1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिजली विभाग ने कनेक्शन काटा तो शख्स ने किया ऐसा काम, आधे शहर में छा गया अंधेरा

बिजली विभाग ने कनेक्शन काटा तो शख्स ने किया ऐसा काम, आधे शहर में छा गया अंधेरा

केरल में एक शख्स ने शहर के कई ट्रांसफॉर्मरों से फ्यूज हटा दिया। इस वजह से आधे शहर की बिजली कुछ समय के लिए गुल रही।

आधे शहर की बिजली गुल। - India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE आधे शहर की बिजली गुल।

कासरगोड: केरल राज्य विद्युत बोर्ड (KSEB) के अधिकारियों ने एक हैरान करने वाली घटना का खुलासा किया है। अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति ने काफी समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया, जिस वजह से उसका कनेक्शन काट दिया गया था। इस बात का बदला लेने के लिए शख्स ने शहर के सात ट्रांसफार्मरों के फ्यूज हटा दिए। शख्स की इस हरकत की वजह से कासरगोड शहर के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली की आपूर्ति में यह व्यवधान शुक्रवार शाम लगभग 6.45 बजे हुआ। 

ट्रांसफार्मरों से हटा दिए थे फ्यूज

केएसईबी के एक अधिकारी ने बताया, "कुछ ही मिनटों के भीतर, हमें बिजली गुल होने की सूचना देने वाली कई फोन कॉल आने लगे। हालांकि, जब हमने बिजली के तारों की जांच की तो किसी भी प्रकार की कोई समस्या सामने नहीं आई।" बाद में, अधिकारियों ने ट्रांसफार्मरों के निरीक्षण के दौरान पाया कि फ्यूज हटा दिए गए थे। अधिकारी ने कहा, "जब हमने इलाके की तलाशी ली तो कई ट्रांसफॉर्मर के पास फयूज पड़े हुए मिले। कुछ फ्यूज क्षतिग्रस्त थे इसलिए हमें रात आठ बजे तक बिजली बहाल करने के लिए अतिरिक्त फ्यूज का इस्तेमाल करना पड़ा।" स्थानीय लोगों ने केएसईबी कर्मचारियों को बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को फ्यूज हटाते देखा था। 

मानसिक रूप से बीमार होने का दावा

अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति नेल्लीकुझी क्षेत्र का निवासी है। उन्होंने बताया, "यही व्यक्ति पहले भी अनुभाग कार्यालय में आया था। बिल का भुगतान न करने पर उसकी बिजली आपूर्ति काट दी गई थी जिसे लेकर उसने हंगामा किया था।" सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उस व्यक्ति ने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने का दावा किया। पुलिस ने कहा कि केएसईबी द्वारा आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद ही मामला दर्ज करने पर निर्णय लिया जाएगा। केएसईबी अधिकारियों ने कहा कि वे शनिवार को शिकायत दर्ज कराएंगे। इस घटना के कारण एक घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

नूंह से हिरासत में लिए गए दो डॉक्टर, अल फलाह यूनिवर्सिटी से निकला कनेक्शन; जांच जारी

'वहां तो कयामत थी... धुआं था, लाशें थीं, सिर थे', श्रीनगर ब्लास्ट के चश्मदीद ने बयां किया घटना का मंजर

Latest India News