देहरादून: उत्तराखंड में प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी की स्टेज पर ही तीखी आलोचना करने वाले मंत्री सुबोध उनियाल का एक बार फिर इस पूरे विवाद पर बयान सामने आया है। इस बार उन्होंने कहा है कि किसी के चेहरे पर नहीं लिखा होता है कि उसका स्वास्थ्य खराब है। मीडिया से बात करते समय, जब मंत्री सुबोध उनियाल से दलेर मेहंदी प्रकरण पर सवाल किए गए, उस वक्त उन्होंने ये बयान दिया। हालांकि उन्होंने इस दौरान दलेर को बड़ा कलाकार बताया और कहा कि अगर वह बड़े कलाकार नहीं होते तो उन्हें तो 36 लाख का ऑफर क्यों दिया जाता!
मंत्री सुबोध उनियाल ने और क्या कहा?
मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी प्रकरण पर कहा, "इस बारे में मुझे कुछ नहीं कहना। देखिए हमने तो शुरुआत भी नहीं की थी। अगर वो बड़े कलाकार ना होते तो उनको बुलाया क्यों जाता? बड़े कलाकार ना होते तो 36 लाख का ऑफर क्यों दिया, उनकी बात स्वीकार की जाती? बड़े कलाकार थे।"
मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा, "अगर स्वास्थ खराब है तो दो बातें हैं। मना भी किया जा सकता था और मंच पर जनता को भी कहा जा सकता था। मुझे भी बताया जा सकता था कि मेरा स्वास्थ्य ठीक नहीं है, मेरी तबीयत ठीक नहीं है क्योंकि ये कहीं चेहरे पर तो लिखा नहीं होता है कि किसी का स्वास्थ्य खराब है।"
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से दलेर मेहंदी प्रकरण लगातार चर्चा में बना हुआ है।
मीका सिंह ने हाल ही में की थी मंत्री सुबोध उनियाल से माफी की मांग
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गायक मीका सिंह ने कहा, “यह 100 प्रतिशत उनकी गलती है, और वे जानते हैं कि उन्हें इस मुद्दे पर बात करनी चाहिए। शायद वे सीधे इसका सामना नहीं करना चाहते और चाहते हैं कि मामला और बढ़े। मैं फिर भी सुबोध जी से यही कहूंगा कि अगर उनसे कोई गलती हुई है, तो उन्हें माफी मांग लेनी चाहिए। मैं यह नहीं कह रहा कि उन्हें सबके सामने आकर माफी मांगनी चाहिए। वे दलेर जी से बात कर सकते हैं और कह सकते हैं, "भाई, मुझसे गलती हो गई। ऐसा हो जाता है।"
इस मामले में दलेर के बेटे गुरदीप मेहंदी का भी बयान सामने आया था और उन्होंने इस मामले पर दुख जताया था।
ये भी पढ़ें-
दलेर मेहंदी प्रकरण पर मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा- "उनकी तबीयत खराब थी, तो उन्हें बता देना चाहिए था"
Latest India News