A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. धमकी भरे ईमेल भेजने वाला शख्स NET क्वॉलिफाइड, पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे

धमकी भरे ईमेल भेजने वाला शख्स NET क्वॉलिफाइड, पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे

दिल्ली पुलिस ने धमकी भरे ईमेल भेजने वाले NET क्वालिफाइड आरोपी श्रीनिवास लुईस को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि वह न्याय व्यवस्था से नाराज था और इसी वजह से पुलिस और कोर्ट उसके निशाने पर थे। आरोपी ने भारत के साथ पाकिस्तान में भी धमकी भरे संदेश भेजे थे।

Delhi threat email, Srinivas Lewis arrest, Delhi Police investigation email threat- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस की गिरफ्त में आरोपी श्रीनिवास लुईस।

नई दिल्ली: दिल्ली और देश के कई हिस्सों में धमकी भरे ईमेल भेजने वाले आरोपी श्रीनिवास लुईस को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी 6 दिन की पुलिस रिमांड पर है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। इस बीच पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मैसूर के शहरी इलाके में रहता था और उसके परिवार में सिर्फ उसकी मां ही उसके साथ रहती है। शुरुआती जांच में पता चला है कि मैसूर में उसका एक जमीन विवाद चल रहा था, जिसमें उसके पिता को हिस्सा नहीं मिल रहा था। इसी कारण वह कानून की पढ़ाई करना चाहता था।

न्याय व्यवस्था से नाराज चल रहा था शख्स

पूछताछ में पता चला है कि कोर्ट से न्याय नहीं मिलने के कारण वह न्याय व्यवस्था से नाराज चल रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी NET (नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट) क्वालिफाइड है और पहले असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में काम कर चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ज्यादातर धमकी भरे ईमेल अपने मोबाइल फोन से भेजता था। फिलहाल उसका फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जिससे और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। डिवाइस को कब्जे में लेने के लिए पुलिस टीम उसे मैसूर भी लेकर गई है।

पाकिस्तान में भी भेजे थे धमकी भरे ईमेल

आरोपी का मुख्य निशाना कोर्ट और पुलिस विभाग थे। वह एक ही दिन में कई बार और अलग-अलग जगहों पर ईमेल भेजता था। उसने कई ईमेल सुप्रीम कोर्ट तक भी भेजे थे। उसके ज्यादातर ईमेल कन्नड़ और अंग्रेजी भाषा में होते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने IP एड्रेस को छिपाने में काफी माहिर था, जिससे उसे पकड़ना मुश्किल हो रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता था। चौंकाने वाली बात यह भी है कि उसने सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के कुछ शहरों में भी धमकी भरे ईमेल भेजे थे।

Latest India News