A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. NEET पेपर लीक मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार

NEET पेपर लीक मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार

सीबीआई ने जयपुर से तीन, गुरुग्राम से एक और नासिक से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही देशभर में कई ठिकानों पर छापेमारी कर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

सीबीआई- India TV Hindi
Image Source : X@CBIHEADQUARTERS/PTI सीबीआई

नई दिल्ली:  सीबीआई ने NEET UG-2026 परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही देशभर में कई ठिकानों पर छापेमारी भी की गई है। 3 आरोपी जयपुर से, 1 गुरुग्राम से और 1 आरोपी को नासिक से गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई ने 12 मई को दर्ज किया था मामला

सीबीआई ने 12 मई 2026 को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में NEET UG-2026 परीक्षा के संचालन में अनियमितता और पेपर लीक के आरोप लगाए गए थे। एफआईआर में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और पब्लिक एग्जामिनेशन (अनफेयर मीन्स प्रिवेंशन) एक्ट 2024 की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।

देशभर में कई जगहों पर तलाशी अभियान

अब तक सीबीआई ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 आरोपी जयपुर से, 1 गुरुग्राम से और 1 नासिक से पकड़ा गया है। इसके अलावा कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसी ने देशभर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान भी चलाया। छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

सीबीआई इस मामले में राजस्थान एसओजी के साथ भी कोआर्डिनेट कर रही है, जिसने शुरुआती जांच की थी। एजेंसी तकनीकी और फॉरेंसिक विश्लेषण के जरिए पेपर लीक से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीबीआई का कहना है कि मामले की निष्पक्ष, व्यापक और पेशेवर तरीके से जांच जारी रहेगी।

आरोपी दिनेश ने क्या बताया?

वहीं इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी दिनेश ने 10 बच्चों को गेस पेपर बेचा था और उनसे कैश में पैसा लिया था। साथ ही दिनेश ने यह भी बताया कि उसने गुरुग्राम के यश से गेस पेपर लिया था। दिनेश बिवाल जयपुर ग्रामीण बीजेपी युवा मोर्चा का जिला मंत्री है। साथ ही सीबीआई ने जयपुर जिले जमवा रामगढ़ कस्बे से दो भाईयों को गिरफ्तार किया है।

NEET पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका

  1. नासिक के शुभम को पुणे से गेस पेपर मिला।
  2. यश गुरुग्राम का रहने वाला है, नासिक से शुभम ने यश को गेस पेपर दिया।
  3. मांगीलाल और दिनेश भाई हैं, दिनेश बीजेपी युवा मोर्चा का नेता है। दिनेश ने पैसे लेकर यश से गेस पेपर लिया और सीकर में नगद पैसों में 10 स्टूडेंट्स को बेचा।
  4. विकास दिनेश का बेटा है और सीकर में NEET की पढ़ाई कर रहा है, इसके दोस्तों को गैस पेपर बेचा गया।
  5. इन सभी को एसओजी ने हिरासत में लिया था, पूछताछ के बाद इन सभी पांचों को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है साथ ही और भी संदिग्धों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया जा सकता है। 
  6. सभी को कोर्ट में पेश करके इनकी ट्रांजिट रिमांड लेकर दिल्ली लाया जाएगा।

 

Latest India News