नई दिल्ली: महादेव ऑनलाइन बैटिंग ऐप मामले में जांच एजेंसियों को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर के करीबी रवि उप्पल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में ले लिया गया है। रवि उप्पल को महादेव ऑनलाइन बैटिंग ऐप सिंडिकेट में सौरभ चंद्राकर का खास सहयोगी बताया जाता है। महादेव ऐप के जरिए कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और वित्तीय लेनदेन का नेटवर्क चलाने के आरोप हैं। इस मामले में भारतीय जांच एजेंसियां लंबे समय से सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।
शीघ्र भारत लाया जाएगा, प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू
जानकारी के मुताबिक भारत की मांग पर दुबई के अधिकारियों ने रवि उप्पल को अस्थायी रूप से हिरासत में लिया है। भारत सरकार ने रवि उप्पल को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रवि उप्पल महादेव ऐप के दो मुख्य प्रमोटरों में से एक है। दूसरा प्रमोटर सौरभ चंद्राकर है। कुछ दिन पहले ही सौरभ चंद्राकर को सीबीआई द्वारा ओमान से भारत लाया गया है।
इंटरपोल ने जारी किया था रेड कॉर्नर नोटिस
रवि उप्पल के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी है। अक्टूबर 2023 में भी दुबई पुलिस ने रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में जमानत मिल गई थी। इसके बाद रवि उप्पल दुबई छोड़कर प्रशांत महासागर के देश वानुआतु चला गया था। रवि उप्पल ने वानुआतु की नागरिकता भी हासिल कर ली थी।
रेड कॉर्नर नोटिस हटवाने की कोशिश
उसने इंटरपोल से अपना रेड कॉर्नर नोटिस हटवाने की कोशिश की, लेकिन जनवरी में ED ने उसकी याचिका का विरोध किया था। नवंबर 2025 में ED को जानकारी मिली थी कि रवि उप्पल UAE में भी लापता है और उसका पता नहीं चल पा रहा है। ED ने इंटरपोल को बताया था कि रवि उप्पल करीब 6,000 करोड़ रुपये के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वांछित आरोपी है। सुप्रीम कोर्ट भी ED को रवि उप्पल का पता लगाने का निर्देश दे चुका है।
अब भारत की कोशिश है कि रवि उप्पल को जल्द से जल्द प्रत्यर्पित कराकर भारत लाया जाए। जांच एजेंसियां महादेव ऐप के जरिए कथित सट्टेबाजी, रिश्वत और संरक्षण राशि के लेन-देन को लेकर उससे पूछताछ करना चाहती हैं। जल्द ही कानूनी प्रक्रिया के बाद सीबीआई रवि उप्पल को भारत लेकर पहुंचेगी।
ये भी पढ़ें:
जूस की दुकान चलाने से लेकर दुबई में 200 करोड़ की शादी तक, सौरभ चंद्राकर ने कैसे बनाई इतनी संपत्ति? ED की जांच में खुलासा
Latest India News