1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मॉनसून सत्र का दूसरा दिन भी हंगामेदार, सदन की कार्यवाही हुई स्थगित; यहां पढ़ें पडेट्स

मॉनसून सत्र का दूसरा दिन भी हंगामेदार, सदन की कार्यवाही हुई स्थगित; यहां पढ़ें पडेट्स

मॉनसून सत्र का दूसरा दिन भी हंगामेदार रहा। सत्र के दूसरे दिन भी विपक्ष के हंगामे के चलते कार्यवाही नहीं चल पाई। दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

मॉनसून सत्र का आज दूसरा दिन- India TV Hindi
Image Source : PTI मॉनसून सत्र का आज दूसरा दिन

संसद के मॉनसून सत्र का आज यानी मंगलवार को दूसरा दिन भी हंगामेदार रहा। राज्यसभा और लोकसभा, दोनों सदनों की कार्यवाही आज स्थगित कर दी गई है। कल पहले दिन सदन के अंदर विपक्ष के तेवर तीखे दिखे, तो वहीं संसद परिसर के बाहर भी विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला। NEET पेपर लीक मामला, राम मंदिर चढ़ावा विवाद और कई अन्य मुद्दों पर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में जुटा रहा। इसके चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित हुई।

लोकसभा में सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष लगातार सांसदों से अपील करते रहे कि "अपनी सीटों पर बैठें और नियमों के तहत चर्चा करें", लेकिन विपक्ष तत्काल चर्चा और जवाबदेही तय करने की मांग पर अड़ा रहा। वहीं, कल राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने NEET पेपर लीक से लेकर देश भर में छात्रों पर हुई सख्ती का मुद्दा उठाया। इसके बाद सदन में भारी शोर-शराबा शुरू हो गया।

दूसरी ओर, सरकार का रुख साफ है कि वह बहस से पीछे नहीं हट रही है, लेकिन सबकुछ संसदीय नियमों और मर्यादा के तहत होना चाहिए। सोमवार को सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर में अपने संबोधन में सार्थक चर्चा की उम्मीद जताई थी।

सदन की कार्यवाही से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़ें-

Latest India News

Live updates : Parliament Monsoon session LIVE

  • 2:16 PM (IST) Posted by Malaika Imam

    कल तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित

    लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कल यानी 22 जुलाई सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 

  • 1:38 PM (IST) Posted by Malaika Imam

    बीजेपी अपने मंत्रियों पर इस्तीफा देने का दबाव नहीं डाल पा रही: अखिलेश यादव

    अखिलेश यादव ने कहा, बीजेपी अपने मंत्रियों या सहयोगियों पर इस्तीफा देने का दबाव नहीं डाल पा रही है, ताकि वे लोग उनके राज न खोल दें। किसी ने सोचा भी नहीं था कि आजादी के बाद कोई सरकार युवाओं के साथ ऐसा बर्ताव करेगी। लोकतंत्र में यह कभी भी स्वीकार्य नहीं हो सकता।"

  • 1:36 PM (IST) Posted by Malaika Imam

    संसद का काम ही चर्चा करना है: शशि थरूर

    दिल्ली | कांग्रेस सांसद शशि थरूर कहते हैं, "यह वाकई बहुत दुखद स्थिति है। संसद का काम ही चर्चा करना है। हमारे सामने कई ऐसे मुद्दे हैं जो देश और इस राजधानी शहर में बहुत अहम हैं। हमने देखा कि कल क्या हुआ, और ऐसे हालात में अगर संसद इन पर चर्चा करने की जगह नहीं है, तो फिर कौन सी जगह है? मेरा मतलब है, मुझे कहना होगा कि सरकार इन मामलों में बहुत अड़ियल रवैया अपना रही है। मुझे लगता है कि स्पीकर को खुद मामले को अपने हाथ में लेना चाहिए और पूरी स्थिति पर खुली चर्चा बुलाकर संसद में इस गतिरोध को खत्म करना चाहिए। छात्रों का विरोध प्रदर्शन, भूख हड़ताल, लाठीचार्ज, हिंसा - 100 लोग राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हैं। आप ऐसे मामले को कैसे नज़रअंदाज़ कर सकते हैं? आप संसद को काम करने से कैसे रोक सकते हैं? सरकार का यह रवैया बिल्कुल गलत है। मुझे लगता है कि सरकार को अब तुरंत सदन में चर्चा करानी चाहिए। हमारे नेता और विपक्ष बोलने के लिए तैयार हैं। मुझे लगता है कि अब आपको संसद का इस्तेमाल लोकतंत्र के मंच के तौर पर करना चाहिए और देश के सामने देश के ज़रूरी मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। उन्हें बहुत पहले ही जवाबदेही तय कर देनी चाहिए थी। ज़िम्मेदारी तय करने या कार्रवाई करने के बारे में बात करने के लिए उन्होंने संसद तक का इंतज़ार क्यों किया? ये छात्र इस देश के नागरिक हैं। वे इस देश का भविष्य हैं। उनके साथ ऐसा व्यवहार न करें।"

  • 12:36 PM (IST) Posted by Malaika Imam

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का बयान

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "कल जो हुआ, उसके लिए मोदी जी ने माफी तक नहीं मांगी है। युवा शिक्षा और टेस्टिंग सिस्टम के खिलाफ विरोध कर रहे हैं। पूरा देश जानता है कि शिक्षा और टेस्टिंग सिस्टम को दीमक ने खोखला कर दिया है। प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं? उन्हें छात्रों से माफी मांगनी चाहिए और छात्रों की पिटाई की यह बकवास बंद करनी चाहिए।"

  • 12:04 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

    संसद में विपक्ष का जोरदार हंगामा लगातार जारी है। हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है।

  • 11:35 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    दूसरे दिन भी नहीं चल सका प्रश्नकाल

    मॉनसून सत्र के दूसरे दिन निचले सदन की बैठक शुरू होते ही अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराया। इसी दौरान कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्य अपनी मांगें उठाते हुए शोर-शराबा करने लगे। ओम बिरला ने आसन के पास नारेबाजी कर रहे विपक्षी दलों के सांसदों से प्रश्नकाल चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा, ''प्रश्नकाल चलाने में सहयोग करें। प्रश्नकाल के बाद उचित नियम प्रकियाओं के तहत सभी मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर दिया जाएगा।'' शोर-शराबे के बीच उन्होंने कार्यवाही कुछ मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

  • 11:32 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    केसी वेणुगोपाल ने दिया स्थगन प्रस्ताव का नोटिस

    कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा में "हमारी राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में गंभीर और जारी संकट पर चर्चा करने के लिए" स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

  • 11:19 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    विरोध-प्रदर्शन पर क्या बोलीं कंगना रनौत?

    कल संसद के बाहर CJP के विरोध-प्रदर्शन पर BJP सांसद कंगना रनौत ने कहा, "सभी सांसद संसद के अंदर थे। हम सभी डरे हुए थे, यह सोचकर कि भीड़ हम पर हमला कर सकती है। मैं दिल्ली पुलिस की तारीफ करती हूं कि उन्होंने ढाल बनकर लोगों को नुकसान नहीं पहुंचने दिया।"

  • 11:13 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    युवाओं का भविष्य तबाह कर रही सरकार: प्रियंका गांधी

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि युवाओं की समस्या "सच्ची और जायज" है और उनका भविष्य बर्बाद किया जा रहा है। पत्रकारों से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि छात्र और उनके परिवार एक बेहतर भविष्य की चाह में भारी त्याग करते हैं और वे सुने जाने के हकदार हैं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि यह बेहद शर्मनाक है। ये युवा हैं; इनकी समस्या जायज है। हम सब जानते हैं कि वह समस्या क्या है। जब भी वे पैसे खर्च करते हैं, उनके माता-पिता उनके लिए कर्ज लेते हैं। वे संघर्ष करते हैं, कोचिंग सेंटरों में जाते हैं और भारी कठिनाइयों का सामना करते हैं, क्योंकि वे एक उज्ज्वल भविष्य चाहते हैं। वे उस भविष्य की संभावना देखते हैं, और आप उसे बस तबाह कर रहे हैं।"

  • 11:11 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    राज्यसभा की कार्यवाही भी 12 बजे तक स्थगित

    राज्यसभा की कार्यवाही भी 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 

  • 11:06 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    12 बजे तक के लिए लोकसभा स्थगित

    लोकसभा दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

  • 10:32 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    कांग्रेस सांसद ने दिया स्थगन प्रस्ताव का नोटिस

    कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने लोकसभा में NTA द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं में "बार-बार प्रश्न पत्र लीक होने और परीक्षा में अनियमितताओं" को लेकर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

  • 10:28 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    NDA संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' शुरू

    NDA संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' शुरू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए के अन्य नेता नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर के जी.एम.सी. बालयोगी सभागार (पार्लियामेंट लाइब्रेरी बिल्डिंग) में आयोजित इस बैठक में शामिल हो रहे हैं।