सत्र के दौरान हिंसा और हंगामे के मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। दिल्ली पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल 4 एफआईआर दर्ज कर ली हैं, जबकि 2 और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पहली एफआईआर संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली जिला क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में दर्ज की गई है। दूसरी एफआईआर कथित हिंसा की साजिश रचने के आरोप में दर्ज की गई है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान इस मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण सबूत हाथ लगे हैं।
इसके अलावा दो अन्य एफआईआर सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों में दर्ज की गई हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस दो और एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में है। ये मामले भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मारपीट, कानून अपने हाथ में लेने और अन्य संबंधित अपराधों से जुड़े हैं। (इनपुट- अतुल भाटिया)
-
July 21, 2026 11:51 AM (IST) Posted by Amar Deep
किन धाराओं में दर्ज हुआ केस
CJP प्रोटेस्ट मामले में थाना पार्लियामेंट स्ट्रीट में FIR दर्ज की गई है। यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता 2023; आर्म्स एक्ट, 1959 तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। इसमें नीचे दी गई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है-
- धारा 223(बी) BNS- लोक सेवक द्वारा विधिसम्मत आदेश की अवज्ञा या सरकारी कार्य में बाधा से संबंधित प्रावधान
- धारा 221 BNS- लोक सेवक के कार्य में बाधा डालना या उसे प्रभावित करना
- धारा 132 BNS- लोक सेवक पर हमला करना या बल का प्रयोग करना
- धारा 121(1) BNS- गैरकानूनी जमावड़े या हिंसक भीड़ से संबंधित अपराध
- धारा 189(3), 190, 191(2), 191(3), 192 BNS- दंगा, गैरकानूनी जमावड़ा, हिंसा
- धारा 324(5) BNS- सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने या गंभीर नुकसान पहुंचाने से संबंधित प्रावधान
- धारा 109(1) BNS- हत्या के प्रयास या गंभीर हिंसक कृत्य से संबंधित प्रावधान (यदि परिस्थितियां लागू हों)
- धारा 125 BNS- मानव जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य
- धारा 3(5) BNS- समान उद्देश्य या साझा मंशा के तहत सामूहिक रूप से अपराध करना
- धारा 61(2) BNS- आपराधिक साजिश (Criminal Conspiracy) से संबंधित प्रावधान
- आर्म्स एक्ट, 1959 की धारा 25(1AB)
- पीडीपीपी एक्ट की धारा 3- सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ करने या क्षति पहुंचाने का अपराध
संक्षेप में, इस एफआईआर में आरोप है कि आरोपितों ने गैरकानूनी तरीके से एकत्र होकर सार्वजनिक व्यवस्था भंग की, सरकारी कार्य में बाधा डाली, हिंसक गतिविधियों में शामिल हुए, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इन सभी आरोपों की जांच थाना पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और पीडीपीपी एक्ट के प्रावधानों के अनुसार की जा रही है। (इनपुट- अतुल भाटिया)
-
July 21, 2026 11:36 AM (IST) Posted by Amar Deep
अंग्रेजों ने भी ऐसी बर्बरता नहीं की: केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व सीएम और आप नेता अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "अंग्रेजों ने भी शायद स्वतंत्रता सेनानियों पर इस तरह का हमला नहीं किया होगा। इतने सारे वीडियो सोशल मीडिया पर घूम रहे हैं, इनमें बच्चे और लड़कियां गिड़गिड़ा रहे हैं, लेकिन पुलिस उनकी पिटाई कर रही है। निहत्थे बच्चों पर पुलिस ने लाठियों से हमला किया। बिना जरूरत के टियर गैस के गोले छोड़े गए। कई परिजन कह रहे हैं कि उनके बच्चे गायब हैं उन्हें मिल नहीं रहे हैं। इस तरह की निर्ममता नहीं देखी गई।"
-
July 21, 2026 11:26 AM (IST) Posted by Amar Deep
प्रदर्शन से जुड़े व्हाट्सएप ग्रुप आए सामने
दिल्ली पुलिस की जांच में कई व्हाट्सएप ग्रुप सामने आए हैं। इनमें एक ग्रुप का नाम चलो संसद, तो दूसरे ग्रुप का नाम JNU संसद चलो कोआर्डिनेशन है। ग्रुप में प्रदर्शनकारियों को भड़काने वाले पोस्ट किए गए। प्रदर्शनकारी की मौत होने पर सरकार पर बनेगा दबाव जैसे मेसेज ग्रुप में किए गए हैं। व्हाट्सएप्प ग्रुप में कई आपत्तिजनक पोस्ट भी किए गए हैं। ये सभी पोस्ट को करने वाले उपद्रवियों की दिल्ली पुलिस तलाश कर रही है। (इनपुट- अभय पराशर)
-
July 21, 2026 11:13 AM (IST) Posted by Amar Deep
प्रियंका गांधी ने उठाया पेपर लीक का मामला
युवाओं के विरोध-प्रदर्शन पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "हम इस मुद्दे को काफी समय से उठा रहे हैं ये कोई नया मुद्दा नहीं है लेकिन मुद्दा ये है कि बार-बार ये हो रहा है लेकिन इस पर कार्रवाई नहीं हो रही है। मुझे याद है जब मैं यूपी में काम कर रही थी तो जब पेपर लीक हुए थे उसमें सबसे नीचे वाले अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया था और दो दिन के लिए रखा और उसके बाद बात वहीं रुक जाती है, किसी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अभी ये मुद्दा इसलिए ज्वलंत हैं क्योंकि ये देश के युवा है और उनके मां-पाप उन्हें लोन लेकर पढ़ाते हैं। ये कितनी मुश्किल परिस्थिति है, बच्चा कह रहा है कि क्या मैं संघर्ष ही करता रहूं? ये बहुत गंभीर मामला है, इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता है। आज बच्चे बहुत दुखी हैं।"
-
July 21, 2026 10:57 AM (IST) Posted by Amar Deep
प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
जंतर मंतर प्रोटेस्ट की आड़ में हुई हिंसा, तोड़फोड़, सरकारी संपत्ति को नुकसान, सरकारी कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी से रोकने, पुलिसकर्मियों के सामान छीनने के मामले में दिल्ली पुलिस ने पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन और कनॉट प्लेस थाने में बीएनएस की अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। (इनपुट- अभय परासर)
-
July 21, 2026 10:28 AM (IST) Posted by Amar Deep
अब कैसी है सोनम वांगचुक की सेहत?
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक अभी भी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं। सफदरजंग अस्पताल और एम्स के डॉक्टर मिलकर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। उनका कहना है कि भले ही उनका ब्लड शुगर लेवल कम है, लेकिन उनकी कुल मिलाकर सेहत स्थिर है। अस्पताल की ओर से जारी ताज़ा हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि वांगचुक के ज़रूरी मेडिकल पैरामीटर स्थिर हैं, हालांकि किसी भी तरह की दिक्कत से बचने के लिए लगातार निगरानी ज़रूरी है।
-
July 21, 2026 10:21 AM (IST) Posted by Amar Deep
जंतर-मंतर पर CJP के करीब 200 प्रदर्शनकारी मौजूद
जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन जारी है और मौके पर अभी भी करीब 200 समर्थक मौजूद हैं। जंतर-मंतर पर भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारी स्थिति पर बारीकी से नज़र रखे हुए हैं।
-
July 21, 2026 10:13 AM (IST) Posted by Amar Deep
सफदरजंग अस्पताल में बढ़ाई गई सुरक्षा
सफदरजंग अस्पताल के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, जहां एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के साथ-साथ अपना इलाज भी करवा रहे हैं। दिल्ली हाई कोर्ट ने अस्पताल को उनकी पैथोलॉजिकल रिपोर्ट और ताजा हेल्थ बुलेटिन जमा करने का निर्देश दिया है। साथ ही, उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो की याचिका पर मंगलवार को यह तय किया जाएगा कि उन्हें किसी प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट किया जा सकता है या नहीं।
-
July 21, 2026 10:10 AM (IST) Posted by Amar Deep
CCTV फुटेज की जांच कर रही दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस ने CJP विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की जांच तेज कर दी है। अब यह जांच मुख्य रूप से वीडियो सबूतों पर केंद्रित है। अधिकारी झड़पों में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए 250 से ज़्यादा वीडियो की जांच कर रहे हैं, जिनमें मोबाइल फ़ोन रिकॉर्डिंग, CCTV फुटेज, ड्रोन विज़ुअल्स और पुलिस बॉडी कैमरा फुटेज शामिल हैं।
जांचकर्ता यह भी पता लगाएंगे कि क्या आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और क्या हिंसा पहले से सोची-समझी साजिश थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इसमें शामिल लोग किसी सुनियोजित रणनीति के तहत जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए थे और क्या वही लोग 20 मार्च को BJP के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा में भी शामिल थे। जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या नई दिल्ली में अशांति से पहले लोगों को इकट्ठा करने या भड़काने के लिए WhatsApp या Telegram ग्रुप का इस्तेमाल किया गया था।
(इनपुट- कुमार सोनू)
-
July 21, 2026 10:03 AM (IST) Posted by Amar Deep
संसद परिसर में धरने पर बैठे चंद्रशेखर आजाद
आज़ाद समाज पार्टी - कांशी राम के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वे पेपर लीक के मामले और कल CJP के विरोध मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
-
July 21, 2026 10:01 AM (IST) Posted by Amar Deep
दिल्ली पुलिस ने दर्ज की नई FIR
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और तोड़-फोड़ के मामले में कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में एक और FIR दर्ज की है। यह मामला अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है और अशांति की जांच जारी है।
-
July 21, 2026 9:45 AM (IST) Posted by Amar Deep
118 से ज़्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम हुई झड़पों में 118 से ज़्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री के जवान घायल हो गए, जिनमें 10 IPS और दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने अस्पताल जाकर घायल जवानों से मुलाक़ात की और उनकी हालत का जायज़ा लिया।
-
July 21, 2026 9:40 AM (IST) Posted by Amar Deep
पुलिस ने 70 लोगों को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस ने CJP के विरोध मार्च के दौरान सोमवार को हुई हिंसा के सिलसिले में 70 लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पत्थरबाज़ी, तोड़-फोड़ और पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाओं के बाद की गई है।
-
July 21, 2026 9:23 AM (IST) Posted by Amar Deep
'बात करनी हो तो जंतर-मंतर पर आएं': अभिजीत दीपके
सोमवार देर रात प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए, सीजेपी नेता अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन स्थल के बाहर सरकार के साथ किसी भी प्रकार की बातचीत से इनकार किया। उन्होंने कहा, "सरकार के साथ अब कोई बातचीत नहीं होगी। जो भी हमसे बात करना चाहता है, जंतर-मंतर पर आए।"
-
July 21, 2026 9:16 AM (IST) Posted by Amar Deep
पुलिस ने संसद के आस-पास सुरक्षा बढ़ाई
अधिकारियों को आशंका है कि प्रदर्शनकारी एक बार फिर संसद की ओर मार्च करने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है। जंतर-मंतर जाने वाली सड़कें तो खुली हैं, लेकिन संसद की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा बल बढ़ा दिए गए हैं और पुलिस किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
-
July 21, 2026 9:13 AM (IST) Posted by Amar Deep
जंतर मंतर पर जुटे CJP के प्रदर्शनकारी
हिंसक झड़पों के बाद दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर खाली कराने के एक दिन बाद CJP के समर्थक एक बार फिर से जुट गए हैं। जंतर मंतर पर आज सुबह से ही प्रदर्शन शुरू हो गया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण ढंग से इकट्ठा होने की इजाजत तो दी, लेकिन संसद की ओर संभावित मार्च की आशंका को देखते हुए भारी सुरक्षा बल तैनात रखा।