A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल में 'मेट्रो मैन' का 'एक्शन प्लान' तैयार, हाई-स्पीड रेल लाइन के लिए सर्वे पूरा करने के लक्ष्य में जुटे श्रीधरन

केरल में 'मेट्रो मैन' का 'एक्शन प्लान' तैयार, हाई-स्पीड रेल लाइन के लिए सर्वे पूरा करने के लक्ष्य में जुटे श्रीधरन

'मेट्रोमैन' के नाम से विख्यात ई. श्रीधरन ने केरल के विकास के लिए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने रविवार को घोषणा की कि वे तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल लाइन के लिए सर्वेक्षण (Survey) कार्य को बिना किसी देरी के आगे बढ़ाएंगे।

ई श्रीधरन- India TV Hindi
Image Source : ANI ई श्रीधरन

मलप्पुरम (केरल): केंद्रीय बजट में घोषित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में केरल को शामिल नहीं किया गया है लेकिन 'मेट्रोमैन' के नाम से मशहूर ई.श्रीधरन इससे निराश नहीं हैं। वे अपने काम में जुटे हुए हैं। उन्होंने रविवार को कहा कि वह राज्य में प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल लाइन के लिए सर्वेक्षण कार्य को आगे बढ़ाएंगे। श्रीधरन ने हाल ही में कहा था कि उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से बात की थी, जिन्होंने उन्हें तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक हाई-स्पीड रेल परियोजना के लिए समर्थन का आश्वासन दिया था। 

औपचारिक आदेशों का इंतजार नहीं

मलप्पुरम में पत्रकारों से बात करते हुए श्रीधरन ने कहा कि वह सोमवार को परियोजना के लिए एक कार्यालय खोलेंगे और औपचारिक आदेशों का इंतजार किए बिना काम शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा, "हमने आदेश का इंतजार करके समय बर्बाद न करने का फैसला किया है। केरल में मानसून जून-जुलाई तक शुरू हो जाता है, और उस समय सर्वेक्षण का काम नहीं किया जा सकता। कार्यालय सोमवार से काम करना शुरू कर देगा। यह भले ही बड़ा कार्यालय न हो, लेकिन लोग आकर काम कर सकेंगे।" 

डीपीआर की प्रक्रिया को तेजी से बढ़ाएंगे

श्रीधरन ने बताया कि इस कार्य के लिए लगभग 10-12 लोगों का चयन किया गया है, जिनमें से अधिकांश को कार्यस्थल पर नियुक्त किया गया है और कुछ को ऑनलाइन काम दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "हमने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।" श्रीधरन ने कहा कि प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल परियोजना केंद्र और राज्य सरकार का संयुक्त उद्यम होगी। उन्होंने कहा, "रेलवे मंत्रालय ने कहा है कि वह रेल लाइन का निर्माण करेगा। रिपोर्ट तैयार होने के बाद राज्य सरकार इसमें शामिल होगी और उनकी राय के लिए रिपोर्ट उन्हें भेजी जाएगी।" 

रेल मंत्री से मिले थे श्रीधरन

उन्होंने कहा कि उनकी मुलाकात रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से 16 जनवरी को हुई थी और उनके दफ्तर से हुई बातचीत से संकेत मिला था कि जल्द ही एक आदेश जारी किया जाएगा। श्रीधरन ने कहा कि उन्हें केंद्रीय बजट में केरल के लिए हाई-स्पीड रेल परियोजना की घोषणा की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा, "रेल मंत्री ने मुझे बताया था कि यह बजट में शामिल नहीं होगा। बजट में उल्लिखित सात परियोजनाएं बुलेट ट्रेन परियोजनाएं हैं। हमें यहां बुलेट ट्रेन की जरूरत नहीं है।"

 

Latest India News