Avalanche Uttarakhand: उत्तराखंड के चमोली में भीषण हिमस्खलन में 57 मजदूर दब गए। जिस इलाके में हिमस्खलन हुआ वहां सड़क निर्माण का काम चल रहा था। चमोली के माणा स्थित बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) के कैंप के पास ग्लेशियर फटने से यह बड़ा हादसा हुआ। 57 में से 32 मजदूरों को बचा लिया गया है। मौके पर राहत और बचाव दल लगातार काम में जुटा हुआ है। भारी बर्फबारी के चलते राहत और बचाव कार्य में परेशानी आ रही है।
घायल मजदूरों को माणा आर्मी कैंप में भेजा गया
पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता IG नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि बार्डर इलाके माणा में सीमा सड़क संगठन (BRO) के कैंप के पास भीषण हिमस्खलन हुआ है। इस हिमस्खल की चपेट में आकर 57 मजदूर फंस गए। इनमें से 32 मजदूरों को बचा लिया गया है। हालत गंभीर होने के चलते इन्हें माणा के पास आर्मी के कैंप में भेज दिया गया है। इस बीच, BRO(सीमा सड़क संगठन) के अधिशासी अभियंता CR मीना ने बताया कि मौके पर 57 मजदूर मौजूद थे। तीन से चार एंबुलेंस भी भेजी गई हैं, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण बचाव दल को वहां पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बर्फबारी से बढ़ी मुश्किलें
चमोली के डीएम संदीप तिवारी ने बताया था कि चमोली जिले में माना गांव से आगे ग्लेशियर फटने से 57 मजदूर फंस गए थे। मौसम खराब होने की वजह से कुछ समय तक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो पाया था। इलाके में लगातार बर्फबारी हो रही है। इस वजह से हेलीकॉप्टर वहां नहीं जा सकता है।जहां पर ग्लेशियर फटा है वह ऐसा इलाका है जो नो नेटवर्क जोन है। सेटेलाइट फोन भी वहां पर काम नहीं कर रहे हैं। हादसे का शिकार हुई टीम के साथ कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। हमारी कोशिश है कि सभी को रेस्क्यू किया जा सके। अब तक किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। इस बारे में ताजा अपडेट मिलने पर मीडिया को सूचित किया जाएगा।
Image Source : INDIA aTVहिमस्खलन
सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, 'जनपद चमोली में माणा गांव के निकट BRO द्वारा संचालित निर्माण कार्य के दौरान हिमस्खलन की वजह से कई मजदूरों के दबने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ITBP, BRO और अन्य बचाव दलों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा रहा है। भगवान बदरी विशाल से सभी श्रमिक भाइयों के सुरक्षित होने की प्रार्थना करता हूं।
इस एनडीआरएफ की टीम को भी घटनास्थल की ओर मूव कर दिया गया है। बदरीनाथ हाईवे के हनुमान चट्टी से आगे बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से एनडीआरएफ की टीम माणा कैंप तक भी नहीं पहुंच पाई है।
Latest India News