1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा में पशुधन निरीक्षक के घर से भारी मात्रा में मिली नोटों की गड्डियां, रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

ओडिशा में पशुधन निरीक्षक के घर से भारी मात्रा में मिली नोटों की गड्डियां, रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

ओडिशा के नबरंगपुर ज़िले में विजिलेंस डिपार्टमेंट ने एक लाइवस्टॉक इंस्पेक्टर को 80,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं ज़्यादा संपत्ति रखने के आरोपों के चलते आरोपी से जुड़ी कई जगहों पर एक साथ छापेमारी भी की गई। आरोपी के घर से ₹8.24 लाख कैश बरामद किए गए।

लाइवस्टॉक इंस्पेक्टर के घर से बरामद पैसे- India TV Hindi
Image Source : REPORTER लाइवस्टॉक इंस्पेक्टर के घर से बरामद पैसे

ओडिशा के नबरंगपुर जिले में ओडिशा विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायघर में मुख्य जिला पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात लाइवस्टॉक इंस्पेक्टर (पशुधन निरीक्षक) प्रफुल्ल हलदर को ₹80 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मुख्यमंत्री कामधेनु योजना के तहत लाभार्थी की सब्सिडी जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

विजिलेंस के अनुसार, मुख्यमंत्री कामधेनु योजना के तहत संबंधित डेयरी किसान का चयन लाभार्थी के रूप में किया गया था। इस योजना के माध्यम से डेयरी किसानों को 1 से 5 गायों की डेयरी यूनिट स्थापित करने के लिए सहायता दी जाती है।

 लाभार्थी से मांगी 80 हजार रुपये रिश्वत

आरोप है कि पशुधन निरीक्षक प्रफुल्ल हलदर ने लाभार्थी से सब्सिडी की राशि जारी करने के बदले ₹80,000 की रिश्वत मांगी। इतना ही नहीं, उन्होंने कथित तौर पर धमकी भी दी कि अगर रिश्वत नहीं दी गई तो शिकायतकर्ता के साथ-साथ उसके गांव के अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी भी रोक दी जाएगी। बार बार रिश्वत की मांग से परेशान होकर लाभार्थी ने ओडिशा विजिलेंस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने ट्रैप बिछाया। तय योजना के अनुसार जब आरोपी अधिकारी रिश्वत की रकम ले रहे थे, तभी विजिलेंस की टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। 

कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹80,000 की पूरी रिश्वत राशि बरामद कर जब्त कर ली गई। विजिलेंस ने बताया कि आरोपी के दोनों हाथों की हैंड वॉश टेस्ट में सकारात्मक परिणाम मिले, जिससे यह पुष्टि हुई कि उन्होंने रिश्वत की रकम को छुआ और स्वीकार किया था।

यहां देखें वीडियो

आरोपी के घर से ₹8.24 लाख कैश बरामद 

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने आरोपी अधिकारी से जुड़े ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। उसके रायघर स्थित आवास और कार्यालय की तलाशी के दौरान घर से ₹8.24 लाख कैश बरामद किया गया, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। विजिलेंस ने आरोपी अधिकारी प्रफुल्ल हलदर को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

इस मामले में कोरापुट विजिलेंस थाना में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और विजिलेंस आरोपी की आय से अधिक संपत्ति सहित अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः तेलंगाना में धन कुबेर निकली तहसीलदार, ACB की रेड में अकूत संपत्ति का खुलासा; 12 लाख कैश और 1.20 करोड़ के गहने जब्त

कर्नाटक: ED ने आबकारी विभाग के 14 ठिकानों पर मारे छापे, करोड़ों रुपए कैश, ज्वैलरी और फॉरेन करेंसी बरामद

 

Latest India News