1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मच्छर से बचने के लिए कमरे में धुआं करके सोए, सुबह मां और दो बेटों का मिला शव; मचा हड़कंप

मच्छर से बचने के लिए कमरे में धुआं करके सोए, सुबह मां और दो बेटों का मिला शव; मचा हड़कंप

ढेंकनाल जिले में एक महिला और उसके दो बेटों की दम घुटने से मौत हो गई। तीनों लोग कमरे में मच्छर से बचने के लिए धुआं करके सो रहे थे। इसी दौरान दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

दम घुटने से हुई तीन लोगों की मौत। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दम घुटने से हुई तीन लोगों की मौत।

ओडिशा के ढेंकनाल जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कंटाबणिया थाना क्षेत्र के असनबेनिया कॉलोनी साही में एक बंद घर से मां और उसके दो बेटों के शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान 56 साल की गोलाप साहू और उनके दो बेटों- भरत साहू (32) और लिपुन साहू (24) के रूप में हुई है। हालांकि मौत के सही कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि सर्दी से बचने के लिए कमरे के भीतर कोयले की अंगीठी जलाकर सोने के कारण दम घुटने से तीनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बंद कमरे में धुआं भरने से यह हादसा हुआ।

कमरे में बेसुध मिले मां और दो बेटे

जानकारी के अनुसार, टाटा कारखाना परियोजना के कारण जमीन चले जाने के बाद अंतर्यामी साहू का परिवार इस विस्थापित कॉलोनी में रह रहा था। अंतर्यामी और उनके बेटे मजदूरी का काम करते थे। घटना वाली रात सभी ने साथ बैठकर खाना खाया था। इसके बाद अंतर्यामी साहू और उनकी दूसरी पत्नी अलग कमरे में सोने चले गए, जबकि पहली पत्नी गोलाप और उनके दोनों बेटे इसी कमरे में सोए थे। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के अन्य लोगों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो अंदर तीनों बेसुध पड़े मिले। आनन-फानन में उन्हें अंगुल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही कंटाबणिया थाना पुलिस और हिंदोल एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामले में तीन अलग-अलग अपमृत्यु के केस दर्ज किए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हिंदोल के एसडीपीओ एस के नंदा ने कहा, "असनबेनिया गांव में एक महिला और उनके 2 बेटे, जिनकी उम्र 32 साल और 24 साल है। कल रात का खाना खाने के बाद सभी एक कमरे में सोए थे। आज सुबह जब उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो उनके मझले बेटे ने दरवाजा तोड़ा और देखा कि वे बेसुध पड़े हैं। परिवार के लोग और स्थानीय निवासियों ने मिलकर इसी अवस्था में उन्हें अंगुल जिले के सरकारी अस्पताल लेकर गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।" 

केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

एसडीओपी ने आगे बताया, "अंगुल थाने में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। चूंकि घटना असनबेनिया गांव और इलाका कंटाबणिया थाने के अंतर्गत आता है, लिहाजा जिला एसपी के तत्वावधान में हम मामले की जांच कर रहे हैं। इलाके से हमनें कई सबूत जुटाए हैं। अभी मामले की जांच जारी है। एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट और टीम ऑफ डॉक्टर्स के द्वारा इंक्वेस्ट रिपोर्ट तैयार की जा रही है। डॉक्टरों की टीम के द्वारा पोस्टमार्टम की जाएगी। विसरा रिपोर्ट भी जांच के लिए भेजी जाएगी जिसके बाद स्पष्ट कारणों का पता चल पाएगा। घटनास्थल पर कोयला पड़ा हुआ है,जो जली हुई स्थिति में है। मृतकों के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं है,कमरा अंदर से बंद था। पोस्टमार्टम में मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा।" (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें- 

संभल में मुस्कान जैसा कांड, पति की हत्या कर ग्राइंडर से किए कई टुकड़े; प्रेमी संग महिला गिरफ्तार

VIDEO: शराब के नशे में धुत युवक के लड़खड़ाए कदम, पलक झपकते ही बस के नीचे आया; हुई मौत

Latest India News