1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लोकपाल को 7 लोगों की टीम के लिए चाहिए 7 BMW कारें, निकाला टेंडर, जानें कितनी है कीमत

लोकपाल को 7 लोगों की टीम के लिए चाहिए 7 BMW कारें, निकाला टेंडर, जानें कितनी है कीमत

लोकपाल ने अपनी 7 सदस्यीय टीम के लिए 7 BMW 3 सीरीज 330Li (M स्पोर्ट) कारें खरीदने का टेंडर निकाला है, जिसकी कुल कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये है। सप्लायर को ड्राइवरों को 7 दिन की ट्रेनिंग देनी होगी। टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2025 है।

Lokpal BMW cars, Lokpal car tender 2025, BMW 3 Series 330Li- India TV Hindi
Image Source : BMW.IN लोकपाल ने 7 BMW 3 सीरीज कारें खरीदने के लिए टेंडर निकाला है।

नई दिल्ली: भ्रष्टाचार विरोधी संस्था लोकपाल ने 7 सदस्यों वाली अपनी टीम के लिए 7 लग्जरी BMW कारें खरीदने का फैसला किया है। इन कारों की कुल कीमत करीब 5 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। इसके लिए लोकपाल ने एक खुला टेंडर जारी किया है, जिसमें 7 BMW 3 सीरीज 330Li (M स्पोर्ट) मॉडल की कारें मांगी गई हैं। ये कारें लंबी व्हीलबेस वाली और सफेद रंग की होंगी। BMW की वेबसाइट के मुताबिक, BMW 3 सीरीज लंबी व्हीलबेस कार अपने सेगमेंट में सबसे ज्यादा जगह वाली और आरामदायक सफर का अनुभव देने वाली कार है। शक्तिशाली इंजन वाली इस कार की दिल्ली में ऑन-रोड कीमत करीब 69.5 लाख रुपये है।

ड्राइवरों के लिए खास ट्रेनिंग का इंतजाम

लोकपाल ने टेंडर में यह भी साफ किया है कि कारें सप्लाई करने वाली कंपनी को ड्राइवरों और अन्य स्टाफ के लिए 7 दिन की ट्रेनिंग देनी होगी। यह ट्रेनिंग गाड़ियों की डिलीवरी के 15 दिन के अंदर पूरी करनी होगी। ट्रेनिंग में क्लासरूम सेशन और सड़क पर प्रैक्टिकल ड्राइविंग दोनों शामिल होंगे। इसमें ड्राइवरों को कार के सभी कंट्रोल्स, सेफ्टी सिस्टम, फ्यूल एफिशिएंसी, ड्राइविंग मोड्स, इमरजेंसी हैंडलिंग और इंफोटेनमेंट सिस्टम की जानकारी दी जाएगी।

हर ड्राइवर को कम से कम 50 किलोमीटर और जरूरत पड़ने पर 100 किलोमीटर तक प्रैक्टिकल ड्राइविंग का मौका मिलेगा। इस दौरान ट्रेनर की निगरानी में एक लॉगबुक मेंटेन की जाएगी, जिस पर ट्रेनर और ड्राइवर दोनों के दस्तखत होंगे। ट्रेनिंग का खर्चा, जिसमें ट्रेनर का मेहनताना, यात्रा, रहना, ईंधन, सामग्री और अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं, पूरी तरह से सप्लायर कंपनी को वहन करना होगा। लोकपाल इस पर कोई अतिरिक्त खर्च नहीं करेगा।

कहां होगी ट्रेनिंग, क्या हैं टेंडर की शर्तें?

ट्रेनिंग लोकपाल के दिल्ली के वसंत कुंज इंस्टीट्यूशनल एरिया स्थित दफ्तर में या फिर दोनों पक्षों की सहमति से किसी दूसरी जगह पर होगी। टेंडर जमा करने की आखिरी तारीख 6 नवंबर 2025 है, और अगले दिन यानी 7 नवंबर को बिड खोली जाएगी। टेंडर में हिस्सा लेने वाली कंपनियों को 10 लाख रुपये की बयाना राशि यानी कि EMD जमा करनी होगी। कारों की डिलीवरी सप्लाई ऑर्डर मिलने के 30 दिन के अंदर करनी होगी, जिसमें कोई देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बता दें कि लोकपाल में इस वक्त एक चेयरमैन और 6 सदस्य हैं, जबकि इसकी स्वीकृत संख्या 8 है। ये नई कारें इन सदस्यों के लिए खरीदी जा रही हैं। (PTI)

Latest India News