1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. VIDEO: शख्स का गुप्तांग कटा मिला शव, तंत्र-मंत्र के शक में दर्दनाक हत्या; जानकर रूह कांप जाएगी

VIDEO: शख्स का गुप्तांग कटा मिला शव, तंत्र-मंत्र के शक में दर्दनाक हत्या; जानकर रूह कांप जाएगी

ओडिशा के गजपति से तंत्र-मंत्र का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। डैम से एक शख्स का गुप्तांग कटा शव बरामद हुआ है।

डैम से शव बरामद- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT डैम से शव बरामद

ओडिशा के गजपति जिले में तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के राचागुड़ा गांव के पास हरभांगी डैम से एक 40 वर्षीय व्यक्ति, गोपाल मल्लिक का शव बरामद हुआ है। गोपाल की हत्या का आरोप गांव के कुछ लोगों पर लगा है, जिन्होंने उस पर तंत्र-मंत्र करने का शक जताया था। पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें से 6 मुख्य आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, 15 दिन पहले गांव के ही एक युवक सुभाष मल्लिक की पत्नी की अचानक मौत हो गई थी। बीमारी का कारण स्पष्ट नहीं था। इस मौत के बाद गांव में गोपाल मल्लिक के जादू-टोना करने की अफवाहें फैलने लगीं। इन अफवाहों के कारण शनिवार को सुभाष मल्लिक और कुछ अन्य ग्रामीणों ने गोपाल को उठा लिया और हरभांगी डैम के पास ले गए।

वहां उन्होंने गोपाल के साथ बेरहमी से मारपीट की, उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसके गुप्तांग भी काट दिए। इसके बाद उसके शव को डैम में फेंक दिया। रविवार सुबह जब डैम में शव तैरता हुआ मिला, तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को डैम से बाहर निकाला।

आरोपियों ने कैसे कबूला जुर्म?

गोपाल के परिजनों ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मोहना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव के करीब 14 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। लगातार पूछताछ के बाद, 6 मुख्य आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया और पुलिस को उस जगह की जानकारी दी, जहां शव को फेंका गया था।

गुप्तांग काट डैम में फेंक दिया

गजपति के एसपी जतिंद्र कुमार पंडा ने बताया, "हमें गोपाल मल्लिक की भाभी की लिखित शिकायत मिली थी। इसके आधार पर हमने जांच शुरू की और 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 6 लोगों ने हत्या को अंजाम दिया था, जबकि 8 लोगों ने उनकी मदद की थी।" एसपी ने आगे कहा, "आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गोपाल को गांव के पास से उठाया और हरभांगी डैम ले गए। वहां उसके हाथ-पैर बांधे, पत्थर से सिर और कान पर वार किया और उसके गुप्तांग भी काट दिए, जिसके बाद शव को पानी में फेंक दिया।"

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल हुए पत्थर, रस्सी और अन्य सामग्रियां जब्त कर ली हैं। इसके साथ ही, फरार होने के लिए इस्तेमाल किए गए तीन ऑटो को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने फायर सर्विस की टीम की मदद से शव को बाहर निकाला, जो काफी हद तक सड़ चुका था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की सही वजह और तरीके पर पूरी तरह से स्पष्टता आएगी। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

छत्तीसगढ़ के लोगों को बड़ी सौगात, इस नई एक्सप्रेस ट्रेन से सफर होगा आसान, तीन राज्यों से जुड़ा कनेक्शन

UP में बाढ़ का कहर, 14 जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

Latest India News